होम / टीवी / 'दूरदर्शन' में नौकरी के लिए अप्लाई करने से पहले हो जाइए सावधान, कीजिए पूरी तहकीकात
'दूरदर्शन' में नौकरी के लिए अप्लाई करने से पहले हो जाइए सावधान, कीजिए पूरी तहकीकात
प्रसार भारती के एडिशनल डायरेक्टर की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘दूरदर्शन’ (Doordarshan) में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। प्रसार भारती के एडिशनल डायरेक्टर की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। ‘हिन्दुस्तान’ में छपी एक खबर के मुताबिक, जालसाजों ने रजिस्ट्रेशन, मेडिकल और अन्य मदों में एक पीड़ित से 50 से 55 हजार रुपए तक वसूले और बाद में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए।
इन नियुक्ति पत्रों को लेकर उम्मीदवारों ने जब नौकरी के लिए दूरदर्शन में संपर्क करना शुरू किया, तब इस मामले का खुलासा हुआ। दूरदर्शन के अधिकारियों का कहना था कि भर्ती के लिए कोई विज्ञापन निकाला ही नहीं गया और ये नियुक्ति पत्र फर्जी हैं। इस तरह के कई मामले सामने आने पर एडिशनल डायरेक्टर ने क्राइम ब्रांच को मामले से अवगत कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि शातिरों ने फर्जीवाड़े के लिए करीब डेढ़ साल पहले फर्जी वेबसाइट बनाई और उस पर दूरदर्शन का लोगो लगाकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया। जांच में यह भी पता चला कि जालसाजों ने अपना अकाउंट खोलने और मोबाइल नंबर लेने के लिए फर्जी डॉक्यूमेंट्स का सहारा लिया था।
टैग्स दूरदर्शन फर्जीवाड़ा नौकरी के नाम पर ठगी