होम / सोशल मीडिया / बीजेपी से निलंबित होने के बाद नुपूर शर्मा की मीडिया से अपील, न करें ऐसा काम
बीजेपी से निलंबित होने के बाद नुपूर शर्मा की मीडिया से अपील, न करें ऐसा काम
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया है। बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। पैगंबर मोहम्मद पर एक टीवी डिबेट के दौरान विवादित बयान देने के मामले में उन पर यह कार्रवाई की गई है। नूपुर शर्मा के विवादित बयान पर खासा बवाल मचा था, जिसके बाद बीजेपी ने ये एक्शन लिया है। हालांकि इस कार्रवाई के बाद नूपुर ने माफी मांगी और अपना बयान वापस लिया, लेकिन इन सबके दौरान कई मीडिया घरानों ने असावधानीवश भाजपा द्वारा उन्हें भेजा निलंबन पत्र जस का तस प्रकाशित कर दिया, जिसमें उनके घर का पता भी था। हालांकि विवादित टिप्पणी के बाद से ही उन्हें जान से मारने की धमकियों सहित कई तरह की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद, नूपुर शर्मा को ट्विटर पर एक बयान जारी कर मीडिया से आग्रह करना पड़ा कि वे उनका पता सार्वजनिक न करें। उन्होंने कहा,‘मैं सभी मीडिया घरानों और बाकी सभी से अनुरोध करती हूं कि मेरा पता सार्वजनिक न करें। मेरे परिवार की सुरक्षा को खतरा है।’
I request all media houses and everybody else not to make my address public. There is a security threat to my family.
— Nupur Sharma (@NupurSharmaBJP) June 5, 2022
हालांकि इसके बाद एक न्यूज एजेंसी ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
बता दें कि बीजेपी ने नूपुर के साथ ही दिल्ली बीजेपी मीडिया प्रभारी नवीन कुमार को भी पार्टी से भी निलंबित किया है। उन पर इस मसले को लेकर कुछ विवादित ट्वीट करने का आरोप है।
नूपुर शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। ज्ञानवापी विवाद को लेकर एक टीवी डिबेट के दौरान उन्होंने कहा था कि इस्लामिक धार्मिक किताबों की कुछ चीजों का लोग मजाक उड़ा सकते हैं। नूपुर ने कहा था कि मुसलमान हिंदू आस्था का मजाक उड़ा रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि मस्जिद परिसर में मिली शिवलिंग एक फव्वारा है। नूपुर शर्मा के खिलाफ हैदराबाद, पुणे और मुंबई में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में केस भी दर्ज किया गया है।
टैग्स मीडिया बीजेपी नूपुर शर्मा घर का पता