होम / टीवी / ABP माझा के इस कार्यक्रम में जुटीं हस्तियां, तमाम मुद्दों पर हुई चर्चा
ABP माझा के इस कार्यक्रम में जुटीं हस्तियां, तमाम मुद्दों पर हुई चर्चा
‘एबीपी माझा’ ने राजनीतिक घटनाक्रमों, जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों और सरकार के विभिन्न विचारों पर प्रकाश डालने के लिए 31 जुलाई को अपने फ्लैगशिप शो ‘माझा महाराष्ट्र माझा विजन’ का आयोजन किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश के अग्रणी मराठी न्यूज चैनल ‘एबीपी माझा’ (ABP Majha) ने राजनीतिक घटनाक्रमों, जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों और सरकार के विभिन्न विचारों पर प्रकाश डालने के लिए 31 जुलाई को अपने फ्लैगशिप शो ‘माझा महाराष्ट्र माझा विजन’ (Majha Maharashtra Majha Vision) का आयोजन किया।
कार्यक्रम में विभिन्न दलों के राजनेताओं समेत तमाम पत्रकारों ने भाग लिया और राज्य के वर्तमान हालातों पर चर्चा की। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति के बारे में बताते हुए कहा, ‘मुंबई लोकल अभी भी चल रही है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए लोकल ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है। मुंबई में स्थानीय परिवहन सेवा शुरू होगी या नहीं, यह तय करना राज्य सरकार के पास नहीं है। राज्य में आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के लिए परिवहन सेवा शुरू करने को लेकर हमें कई बार केंद्र सरकार से अनुरोध करना पड़ा।’
वहीं, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस बात पर जोर दिया कि लॉकडाउन समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यदि लॉकडाउन को और बढ़ाया जाता है तो उससे आर्थिक संकट पैदा हो जाएगा। इंडस्ट्री को सोशल डिस्टेंसिंग पर फोकस करना होगा। इसके साथ ही हाथ धोने और मास्क का इस्तेमाल करने की आदत को बढ़ावा देना होगा।’
इस कार्यक्रम को एबीपी माझा के एंकर राजीव खांडेकर, अभिजीत करंडे (Abhijit Karande), प्रसन्ना जोशी, ज्ञानदा चव्हाण और नम्रता वागले ने मॉडरेट किया। बता दें कि माझा विजन एक प्लेटफॉर्म है, जहां राज्य के प्रमुख मामलों पर विचार-विमर्श करने के लिए मंत्री आमने-सामने आते हैं और ज्वलंत मुद्दों पर अपनी राय साझा करते हैं। उन्हें अपनी राज्य के प्रति अपने लक्ष्यों और किए गए कामों की प्रगति को लेकर अपने रिपोर्ट कार्ड को साझा करने का मंच मिलता है।
इस समिट के बारे में ‘एबीपी नेटवर्क’ (ABP Network) के सीईओ अविनाश पांडे ने कहा, ‘माझा विजन एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां पर राजनेता एक साथ आते हैं और राज्य व राष्ट्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे समय में लोग जानना चाहते हैं कि इस बीमारी से निपटने के बारे में उनके राजनेताओं का क्या विजन है। माझा विजन उन्हें ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है, जहां पर वे आपस में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। एबीपी माझा के रूप में हमारा एकमात्र उद्देश्य दर्शकों को उनसे जुड़े सभी मुद्दों से अवगत कराना है।’
टैग्स उद्धव ठाकरे टीवी शोज एबीपी नेटवर्क माझा महाराष्ट्र माझा विजन