होम / टेलिस्कोप / पंजाबी सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन जसविंदर भल्ला का निधन
पंजाबी सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन जसविंदर भल्ला का निधन
अपने करियर की शुरुआत 1988 में ऑडियो सीरीज़ 'छंकटा 88' से की थी और ‘चाचा चतरा’ का किरदार उन्हें घर-घर में मशहूर कर गया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
पंजाबी फिल्मों के मशहूर कॉमेडियन और एक्टर डॉ. जसविंदर भल्ला का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ब्रेन स्ट्रोक के बाद मोहाली के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त की शाम उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगातार इलाज के बावजूद 22 अगस्त की सुबह 4:35 बजे उनका निधन हो गया।
डॉ. भल्ला पंजाबी सिनेमा में अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार किरदारों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1988 में ऑडियो सीरीज़ 'छंकटा 88' से की थी और ‘चाचा चतरा’ का किरदार उन्हें घर-घर में मशहूर कर गया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और 'महौल ठीक है', 'जट्ट एंड जूलियट', 'कैरी ऑन जट्टा' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में यादगार भूमिकाएँ निभाईं।
सिर्फ फिल्मों तक सीमित न रहकर, डॉ. भल्ला ने शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दिया। वह पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) में प्रोफेसर रहे और 2020 में विभागाध्यक्ष के पद से रिटायर हुए। उनके निधन पर पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि 'चाचा चतरा हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।'
वहीं, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी दुख व्यक्त करते हुए लिखा, 'तुस्सी बहुत याद आओगे।' इसके अलावा पंजाबी स्टार्स गिप्पी ग्रेवाल, दिलजीत दोसांझ, नीरू बाजवा और कई अन्य कलाकारों ने भी सोशल मीडिया पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
टैग्स