होम / टेलिस्कोप / सैयारा की सुनामी में फंसी 'सन ऑफ सरदार 2' : जानें क्या है मामला
सैयारा की सुनामी में फंसी 'सन ऑफ सरदार 2' : जानें क्या है मामला
फिल्म 'सैयारा' बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। इस वजह से अजय देवगन की 'सन ऑफ सरदार 2' को अपनी रिलीज से पहले ही स्क्रीन्स की कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
बॉलीवुड की नई पीढ़ी के कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा ने अपनी फिल्म 'सैयारा' से ऐसा धमाका किया कि इंडस्ट्री को चौंका दिया। इस फिल्म की जबरदस्त सफलता ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान खड़ा कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ अजय देवगन की महत्वाकांक्षी फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' इस बवंडर में फंसती नजर आ रही है।
यह पहले से तय था कि अजय देवगन की ये फिल्म 1 अगस्त को देशभर में 3,500 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, अब यह संख्या घटकर 2,500 स्क्रीन्स तक सीमित हो सकती है। इसकी बड़ी वजह 'सैयारा' और 'महावतार नरसिम्हा' जैसी फिल्मों की मजबूत पकड़ है, जो फिलहाल थिएटर मालिकों को अच्छा मुनाफा दे रही हैं।
थिएटर संचालकों की मानें तो वो इन हिट फिल्मों को हटाना नहीं चाहते, जिससे 'सन ऑफ सरदार 2' के लिए स्क्रीन्स की उपलब्धता घट रही है। डिस्ट्रीब्यूटर्स की मांग है कि फिल्म को शो टाइमिंग्स का 60% हिस्सा मिले, लेकिन अधिकतर सिनेमाघरों ने सिर्फ 35% तक की सहमति जताई है।
सिंगल स्क्रीन थिएटर तो महज दो शो देने को तैयार हैं। वहीं मल्टीप्लेक्स चेन PVR और INOX ने इस पर नाराजगी जताई है। अब सवाल ये है कि क्या 'सन ऑफ सरदार 2' सीमित स्क्रीन्स के बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाएगी? फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 31 जुलाई की सुबह तक शो अलॉटमेंट पर आखिरी फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल निर्माता और थिएटर मालिकों के बीच बातचीत जारी है।
टैग्स