होम / टेलिस्कोप / चंडीगढ़ में जल्द खुलेगा सेंसर बोर्ड का क्षेत्रीय सुविधा कार्यालय: अनुराग ठाकुर
चंडीगढ़ में जल्द खुलेगा सेंसर बोर्ड का क्षेत्रीय सुविधा कार्यालय: अनुराग ठाकुर
पंचकूला में पांचवें चित्र भारती फिल्मोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना था कि इस कदम से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को और मजबूती मिलेगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने घोषणा की है कि चंडीगढ़ में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) का क्षेत्रीय सुविधा कार्यालय जल्द खुलेगा। रविवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधुनुष ऑडिटोरियम में पांचवें चित्र भारती फिल्मोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अनुराग ठाकुर का कहना था कि इस कदम से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा इंडस्ट्री से जुड़े लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। चंडीगढ़ में सेंसर बोर्ड का क्षेत्रीय सुविधा केंद्र खुलने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के फिल्मकारों को विशेष तौर पर लाभ मिलेगा।
इस क्षेत्र के फिल्म निर्माता अपनी-अपनी फिल्मों के लिए सीबीएफसी प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए दिल्ली या मुंबई जाए बिना ही अपनी-अपनी फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ उनमें विभिन्न कट्स/संशोधनों को प्रस्तुत करने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ने फिल्म फेस्टिवल में जूरी द्वारा विभिन्न श्रेणियों में चयनित विजेता फिल्मकारों को ट्रॉफी, चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अनुराग ठाकुर का यह भी कहना था कि फिल्म इंडस्ट्री को पायरेसी मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में तमाम कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में संसद में इसके लिए कानून भी पारित किया गया है। इस कानून के तहत पायरेसी करने वालों पर लाखों रुपये के जुर्माने के साथ उन्हें जेल का भी प्रावधान किया गया है। पायरेसी की समस्या से निपटने के लिए देश भर में 12 विशेष अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड सेंसर बोर्ड सीबीएफसी एमआईबी मिनिस्टर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन चंजीगढ़