होम / टीवी / फिर धूम मचाने आया Enba, इनके कंधों पर होगा जूरी का दारोमदार
फिर धूम मचाने आया enba, इनके कंधों पर होगा जूरी का दारोमदार
देश में टेलिविजन न्यूज इंडस्ट्री को नई दिशा देने और इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम योगदान देने वालों को दिया जाता है ये अवॉर्ड
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश में टेलिविजन न्यूज इंडस्ट्री को नई दिशा देने और इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए बहुप्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) का आयोजन इस बार 22 फरवरी को नोएडा के रेडिसन ब्लू होटल में किया जाएगा।
इनबा के 12वें एडिशन के तहत अवॉर्ड्स पाने वालों के नाम तय किए जाने के लिए 15 फरवरी को दिल्ली में जूरी मीट का आयोजन किया जाएगा। इस जूरी में राज्य सभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह चेयरपर्सन की भूमिका निभाएंगे। जूरी के अन्य सदस्यों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी।
बता दें कि हरिवंश नारायण वरिष्ठ पत्रकार और लेखक भी हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के रहने वाले हरिवंश नारायण ने बनारस हिंदी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। जयप्रकाश नारायण (जेपी) से प्रभावित होकर उन्होंने जेपी आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई और बतौर पत्रकार विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक मुद्दों पर लिखना शुरू कर दिया। पत्रकारिता में अपने 40 वर्षों से ज्यादा के करियर में उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर काफी लिखा है।
हरिवंश नारायण ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत टाइम्स ऑफ इंडिया समूह (मुंबई) से की और इस ग्रुप की मैगजीन धर्मयुग के लिए काफी समय तक अपने सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने कोलकाता में ‘एबीपी ग्रुप’ की हिंदी मैगजीन रविवार में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाली। 27 साल से ज्यादा समय तक (1990-2016) वह प्रभात खबर अखबार के चीफ एडिटर भी रहे हैं।
तत्कालीन प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के एडिशनल इंफॉर्मेशन एडवाइजर (जॉइंट सेक्रेटी) पद पर अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ ही वह विभिन्न सरकारी समितियों, आयोगों और बोर्ड्स में समय-समय पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें माधव सप्रे अवॉर्ड और महावीर प्रसाद द्वेदी अवॉर्ड भी मिल चुका है। वह कई पुस्तकों का लेखन/संपादन कर चुके हैं और अभी भी इस दिशा में जुटे हुए हैं।
हाल ही में हरिवंश नारायण सिंह व रविदत्त वाजपेयी द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर पर लिखी गई किताब ‘चंद्रशेखर: द लास्ट आइकन ऑफ आइडियोलॉजिकल पॉलिटिक्स’ (CHANDRA SHEKHAR: THE LAST ICON OF IDEOLOGICAL POLITICS) काफी चर्चा में है। इस किताब का विमोचन 24 जुलाई को दिल्ली में पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग के बालयोगी ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
टैग्स इनबा अवॉर्ड्स हरिवंश नारायण सिंह