होम / टीवी / आजतक ने इस कैंपेन से बताया, कैसे है वह दूसरे न्यूज चैनल्स से अलग
आजतक ने इस कैंपेन से बताया, कैसे है वह दूसरे न्यूज चैनल्स से अलग
हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ ने अपनी लॉन्चिंग के 20 साल पूरे कर लिए हैं। इसी कड़ी में चैनल द्वारा पिछले दिनों ‘आजतक सबसे तेज’ नाम से कैंपेन की शुरुआत की गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) ने अपनी लॉन्चिंग के 20 साल पूरे कर लिए हैं। इसी कड़ी में चैनल द्वारा पिछले दिनों ‘आजतक सबसे तेज’ (AajTakSabseTez) नाम से कैंपेन की शुरुआत की गई है। जाने-माने लेखक व निर्देशक प्रदीप सरकार के निर्देशन में बने #AajTakSabseTez कैंपेन में पांच छोटी फिल्में हैं। इस सीरीज की पहली फिल्म 'सच का बैंड' शीर्षक से पिछले दिनों रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे कुछ न्यूज चैनल खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं। वहीं, अब इस सीरीज की दूसरी फिल्म लॉन्च की गई है, जिसका शीर्षक 'अचार गली' (Achaar Gully) रखा गया है। इस फिल्म के जरिये दिखाया गया है कि कैसे ‘आजतक’ मसालेदार खबरें दिखाने में विश्वास नहीं करता और तमाम न्यूज चैनल्स द्वारा अपनाए जाने वाले इस तरह के ट्रेंड से बिल्कुल अलग होकर काम करता है।
तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो चुके इस कैंपेन की मार्केटर्स और एजेंसियों में भी काफी चर्चा है। इस बारे में ‘ओएलएक्स’ (OLX) की सीएमओ सपना अरोड़ा का कहना है, ‘कोविड-19 के दौरान न्यूज चैनल्स की व्युअरशिप काफी बढ़ गई थी, क्योंकि उस दौरान तमाम सही-गलत खबरों की बाढ़ सी आई हुई थी। आजतक का यह कैंपेन काफी प्रशंसनीय कदम है, जिसके द्वारा बताया गया है कि न्यूज चैनल्स की भीड़ में कैसे वह दूसरों से अलग और सबसे तेज है।’
‘डाबर इंडिया लिमिटेड’ (Dabur India Ltd) के मीडिया हेड राजीव दुबे का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने के लिए ब्रैंड्स का सही न्यूज चैनल्स पर होना काफी महत्वपूर्ण है। दुबे के अनुसार, ‘मुझे अभी भी आजतक की लॉन्चिंग याद है, क्योंकि उस दौरान ही मेरे बेटे का जन्म हुआ था, जो आज 20 साल का हो चका है। हालांकि लोगों के पास देखने के लिए तमाम चैनल्स हैं, लेकिन वे आज भी आजतक को देखते हैं, क्योंकि यह ज्यादा लोगों को प्रभावित करता है, खासकर हिंदीभाषी लोगों के बीच यह काफी लोकप्रिय है।’
‘आइसोबार इंडिया’ (Isobar India) के सीईओ गोपा कुमार मेनन के अनुसार, ‘यह कैंपेन टीवी न्यूज इंडस्ट्री की स्थिति पर सही ढंग से प्रकाश डालता है और दर्शाता है कि सिस्टम में किस तरीके से क्या गलत हो रहा है। फिल्म अच्छी है और इसमें देश में वर्तमान न्यूज एनवायरमेंट का सटीक चित्रण है। मुझे लगता है कि न्यूज चैनल्स के लिए संतुलित दृष्टिकोण अपनाना समय की आवश्यकता है, जहां दोनों पक्षों के विचारों का सम्मान किया जाता है।’
‘ऑगिल्वी ग्रुप’ (Ogilvy Group) के चेयरमैन और चीफ क्रिएटिव ऑफिसर (82.5 Communications) सुमांतो चट्टोपाध्याय का मानना है कि इस तरह की आवाजें उठानी होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के कैंपेन से खबरों में गलत चीजों के बारे में समझने और उन्हें सही करने में मदद मिलेगी।
‘आजतक’ के इस नए कैंपेन के बारे में पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता का कहना है कि आज के समय में न्यूज चैनल्स काफी प्रतिस्पर्धी हो गए हैं। ऐसे में यह देखना काफी अच्छा है कि कुछ चैनल्स समस्या की जड़ों में जा रहे हैं और अच्छी पत्रकारिता कर रहे हैं।
कैंपेन के तहत जारी 'अचार गली' फिल्म को आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स आजतक न्यूज चैनल आलोक मेहता कैंपेन राजीव दुबे ओएलएक्स सबसे तेज स्टाइल डाबर सुमांतो चट्टोपाध्याय सपना अरोड़ा सबसे तेज कैंपेन प्रदीप सरकार