होम / टीवी / इस मीडिया समूह में मैनेजिंग एडिटर बने संजय पांडेय
इस मीडिया समूह में मैनेजिंग एडिटर बने संजय पांडेय
समाचार4मीडिया से बातचीत में संजय पांडेय ने बताया कि फिलहाल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान में इस समूह का चैनल ऑन एयर है। इसके अलावा राजस्थान में इस समूह का एक अखबार भी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वरिष्ठ पत्रकार संजय पांडेय ने ‘6tv’ समूह के साथ मीडिया में अपने नए सफर का आगाज किया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में संजय पांडेय ने बताया कि उन्होंने यहां पर बतौर मैनेजिंग एडिटर (नेशनल) जॉइन किया है। संजय पांडेय के अनुसार, फिलहाल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान में इस समूह का चैनल ऑन एयर है। इसके अलावा राजस्थान में इस समूह का एक अखबार भी है।
संजय पांडेय के अनुसार, जल्द ही यह समूह महाराष्ट्र में अपना चैनल लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके बाद अंग्रेजी नेशनल चैनल लॉन्च करने की भी योजना है। बता दें कि संजय पांडेय इससे पहले बतौर एसोसिएट एडिटर ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में अपनी भूमिका निभा रहे थे। ‘इंडिया टीवी‘ के साथ उनकी यह दूसरी पारी थी।
यहां वह ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) में अपनी करीब पांच साल लंबी पारी को विराम देने के बाद आए थे। ‘एबीपी न्यूज’ में वह सीनियर एडिटोरियल कंसल्टेंट के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। इसके अलावा वह ‘जी मीडिया’ में एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट और प्रसार भारती में कंसल्टेंट के तौर पर भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले संजय पांडेय को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव है। संजय पांडेय को कॉलेज के समय से ही लिखने-पढ़ने का काफी शौक था और वह उस दौरान ‘हिन्दुस्तान’ और ‘सहारा’ समेत तमाम अखबारों के लिए आर्टिकल लिखते थे। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक एक स्थानीय अखबार में भी काम किया। इसके बाद वह ‘बीएजी फिल्म्स‘ (अब न्यूज24) के साथ जुड़ गए और दो-ढाई साल यहां अपनी भूमिका निभाई।
इसके बाद उन्होंने ‘इंडिपेंडेंट मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (अब इंडिया टीवी) जॉइन कर लिया। यहां उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा के साथ काम किया और ‘आज की बात‘ और ‘जनता की अदालत‘ (अब आप की अदालत) जैसे जाने-माने टीवी शो तैयार करने में अपनी अहम जिम्मेदारी निभाई। करीब पांच साल यहां काम करने के बाद वह ‘डीडी न्यूज‘ चले गए। इसके अलावा उन्होंने ‘टाइम्स नाउ‘ के साथ भी काम किया है और इस चैनल की फाउंडर टीम का हिस्सा रहे हैं।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो संजय पांडेय ने हिस्ट्री से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। समाचार4मीडिया की ओर से संजय पांडेय को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स मैनेजिंग एडिटर नई पारी नियुक्ति संजय पांडेय अप्वॉइंटमेंट