होम / रेडियो / तमाम एंप्लॉयीज ने भेजा प्रसार भारती को कानूनी नोटिस, ये है पूरा मामला
तमाम एंप्लॉयीज ने भेजा प्रसार भारती को कानूनी नोटिस, ये है पूरा मामला
पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘ऑल इंडिया रेडियो’ (AIR) में कैजुअल आधार पर काम कर रहे तकरीबन 80 रेडियो जॉकी (RJs) ने प्रसार भारती को कानूनी नोटिस भेजा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘ऑल इंडिया रेडियो’ (AIR) के तकरीबन 80 रेडियो जॉकी (RJs) ने प्रसार भारती को कानूनी नोटिस भेजा है। ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) के फ्लैगशिप चैनल 100.1 FM Gold में काम करने वाले आरजे ने इस नोटिस में उन्हें काम पर वापस लिए जाने, बकाया सैलरी का भुगतान करने और रेडियो कार्यक्रमों को उनके ऑरिजनल फॉर्मेट में वापस लाने की मांग की है।
बताया जाता है कि ये एम्प्लॉयीज प्रसार भारती में कैजुअल (casual) आधार पर काम कर रहे थे, लेकिन ऑल इंडिया रेडियो ने 22 मार्च से उन्हें काम पर बुलाना बंद कर दिया था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनावायरस (कोविड-19) के खौफ को देखते हुए ‘जनता कर्फ्यू’ की घोषणा की थी और उसके बाद 25 मार्च से देश में लॉकडाउन लागू कर दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वित्त मंत्रालय से एम्प्लॉयीज को नौकरी से न निकाले जाने और उनकी सैलरी में कटौती न किए जाने की बात कहने के बावजूद इन एंप्लॉयीज को तब से भुगतान नहीं किया गया है। बताया जाता है कि इनमें से अधिकांश को 10 हजार से 11 हजार प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा था। अब इन आरजे ने प्रसार भारती और ऑल इंडिया रेडियो के डायरेक्टर को कानूनी नोटिस भेजकर उन्हें नौकरी की सुरक्षा और काम की बेहतर कंडीशन उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
टैग्स नोटिस नरेंद्र मोदी प्रसार भारती ऑल इंडिया रेडियो रेडियो जॉकी