होम / टीवी / पतंजलि योगपीठ ने न्यूज चैनल के संपादक के खिलाफ दर्ज कराई FIR, लगाया ये आरोप
पतंजलि योगपीठ ने न्यूज चैनल के संपादक के खिलाफ दर्ज कराई FIR, लगाया ये आरोप
पतंजलि योगपीठ ने एक न्यूज चैनल पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और ब्लैकमेल कर पैसे मांगने का आरोप लगाया है और प्रधान संपादक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पतंजलि योगपीठ ने एक न्यूज चैनल पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और ब्लैकमेल कर पैसे मांगने का आरोप लगाया है और प्रधान संपादक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर हरिद्वार जिले के थाना बहादराबाद में मामला दर्ज किया गया है।
पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट के विधि अधिकारी राजू वर्मा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की अदालत में बताया कि न्यूज चैनल हिन्दी खबर के प्रधान संपादक व एंकर अतुल अग्रवाल कई सालों से पतंजलि व ट्रस्ट से जुड़े संस्थानों और उनके उत्पादों को लेकर विज्ञापन प्रसारित करते आ रहे हैं। कुछ दिन पहले पतंजलि ने न्यूज चैनल को विज्ञापन देना बंद कर दिया था। आरोप है कि उसके बाद से अतुल अग्रवाल ने पतंजलि योगपीठ, बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के खिलाफ रंजिशन, गलत और भ्रामक खबरें चलाते हुए उनकी मानहानि की और योग व हिंदू धर्म संस्कृति पर सवाल उठाते हुए धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
तहरीर में बताया गया कि विज्ञापन बंद होने के बाद अतुल अग्रवाल आचार्य बालकृष्ण से मिले और उनको विज्ञापन फिर से शुरू करने के लिए कहा। विज्ञापन न शुरू करने पर भयंकर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद चैनल की डिबेट में बाबा रामदेव को लाला रामदेव कहकर संबोधित किया गया। साथ ही आचार्य बालकृष्ण के नेपाली मूल होने पर भी गलत टिप्पणी की गई और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की गई।
वहीं, एसएसपी हरिद्वार सेंथिल अवुडई कृष्णा राज एस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष बहादराबाद को जांच के आदेश दे दिए गए हैं, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टैग्स न्यूज चैनल एंकर प्रधान संपादक हिन्दी खबर अतुल अग्रवाल पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट