होम / टीवी / राष्ट्रपति से सवाल पूछने की महिला पत्रकार को मिली यह सजा!
राष्ट्रपति से सवाल पूछने की महिला पत्रकार को मिली यह सजा!
पत्रकारों के तीखे सवाल अक्सर नेताओं को परेशान कर देते हैं। कई बार इस ‘परेशानी’ की कीमत पत्रकारों को भी चुकानी पड़ती है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हाल ही में पुतिन ने साल की आखिरी प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की थी, जिसमें यमल-रीजन के न्यूज चैनल की पत्रकार अलीसा यारोव्स्काया भी उपस्थित थीं। सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू होने पर जब माइक पुतिन के प्रवक्ता द्वारा चिन्हित पत्रकार को दिया जा रहा था, तब अलीसा ने बीच में ही माइक खुद थामते हुए सवाल दागने शुरू कर दिए। उन्होंने राष्ट्रपति से अपने क्षेत्र में बन रहे पुल के निर्माण में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा ‘हमारे गवर्नर इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संघीय स्तर पर इस बारे में बहुत कम चर्चा होती है।’ इस पर पुतिन ने स्वीकार किया कि पुल का निर्माण एक महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, मगर उन्होंने इसमें तेजी लाने से अप्रत्यक्ष तौर पर इनकार कर दिया। उस वक्त सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन दो-तीन दिन बाद अलीसा यारोव्स्काया को अपना पद छोड़ना पड़ा।
खबरों के मुताबिक, अलीसा के चैनल ने उन्हें जो सवाल पूछने के लिए राष्ट्रपति की प्रेस कांफ्रेंस में भेजा था, उन्होंने उससे इतर सवाल पूछे। साथ ही जिस तरह से उन्होंने दूसरे पत्रकार की बारी पर खुद माइक थाम लिया, उसे लेकर चैनल प्रबंधन अलीसा से काफी खफा था। इसके अलावा, स्थानीय प्रशासन को भी पत्रकार का सवाल दागना पसंद नहीं आया है। अब चूंकि अलीसा जिस चैनल में काम करती थीं, वो सरकारी चैनल है इसलिए सरकार की नाराजगी का खामियाजा उन्हें अपनी नौकरी से हाथ धोकर चुकाना पड़ा है।
वेबसाइट Ura.ru ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि गवर्नर को भी अलीसा यारोव्स्काया का व्यवहार पसंद नहीं आया। वैसे, ये भी कहा जा रहा है कि अलीसा को नौकरी से निकालने के पीछे सवाल पूछने के साथ-साथ राष्ट्रपति पुतिन के बारे में उनके द्वारा किया गया पोस्ट भी है। दरअसल, अलीसा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ली गई पुतिन की फोटो पर उनके रूप-रंग और उम्र को लेकर कुछ ऐसा लिख दिया था, जो पुतिन समर्थकों को पसंद नहीं आया। हालांकि, इस पोस्ट को हटा दिया गया है।
टैग्स महिला पत्रकार व्लादिमीर पुतिन रूसी राष्ट्रपति अलीसा यारोव्स्काया