होम / टीवी / ‘Broadcast Editors Association’ ने 19 सितंबर को बुलाई आपात बैठक, उठेंगे प्रमुख मुद्दे
‘Broadcast Editors Association’ ने 19 सितंबर को बुलाई आपात बैठक, उठेंगे प्रमुख मुद्दे
इस बारे में ‘ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन’ के प्रेजिडेंट सुप्रिय प्रसाद की ओर से संस्था के सभी सदस्यों को मेल कर अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
देश भर के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय टेलीविजन न्यूज चैनल्स के संपादकों की सर्वोच्च संस्था ‘ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन’ (Broadcast Editors Association) ने 19 सितंबर को अपने सदस्यों की आपातकालीन मीटिंग बुलाई है। इस बारे में ‘ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन’ के प्रेजिडेंट सुप्रिय प्रसाद की ओर से संस्था के सभी सदस्यों को मेल किया गया है।
अपने मेल में ‘आजतक’, ‘गुड न्यूज टुडे’ व ‘इंडिया टुडे’ के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद ने लिखा है, ‘लंबे समय के बाद मैं आप सभी को यह मेल लिख रहा हूं। जैसा कि आप सभी को पता है कि कोरोना के कारण न तो संस्था की मीटिंग और न ही चुनाव समय पर हो सके। हाल ही में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (I.N.D.I.A) द्वारा 14 प्रमुख टीवी एंकरों का बहिष्कार किए जाने के फैसले ने हमें तत्काल पर मिलने के लिए मजबूर किया है। इसलिए बहुत ही कम समय के नोटिस पर यह बैठक बुलाई जा रही है।’
मेल के अनुसार, ‘संस्था की आकस्मिक बैठक 19 सितंबर, 2023 को नोएडा में फिल्म सिटी सेक्टर 16 ए में FC–8 स्थित इंडिया टुडे ग्रुप मीडियाप्लेक्स में दोपहर दो बजे से आयोजित की जा रही है, जिसके लिए आप सभी आमंत्रित हैं। कृपया बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।’
मेल के अनुसार, इस मीटिंग में ‘ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन’ की नई एग्जिक्यूटिव कमेटी के चुनावों के साथ-साथ I.N.D.I.A द्वारा कुछ पत्रकारों का बायकॉट करने के हाल ही में लिए गए फैसले पर चर्चा होगी। इसके अलावा संस्था के प्रेजिडेंट की अनुमति से अन्य मुद्दे भी उठाए जा सकेंगे और उन पर चर्चा होगी।
टैग्स सुप्रिय प्रसाद ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन प्रेजिडेंट अध्यक्ष बीईए