होम / रेडियो / जानिए, इस बार मैट्रो सिटीज में आपके पसंदीदा FM चैनल का हाल
जानिए, इस बार मैट्रो सिटीज में आपके पसंदीदा FM चैनल का हाल
22वें हफ्ते से 25वें हफ्ते की रैम रेटिंग्स पर नजर डालें तो ‘फीवर एफएम’ (Fever FM) मुंबई और दिल्ली में अपनी बढ़त बनाए हुए है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
22वें हफ्ते से 25वें हफ्ते की रैम रेटिंग्स पर नजर डालें तो ‘फीवर एफएम’ (Fever FM) मुंबई और दिल्ली में अपनी बढ़त बनाए हुए है, जबकि बैंगलुरु में ‘रेडियो सिटी’ (Radio City) सबसे ऊपर है और कोलकाता में ‘रेडियो मिर्ची’ (Radio Mirchi)।
मुंबई में 12.2 मिलियन श्रोताओं में से 15.4% लोग ‘फीवर एफएम’ (Fever FM) सुनते हैं, जबकि अन्य श्रोताओं की हिस्सेदारी में ‘रेडियो सिटी’ (Radio City) 14.3% शेयर के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि इससे पहले हफ्ते के मुकाबले यह हिस्सेदारी 0.9% तक बढ़ी है। ‘बिग एफएम’ (BIG FM) में श्रोताओं की हिस्सेदारी 0.1% की बढ़त के साथ 13.9 % रही और यह तीसरे नंबर पर रहा। बता दें कि सुबह 11:00 से दोपहर 12:00 बजे तक श्रोताओं की संख्या सबसे ज्यादा दर्ज की गई है। हाल के 4 हफ्तों में 84.5% लोगों तक एफएम की पहुंच रही।
इसी तरह दिल्ली में, 16.5 मिलियन में से 21.5% श्रोताओं का एक समूह ‘फीवर एफएम’ (Fever FM) सुनता है, जोकि 1% तक बढ़ा है। फिलहाल दिल्ली में यह शीर्ष पर है। वहीं ‘रेडियो मिर्ची’ (Radio Mirchi) को सुनने वालों की हिस्सेदारी 14.4% रही, जिसकी वजह से यह दूसरे स्थान पर रहा। ‘रेड एफएम’ (Red FM) 12.1% शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यहां श्रोताओं की संख्या सबसे ज्यादा सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे के बीच थी। हाल के 4 हफ्तों में 93.7% लोगों तक एफएम की पहुंच रही।
वहीं बेंगलुरु की बात करें तो 5.3 मिलियन श्रोताओं में सबसे ज्यादा यानी 29.9% लोगों ने ‘रेडियो सिटी’ (Radio City) को सुना। जबकि, ‘बिग एफएम’ (Big FM) 24% के साथ दूसरे स्थान पर और ‘फीवर एफएम’ (Fever FM) 13.3% के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यहां सुबह 8 से 9 बजे के बीच श्रोताओं की तादाद चरम पर थी। हाल के 4 हफ्तों में एफएम की पहुंच 90.4% श्रोताओं तक रही है।
कोलकाता में एफएम सुनने वाले 9.1 मिलियन श्रोतागण हैं, जिनमें से 28.7% श्रोताओं ने ‘रेडियो मिर्ची’ (Radio Mirchi) सुना, जोकि सबसे ज्यादा सुना गया। इसके बाद ‘बिग एफएम’ (Big FM) 26.7% के साथ दूसरे स्थान पर और ‘रेड एफएम’ (Red FM) 14.3% शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे के बीच श्रोताओं की संख्या चरम पर थी। वहीं हाल के 4 हफ्तों में एफएम की पहुंच 71.8% लोगों तक रही।
इस हफ्ते दिल्ली और कोलकाता में श्रोताओं की संख्या सबसे ज्यादा देखी गई है। वहीं इस बार रेडियो सुनने वालों की संख्या सभी मार्केट्स में से घर से बाहर ज्यादा रही है।
टैग्स