होम / टेलिस्कोप / रजनीकांत की फिल्म 'दरबार' को लेकर केबल ऑपरेटर ने की ऐसी हरकत, पहुंच गया जेल
रजनीकांत की फिल्म 'दरबार' को लेकर केबल ऑपरेटर ने की ऐसी हरकत, पहुंच गया जेल
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'दरबार' दुनियाभर के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। इसके बावजूद फिल्म मेकर्स की चिंता बढ़ गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'दरबार' (Darbar) दुनियाभर के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। फिल्म ने महज चार दिनों में ही वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इसके बावजूद फिल्म मेकर्स की चिंता बढ़ गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका पाइरेटेड वर्जन भी मार्केट में आ गया है और इसके लिए एक केबल ऑपरेटर को गिरफ्तार भी किया गया है।
बता दें कि फिल्म को रिलीज के तीन दिन बाद टीवी पर प्रसारित करने को लेकर इस केबल ऑपरेटर की गिरफ्तारी हुई है। घटना तमिलनाडु के मदुरै शहर की है। केबल ऑपरेटर पर आरोप है कि उसने फिल्म ‘दरबार’ के पाइरेटेड वर्जन को टीवी (Saranya TV) पर प्रसारित किया है, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, 10 जनवरी को रिलीज हुई रजनीकांत की फिल्म ‘दरबार’ के पाइरेटेड वर्जन को तीन दिन बाद टीवी पर प्रसारित कर दिया गया, जिसके बाद ‘दरबार’ की प्रॉडक्शन कंपनी लायका प्रॉडक्शंस (Lyca Productions) ने केबल ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए केबल ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि इस शुक्रवार को रजनीकांत की फिल्म ‘दरबार’ रिलीज हुई, जो 200 करोड़ रुपए के भारी भरकम बजट में बनी है। उम्मीद की जा रही थी कि फिल्म की ओपनिंग करीब 75 करोड़ रुपए की रहेगी, क्योंकि इस फिल्म को दुनियाभर में 7000 से भी ज्यादा स्क्रीन्स पर कई भाषाओं में रिलीज किया गया है, लेकिन फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और इसकी ओपनिंग मुश्किल से 50 करोड़ रुपए का आंकड़ा ही पार कर पाई। दरअसल, इसकी वजह सिनेमाघरों में रिलीज होते ही ऑनलाइन लीक होना माना जा रहा है और इसकी वजह से अब फिल्म मेकर्स की चिंता बढ़ गई है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स रजनीकांत दरबार दरबार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन नयनतारा पाइरेटेड वर्जन लोकल केबल ऑपरेटर