होम / टीवी / जानें, विदेशों में भारत विरोधी हरकतों पर TV9 भारतवर्ष से क्या बोले प्रकाश जावड़ेकर
जानें, विदेशों में भारत विरोधी हरकतों पर TV9 भारतवर्ष से क्या बोले प्रकाश जावड़ेकर
‘टीवी9 भारतवर्ष’ पर वरिष्ठ टीवी पत्रकार निशांत चतुर्वेदी से बातचीत में सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने किसान आंदोलन और भारत बंद को लेकर अपनी राय रखी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
भारत में कृषि कानूनों को लेकर किसान भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर हैं। देश की राजधानी नई दिल्ली में चल रहे इन प्रदर्शनों पर पूरी दुनिया की निगाहें भी टिकी हैं। ऐसे में जब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडों ने किसानों के साथ समर्थन जाहिर किया, तो सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जस्टिन ट्रूडो के भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल, जस्टिन ट्रूडो भारत में चल रहे किसान आंदोलन को खुलकर समर्थन दे रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘टीवी9 भारतवर्ष’ के सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर निशांत चतुर्वेदी के साथ खास बातचीत में प्रकाश जावड़ेकर का कहना था कि विदेशों में भारत विरोधी हरकतें और नारेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रकाश जावड़ेकर का कहना है कि जस्टिन ट्रूडो के बयान पर भारत के विदेश विभाग ने पहले ही अपनी सख्त नाराजगी जताई है। उनके वकील को बुलाकर भी कहा है और इस मामले में स्टेटमेंट भी जारी किया है।
इस बातचीत के दौरान जावड़ेकर का कहना था, ‘मुझे दूसरी चीज महत्वपूर्ण लगती है। लंदन में प्रदर्शन हुए, न्यूयॉर्क में हुए और कनाडा में हुए, वहां खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे, खालिस्तान के समर्थन की तस्वीरें दिखाई गईं, तो ये बहुत गड़बड़ है।’
मुझसे ख़ास बातचीत में केंद्रीय मंत्री @PrakashJavdekar जी ने दो टूक कहा की विदेशों में भारत विरोधी हरकतें और नारेबाज़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी#JustineTrudeau #Khalistan https://t.co/LT2LycdXVl
— Nishant Chaturvedi (@nishantchat) December 8, 2020
गौरतलब है कि गुरु नानक देव की 551वीं जयंती पर एक ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हुए ट्रूडो ने अपने बयान में किसान आंदोलन का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि भारत से किसानों के आंदोलन की खबर आ रही है। स्थिति चिंताजनक है और हम सभी अपने परिवार-दोस्तों को लेकर फिक्रमंद हैं। आंदोलन से समर्थन जताते हुए ट्रूडो ने आगे कहा था, 'कनाडा हमेशा शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के अधिकार का बचाव करेगा। हम बातचीत में विश्वास करते हैं। हमने भारतीय प्रशासन के सामने अपनी चिंताएं रखी हैं। यह वक्त सबके साथ आने का है।'
वहीं ट्रूडो से पहले कनाडा के रक्षामंत्री हरजीत सिंह ने ट्विटर पर लिखा था, 'भारत में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर क्रूरता दिखाना परेशान करने वाला है। मेरे क्षेत्र के कई लोगों के परिवार वहां हैं और उन्हें अपने लोगों की चिंता है। स्वस्थ लोकतंत्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत देते हैं। मैं इस मूलभूत अधिकार की रक्षा की अपील करता हूं।'
यहां देखें वीडियो-
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्री निशांत चतुर्वेदी टीवी9 भारतवर्ष टीवी शो प्रकाश जावड़ेकर जस्टिन ट्रूडो