होम / टेलिस्कोप / 'दूरदर्शन' पर जल्द प्रसारित होगा यह ऐतिहासिक धारावाहिक, गृहमंत्री ने की लॉन्चिंग
'दूरदर्शन' पर जल्द प्रसारित होगा यह ऐतिहासिक धारावाहिक, गृहमंत्री ने की लॉन्चिंग
नई दिल्ली में आकाशवाणी भवन स्थित रंग भवन ऑडिटोरियम में पांच अगस्त 2022 को एक कार्यक्रम में इस धारावाहिक की लॉन्चिंग के साथ ही एक एपिसोड की स्पेशल स्क्रीनिंग भी की गई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश की आजादी के 75वें वर्ष के अमृत महोत्स्व के तहत सार्वजनिक प्रसारक ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharati) की ओर से दूरदर्शन पर 'स्वराज-भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा' नाम से ऐतिहासिक धारावाहिक लॉन्च किया जा रहा है। नई दिल्ली में पार्लियामेंट स्ट्रीट के आकाशवाणी भवन स्थित रंग भवन ऑडिटोरियम में पांच अगस्त 2022 की दोपहर 12 बजे एक कार्यक्रम में इस धारावाहिक की लॉन्चिंग के साथ ही एक एपिसोड की स्पेशल स्क्रीनिंग भी की गई। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। वहीं, सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और सूचना प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन को गेस्ट ऑफ ऑनर दिया गया।
बता दें कि 'दूरदर्शन' पर इसका प्रसारण 14 अगस्त से प्रत्येक रविवार की रात नौ बजे से दस बजे तक किया जाएगा। पिछले महीने की 15 तारीख को अनुराग ठाकुर ने इस धारावाहिक का प्रोमो लॉन्च किया था। 'दूरदर्शन' पर प्रसारित होने वाले इस धारावाहिक में देश के प्रारंभिक इतिहास से लेकर मॉर्डन हिस्ट्री तक की गौरव गाथा का चित्रण होगा। इस धारावाहिक में महान नायकों के जीवन और बलिदान की गौरवगाथा का चित्रण किया जाएगा। इसके साथ ही 'स्वराज' देश के इतिहास के ऐसे कई पहलुओं को जीवंत करेगा, जिन्हें बहुत कम लोग जानते हैं। इस धारावाहिक में कुल 75 एपिसोड होंगे, जिनमें हर एक एपिसोड में अलग-अलग घटनाओं और उस वक्त के महापुरुषों की गौरव गाथा बताई जाएगी। दूरदर्शन के साथ आकाशवाणी पर भी इसका प्रसारण किया जाएगा।
इस धारावाहिक की लॉन्चिंग के मौके पर अमित शाह ने कहा कि स्वराज का मतलब होता है खुद का शासन। यानी हमारे ऊपर किसी और का शासन नहीं है। हमारा शासन हम खुद तय करेंगे। उन्होंने कहा, 'जहां तक भारत का सवाल है, स्वराज शब्द स्व: शासन तक सीमित नहीं है। स्वराज शब्द अपने आप में संपूर्ण भारत को स्वतंत्र कराने का और उसे अपनी पद्धति से चलाने का है। इसके अंदर स्व:भाषा भी आती है। स्व:धर्म भी आता है। स्व:संस्कृति भी आती है और अपनी कलाएं भी आती हैं। जब तक हम शाब्दिक दृष्टि से स्वराज की भावना में नहीं रंगते हैं, तब तक भारत सही अर्थों में स्वराज प्राप्त नहीं कर सकता है।'
इसके साथ ही गृहमंत्री का यह भी कहना था, ‘भारत के भाव की अभिव्यक्ति केवल और केवल आकाशवाणी और दूरदर्शन ही कर सकते हैं। बिना आकाशवाणी के हमारा अस्तित्व नहीं है। दूरदर्शन आज भी प्रासंगिक है और इसने संस्कारित करने का काम किया है।’
वहीं, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना था,'इस धारावाहिक के माध्यम से युवा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जान सकते हैं। इसके साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियां युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाएंगी और प्रत्येक भारतीय को अपने गौरवशाली अतीत पर गर्व कराएंगी।' इस धारावाहिक की लॉन्चिंग के कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्र, प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक कुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम के बारे में संपूर्ण जानकारी आप यहां इस वीडियो से ले सकते हैं।
टैग्स प्रसार भारती अमित शाह सीईओ मयंक कुमार अग्रवाल स्वराज भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा