होम / टीवी / टीवी जर्नलिस्ट चारुल मलिक ने India TV को कहा अलविदा, बताई यह वजह
टीवी जर्नलिस्ट चारुल मलिक ने India TV को कहा अलविदा, बताई यह वजह
जानी-मानी एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट चारुल मलिक ने इंडिया टीवी में अपनी पारी को विराम दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
जानी-मानी एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट चारुल मलिक ने 'इंडिया टीवी' में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह करीब छह साल से इस चैनल में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर और एंकर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। यहां वे ‘सास बहू और संस्पेंस’ शो होस्ट करती थीं। हालांकि, कोरोना के चलते इस शो को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। फिलहाल वह यहां ‘तलाश एक सितारे की’ नाम से शो को प्रड्यूस व होस्ट करती थीं।
समाचार4मीडिया के साथ बातचीत में चारुल मलिक ने बताया कि 13 मई को चैनल के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था और इसके बाद उन्होंने इसे रिन्यू नहीं कराया है। चारुल के अनुसार, इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा चाहते थे कि वह चैनल छोड़कर नहीं जाएं, लेकिन वह उन्हें एंटरटेनमेंट शो की जगह न्यूज व अन्य शोज के लिए दिल्ली बुलाना चाहते थे और वह मुंबई व एंटरटेनमेंट शोज नहीं छोड़ना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने चैनल के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाया।
चारुल मलिक ने बताया कि उनके पास फिलहाल कई जगह से नौकरी के ऑफर हैं, लेकिन अभी वह कुछ दिन आगे की प्लानिंग करेंगी और इसके बाद ही कहीं जॉइन करेंगी। बता दें कि चारुल मलिक को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 15 साल का अनुभव है। इससे पहले वह ‘आजतक’ में बतौर एसोसिएट एडिटर (एंटरटेनमेंट) कार्यरत थीं।
मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वालीं और दिल्ली में जन्मीं चारुल ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘जैन टीवी’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘सहारा समय’, ‘एबीपी न्यूज’, ‘न्यूज नेशन’ और ‘आजतक’ न्यूज चैनल के साथ काम किया।
कई एंटरटेनमेंट कार्यक्रमों में एंकरिंग कर चुकीं चारुल जब ‘आजतक’ में थीं, तब उनका नाम ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया था। यह अवॉर्ड उन्हें वर्ष 2010 में प्रदीप सरकार की फिल्म ‘लफंगे-परिंदे’ के लिए दीपिका पादुकोण का स्कैटिंग करते हुए करीब एक घंटे से ज्यादा समय लाइव इंटरव्यू करने के लिए दिया गया था। बता दें कि इस तरह का प्रयोग करने वाली चारुल मलिक पहली न्यूज एंकर हैं। चारुल मलिक को बेस्ट एंटरटेनमेंट एंकर के लिए ‘दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड्स’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
टैग्स इंडिया टीवी इस्तीफा एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट चारुल मलिक