होम / टीवी / देखिए, कैसे NDTV के साथ 'कॉमेडी' कर गए भाजपा नेता किरीट सोमैया
देखिए, कैसे NDTV के साथ 'कॉमेडी' कर गए भाजपा नेता किरीट सोमैया
पत्रकारों के तीखे सवालों से बचने के लिए नेता अक्सर कुछ न कुछ ऐसा कर जाते हैं, जो चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसे नेताओं की फेहरिस्त में अब भाजपा के किरीट सोमैया का नाम भी शामिल हो गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
पत्रकारों के तीखे सवालों से बचने के लिए नेता अक्सर कुछ न कुछ ऐसा कर जाते हैं, जो चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसे नेताओं की फेहरिस्त में अब भाजपा के किरीट सोमैया का नाम भी शामिल हो गया है। हालांकि, उन्होंने जो किया उसे देखकर आपको गुस्से से ज्यादा हंसी आएगी। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग किरीट की ‘कथनी’ को तेजी से वायरल कर रहे हैं। दरअसल, हुआ यूं कि नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में माहौल बनाने के भाजपा के अभियान के तहत किरीट सोमैया मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां माटुंगा स्थित दयानंद बालक-बालिका विद्यालय के बच्चे बड़े पैमाने पर मौजूद थे। बच्चों को कानून की ‘एबीसीडी’ से अवगत कराया गया। इतना ही नहीं, उनसे प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखने को भी कहा गया। कानून का विरोध करने वाली जनता को छोड़कर बच्चों के 'ज्ञानवर्धन' की यह खबर जब आम हुई मीडियाकर्मी भी सवालों का पिटारा लेकर वहां पहुंच गए।
इस दौरान ‘एनडीटीवी’ के रिपोर्टर सोहित राकेश मिश्रा ने किरीट सोमैया से बच्चों को नागरिकता संशोधन कानून का पाठ पढ़ाने को लेकर सवाल किया, तो पहले उन्होंने अन्य नेताओं की तरह कैमरे और माइक से पीछा छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होने की स्थिति में जहां थे वहीं जम गए। उन्होंने न नजरें चुराईं और न ही पूरी तरह खामोश रहे। हर सवाल पर बस यही कहते रहे कि ‘मैंने आपको जवाब दे दिया है।’ इस तरह के जवाब की उम्मीद शायद पत्रकार सोहित राकेश मिश्रा ने भी नहीं की होगी। हालांकि, जल्द ही उन्हें अहसास हो गया कि नेताजी सवालों के दर्द को शब्दों में बयां करने की स्थिति में नहीं हैं, इसलिए उनका ‘ज़ुबानी कांटा’ एक ही जगह अटक गया है।
सोहित ने एक ही सवाल को कई तरह से पूछा, इस उम्मीद में कि शायद किरीट सोमैया शब्दों के जाल में उलझकर मन में चल रही उथल-पुथल या प्रश्नों से उपज रहे गुस्से को शांत करने के लिए कुछ कह जाएं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। सोमैया चेहरे पर हल्की सी मुस्कान लिए सोहित के सवाल रूपी तीरों के खत्म होने का इंतजार करते रहे और यही कहते रहे कि 'मैंने आपको जवाब दे दिया है।’ यह सिलसिला 27 बार चला और हारकर ‘एनडीटीवी’ के पत्रकार को अपने सवाल खत्म करने पड़े।
सोशल मीडिया पर किरीट सोमैया के इस खामोश ‘जवाब’ का जमकर मजाक बनाया जा रहा है। वरिष्ठ पत्रकार अजित अंजुम ने विडियो शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा है ’20 सवालों का एक ही जवाब देने का रिकॉर्ड बनाते भाजपा नेता किरीट सोमैया। इस रिपोर्टर की जितनी तारीफ की जाए कम है, क्योंकि...बाकी आप देखकर समझिये।’ अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा है ‘4 मिनट 16 सेकेंड के इस विडियो के आखिरी हिस्से को जरूर देखिये। मैंने पहली बार सवाल-जवाब का ऐसा सिलसिला देखा है। तोता और मशीन दोनों को मात देते किरीट सोमैया।’
रिपोर्टर ऐसा होता है https://t.co/ED63SsHGmV
— Ajit Anjum (@ajitanjum) January 14, 2020
4 मिनट 16 सेकेंड के इस वीडियो के आखिरी हिस्से को ज़रूर देखिए ...
— Ajit Anjum (@ajitanjum) January 14, 2020
मैंने पहली बार सवाल -जवाब का ऐसा सिलसिला देखा है . तोता और मशीन दोनों को मात देते किरीट सोमैया https://t.co/ZVjGPw6CVW
भाजपा नेता के इस खामोश ‘जवाब’ को आप यहां देख सकते हैं:
BJP नेता किरीट सोमैया का NDTV को अजीबो-गरीब जवाब#KiritSomaiya #BJP pic.twitter.com/TZxqFJ26HN
— NDTV Videos (@ndtvvideos) January 13, 2020
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स बीजेपी नेता नागरिकता कानून नागरिकता संशोधन कानून किरीट सोमैया