होम / टीवी / फेक न्यूज को मिटाने की ABP नेटवर्क ने छेड़ी मुहिम, IIM इंदौर से किया करार
फेक न्यूज को मिटाने की ABP नेटवर्क ने छेड़ी मुहिम, IIM इंदौर से किया करार
एबीपी नेटवर्क ने सोमवार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट इंदौर के साथ एक करार समझौता ज्ञापन यानी MoU पर हस्ताक्षर किए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश के अग्रणी मीडिया संस्थान एबीपी नेटवर्क (ABP Network) ने सोमवार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) इंदौर (IIM Indore) के साथ एक करार समझौता ज्ञापन यानी MoU पर हस्ताक्षर किए हैं। यह करार आपसी अकादमिक सहयोगपूर्ण ढांचे के माध्यम से सूचित व खुले समाज के विकास के लिए दोनों पक्षों के योगदान और पेशेवर दृष्टिकोण को मजबूत बनाएगा। इस समझौते के तहत दोनों पक्ष फेक न्यूज (Fake News) का सामाजिक-मनोवैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे और इस गंभीर मुद्दे को हल करने के लिए निवारक प्रणाली बनाएंगे।
यह साझेदारी झूठी व गलत खबरों (फेक न्यूज) से निपटने के लिए नीतिगत स्तर के हस्तक्षेपों और इनके विश्लेषण पर ध्यान केंद्रित करेगी। साझेदारी के माध्यम से एबीपी नेटवर्क और आईआईएम एक दूसरे के सहयोग से सूचित और खुले समाज के निर्माण को बढ़ावा देंगे और इसके लिए आवश्यक उपकरणों व प्रक्रियाओं पर संयुक्त रूप से अनुसंधान भी करेंगे। इसके अलावा भारत के नागरिकों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाने के लिए जागरुकता मॉड्यूल भी विकसित करेंगे।
इस साझेदारी के तहत एबीपी नेटवर्क व आईआईएम इंदौर दोनों के कर्मचारियों के लिए अल्पकालिक प्रशिक्षण/ अनुसंधान के अवसरों का प्रावधान भी होगा। इसके अलावा दोनों पक्ष आपसी हितों के लिए संयुक्त सेमिनार भी आयोजित करेंगे।
इस साझेदारी पर बात करते हुए एबीपी नेटवर्क के सीईओ अविनाश पांडे (Avinash Pandey) ने कहा कि इस करार से हम आने वाले वर्षों में आईआईएम इंदौर के साथ एक प्रोफेशनल संबंधों की आशा करते हैं। एबीपी नेटवर्क हमेशा इन्फॉर्म्ड एवं ओपन सोसायटी के दायरे को बढ़ाने के अपने कमिटमेंट पर खरा उतरा है। इस समझौते में शामिल होकर, हमारा उद्देश्य फेक न्यूज को जड़ से उखाड़ना है ताकि आम जनता जागरुक रह सके। हमें पूरा भरोसा है कि यह साझेदारी मेनस्ट्रीम मीडिया की रिसर्च में बहुत बड़ी भूमिका निभाएगी।
वहीं, इस मौके पर आईआईएम इंदौर के डायरेक्टर प्रोफेसर हिमांशु राय (Prof. Himanshu Rai) ने कहा कि मुझे बहुत प्रसन्नता है कि आईआईएम इंदौर और एबीपी नेटवर्क ये एमओयू साइन कर रहे हैं। आईआईएम इंदौर के मिशन स्टेटमेंट में सामाजिक जागरूकता मुख्य रूप से अग्रणी रहती है। इसी के तहत एबीपी नेटवर्क की ग्राउंड रीच और आईआईएम इंदौर की बौद्धिक उत्कृष्टता को मिला कर के हम एक जागरूक राष्ट्र के निर्माण करने की नींव रख रहे हैं। इसके अंतर्गत हम सर्वप्रथम फेक न्यूज़ के ऊपर शोध करके इसका निस्तारण करने का प्रयास करेंगे। हमारे अनुसार फेक न्यूज़ का प्रभाव न सिर्फ व्यक्तिगत मानसिकता पर पड़ता है बल्कि सामाजिक एकता व राष्ट्रीय सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है। हमारी यात्रा यहीं से प्रारंभ होती है।
टैग्स फेक न्यूज मीडिया संस्थान एबीपी नेटवर्क इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट आईआईएम इंदौर समझौता ज्ञापन