होम / टीवी / 2024 में 8% की ग्रोथ के साथ टीवी पर बढ़ेगा विज्ञापन खर्च: PMAR
2024 में 8% की ग्रोथ के साथ टीवी पर बढ़ेगा विज्ञापन खर्च: PMAR
रिपोर्ट में बताया गया है कि टीवी पर विज्ञापन खर्च इस बढ़ते ऐहसास के कारण दबाव में रहने वाला है कि बहुत बड़ा निम्न मध्यम वर्ग ज्यादा आर्थिक दबाव में है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
बहुप्रतीक्षित 'पिच मैडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट 2024' (PMAR) का गुरुवार को मुंबई में मीडिया जगत के सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति में अनावरण किया गया। यह रिपोर्ट मीडिया व ऐडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री में विज्ञापन खर्च (AdEx) की भविष्यवाणियों का खुलासा करती है, जो बिजनेस के लिए मार्केटिंग स्ट्रैटजी के तरीकों में क्रांतिकारी बदलाव लाने में मदद करेगी।
पिच मैडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट के अनुसार, इस साल लीनियर टीवी का ग्रोथ जारी रहेगी, क्योंकि बड़े और अनुभवी ऐडवर्टाइजर्स को टीवी के जरिए ब्रैंड बनाने की ताकत पर विश्वास बना हुआ है। रिपोर्ट में उम्मीद जतायी गई है कि विज्ञापन खर्च (AdEx) के मामले में टीवी 2,700 करोड़ रुपये और जोड़ेगा और 2024 में 8% बढ़कर कुल 35,575 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। हालांकि, इस ग्रोथ के साथ, टीवी फिर से 1% हिस्सेदारी खो देगा और 32% पर स्थिर हो जाएगा।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि टीवी पर विज्ञापन खर्च (TV AdEx) इस बढ़ते ऐहसास के कारण दबाव में रहने वाला है कि बहुत बड़ा निम्न मध्यम वर्ग ज्यादा आर्थिक दबाव में है, लिहाजा खरीदारी कम करने और उपभोग सीमित रखने के लिए बाध्य है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि महंगे व बड़े प्रारूप वाले शो को प्रायोजित करने के लिए आगे आने में स्टार्टअप अनिच्छुक हैं, जो ब्रॉडकास्टर्स के लिए बड़े आकर्षक रहे हैं, लिहाजा इस वजह से अब टीवी पर विज्ञापन खर्च के मामले में भारी दबाव रहेगा। वहीं दूसरी तरफ, FMCG वॉल्यूम ग्रोथ बढ़ाना चाह रहा है, लिहाजा पिछले साल की तुलना में इस सेगमेंट के जरिए टीवी पर विज्ञापन खर्च में बढ़ोतरी दिखनी चाहिए।
टीवी पर विज्ञापन खर्च (TV AdEx) की ग्रोथ में मदद करने वाले सकारात्मक कारकों में टीवी द्वारा ब्रैंड-निर्माण शक्ति में विश्वास, क्रिकेट टूर्नामेंट IPL और ICC पुरुष टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप और आम चुनाव शामिल हैं।
यह रिपोर्ट न केवल भारतीय ऐडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री के भविष्य की ग्रोथ के बारे में पूर्वानुमान बताती है, बल्कि आने वाले ट्रेंड्स, चुनौतियों और अवसरों के बारे में भी काफी विश्लेषणात्मक जानकारी प्रदान करती है। साथ ही यह भी बताती है कि पिछले वर्ष विज्ञापन का पैसा कैसे और कहां खर्च किया गया था। इसके अतिरिक्त यह भी बताती है कि आने वाले साल से इंडस्ट्री को क्या उम्मीदें हैं, इसका व्यापक अध्ययन प्रदान करने के लिए प्रिंट, टीवी, डिजिटल, रेडियो, सिनेमा और ओओएच (OOH) जैसे हर विज्ञापन माध्यम का गहन विश्लेषण किया जाता है।
पिछले कुछ वर्षों में ‘पिच मैडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट’ इंडस्ट्री में एक बेंचमार्क बन गई है और इस रिपोर्ट को अकसर मीडिया, प्रजेंटेशंस, कंपनी रिपोर्ट्स, कॉर्पोरेट बोर्डरूम्स और यहां तक कि मीडिया कंपनियों द्वारा दायर आईपीओ के दस्तावेजों में प्रस्तुत की जाती है।
'पिच मैडिसन विज्ञापन रिपोर्ट 2024' यहां से डाउनलोड करें-
Pitch Madison Advertising Report 2024
टैग्स मीडिया टीवी विज्ञापन खर्च पिच मैडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट मैडिसन वर्ल्ड ऐडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री पिच