होम / टेक वर्ल्ड / AI सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए OpenAI ढूंढ रहा ‘Head Of Preparedness’
AI सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए OpenAI ढूंढ रहा ‘Head of Preparedness’
OpenAI ने अपने एआई मॉडल्स से जुड़े संभावित खतरों का आकलन और रोकथाम करने के लिए एक अहम पद Head of Preparedness के लिए भर्ती शुरू की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में बढ़ती चुनौतियों के बीच OpenAI ने एक बेहद अहम पद के लिए भर्ती का ऐलान किया है। कंपनी Head of Preparedness की तलाश कर रही है, जो उसके अत्याधुनिक एआई मॉडल्स से उभरने वाले संभावित खतरों को पहले से पहचानने और उन्हें रोकने की रणनीति तैयार करेगा।
यह पद Safety Systems टीम के अंतर्गत आता है और इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि OpenAI के सबसे शक्तिशाली मॉडल्स को जिम्मेदारी और सुरक्षित तरीके से विकसित और लॉन्च किया जाए। यह भूमिका सैन फ्रांसिस्को स्थित होगी और इसके लिए कंपनी सालाना 5.55 लाख डॉलर (लगभग 4.99 करोड़ रुपये) तक का पैकेज, नकद वेतन के साथ इक्विटी भी देने को तैयार है।
OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने खुद इस नौकरी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने इसे कंपनी के लिए “बेहद महत्वपूर्ण” और “तनावपूर्ण” भूमिका बताया, जिसमें शामिल होते ही जटिल सुरक्षा चुनौतियों पर काम करना होगा।
जॉब प्रोफाइल के अनुसार, Head of Preparedness को थ्रेट मॉडलिंग, कैपेबिलिटी इवैल्यूएशन, और रिस्क मिटिगेशन जैसे अहम क्षेत्रों का नेतृत्व करना होगा। इस भूमिका में तेज़ी से विकसित हो रहे एआई मॉडल्स के लिए मजबूत सुरक्षा ढांचा तैयार करना और उसे बड़े स्तर पर लागू करना शामिल है।
यह भर्ती ऐसे समय में सामने आई है जब OpenAI को लेकर कई विवाद और कानूनी मुकदमे चल रहे हैं। हाल के मामलों में ChatGPT पर आत्महत्या और हिंसा को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे एआई सुरक्षा को लेकर वैश्विक बहस और तेज़ हो गई है। OpenAI का यह कदम साफ संकेत देता है कि कंपनी अब AI Safety को प्राथमिकता देते हुए भविष्य के जोखिमों से निपटने के लिए गंभीर तैयारी में जुटी है।
टैग्स