होम / टेलिस्कोप / ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट की अंतरिम रोक
‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट की अंतरिम रोक
केरल हाई कोर्ट ने फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गो बियॉन्ड’ की 27 फरवरी की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी। अदालत ने सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दो सप्ताह में पुनर्विचार का आदेश दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 hours ago
केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गो बियॉन्ड’ की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी है। यह फिल्म 27 फरवरी को प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन अदालत के आदेश के बाद अब इसकी रिलीज टल गई है। फिल्म की विषय-वस्तु और सामाजिक शांति पर संभावित प्रभाव को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने यह निर्णय सुनाया। सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाए।
न्यायालय ने कहा कि फिल्म को प्रमाणपत्र देते समय निर्धारित नियमों का समुचित पालन नहीं किया गया और बोर्ड की ओर से आवश्यक विवेक का प्रयोग नहीं दिखाई देता। अदालत ने स्पष्ट किया कि सामान्य परिस्थितियों में न्यायालय फिल्मों की रिलीज में हस्तक्षेप करने से बचते हैं, लेकिन यदि किसी फिल्म की सामग्री से सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका हो, तो हस्तक्षेप करना आवश्यक हो जाता है।
अदालत ने बोर्ड को निर्देश दिया है कि याचिकाकर्ताओं द्वारा दायर पुनर्विचार याचिकाओं पर दो सप्ताह के भीतर नए सिरे से विचार कर आदेश पारित किया जाए। जब तक नया निर्णय नहीं आता, तब तक फिल्म प्रदर्शित नहीं की जा सकेगी।
न्यायालय ने यह भी टिप्पणी की कि फिल्म को ‘सच्ची घटनाओं से प्रेरित’ बताकर प्रचारित किया गया है, जबकि कहानी का केरल राज्य से प्रत्यक्ष संबंध स्पष्ट नहीं है। ऐसे में फिल्म के नाम को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
टैग्स