होम / टीवी / DNA के ‘DNA’ को बचाना बड़ी चुनौती, दरक रही है टीम!
DNA के ‘DNA’ को बचाना बड़ी चुनौती, दरक रही है टीम!
हिंदी टीवी न्यूज की दुनिया के नंबर वन शो ‘डीएनए‘ यानी ‘डेली न्यूज एंड एनालिसिस‘ ने टीआरपी की जो हाइट पाई है, अब उसको बचाना देश के सबसे पहले टीवी चैनल शुरू करने वाले संस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
हिंदी टीवी न्यूज की दुनिया के नंबर वन शो ‘डीएनए‘ यानी ‘डेली न्यूज एंड एनालिसिस‘ ने टीआरपी की जो हाइट पाई है, अब उसको बचाना देश के सबसे पहले टीवी चैनल शुरू करने वाले संस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
चैनल की लीगेसी के साथ-साथ इस शो की भी लीगेसी बड़ी है। ऐसे में शो के चेहरे के मूव करने के बाद अब टीम में भी बिखराव शुरू हो गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, वर्तमान टीम के दो विकेट चिटक गए हैं। रोजाना सेंचुरी ठोंकने वाली टीम के शेष खिलाड़ी भी नर्वस नाइंटी वाले मोड में आ गए हैं।
‘डीएनए‘ के एकमात्र हीरो थे सुधीर चौधरी। समय-समय पर इस शो के डायरेक्टर बदलते रहे। सिद्धार्थ त्रिपाठी, निखिल दुबे, राहुल गोयल और भरत कुमार ने अलग-अलग समय पर इस हिट शो को इसकी गरिमा के साथ बांधे रखा। ‘जी न्यूज‘ में बतौर इनपुट हेड कार्यरत शैलेश रंजन ने लंब समय तक पर्दे के पीछे रहकर रूटीन तौर पर इस शो को फाइन ट्यून किया, तो एक जमाने में रोहित सरदाना, उनके बाद सिद्दिनाथ और फिर पारितोष चतुर्वेदी ने शो का बेहतर आउटपुट दिया। वहीं, पूजा मक्कड़, अमित प्रकाश और विशाल पांडे की तिकड़ी इस शो के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग कर उम्दा कंटेंट परोसती रही है। पर अब समय का चक्र बदल गया है। शो की जान सुधीर चौधरी ‘आजतक‘ से जुड़ गए हैं, तो शैलेश रंजन अब ‘जी न्यूज‘ का हिस्सा नहीं हैं।
सिद्धार्थ त्रिपाठी करीब चार साल पहले ही ‘आजतक‘ का हिस्सा बन गए थे। निखिल दुबे आजकल ‘इंडिया टीवी‘ में बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर हैं। राहुल गोयल ‘न्यूज18 हिंदी‘ में सेवारत हैं और अब खबर आ रही है कि भरत कुमार ने भी ‘जी न्यूज‘ को बाय-बाय बोल दिया है। बताया जा रहा है कि भरत कुमार के साथ-साथ शो के लिए रिसर्च करने वाले बंदे ने भी रिजाइन कर दिया है।
किसी भी बड़े न्यूज चैनल से कोई भी बड़ा नाम हालिया तीन महीनों में चैनल से नहीं जुड़ा है। ऐसे में अब देखना होगा कि चैनल ‘डीएनए‘ की टीआरपी बरकरार रख पाता है या नहीं। अंदरखाने के सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार, ‘डीएनए‘ के अगले चेहरे के तौर पर मीडिया इंडस्ट्री के पांच बड़े चेहरों के साथ शुरुआती प्रपोजल पर बात हुई है। पर जब तक कुछ फाइनल नहीं हो जाता, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।
टैग्स जी न्यूज सुधीर चौधरी डीएनए शो रोहित रंजन