होम / रेडियो / PM मोदी ने कुछ यूं की रेडियो जॉकी के काम की सराहना
PM मोदी ने कुछ यूं की रेडियो जॉकी के काम की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को देश के प्रमुख रेडियो जॉकीज (Radio Jockey) से बातचीत की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश भर के रेडियो जॉकी (RJ) से बात की और कोरोनावायरस (कोविड-19) को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए उनकी सराहना की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बातचीत के दौरान पीएम ने रेडियो जॉकी से कहा कि वे इस महामारी से लोगों के सामने आ रहीं कठिनाइयों और चुनौतियों पर अपनी राय दें, ताकि सरकार उन समस्याओं का समाधान कर सके। पीएम का यह भी कहना था कि रेडियो जॉकी विशेषज्ञों की राय और इस हालात से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी सूचना प्रसारित करें।
इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि डॉक्टरों, स्वास्थ्य सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं और विमानन कंपनी के कर्मियों के संक्रमित होने के सामाजिक डर की वजह से उनके साथ हो रहे दुर्व्यवहार की खबरों को बताया जाए, ताकि इस चुनौती का मुकाबला किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि सरकार द्वारा की जा रही घोषणाओं की जानकारी लाभार्थियों को सुचारु तरीके से और समय पर मिले। जनसंप्रेषक होने के नाते रेडियो जॉकी लोगों को सामाजिक सोशल डिस्टेंसिंग के महत्व के बारे में शिक्षित करने के साथ इन घोषणाओं की जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
पीएम का कहना था कि कार्यक्रमों की पहुंच की वजह से रेडियो जॉकी लाखों भारतीय परिवारों के सदस्य जैसे हैं। लोग न केवल इन कार्यक्रमों को सुनते हैं, बल्कि उनका अनुपालन भी करते हैं। प्रधानमंत्री ने रेडियो जॉकी से सकारात्मक खबरों और रिपोर्ट्स को प्रचारित करने का आह्वान किया, खासतौर पर उन मरीजों के बारे में जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। उन्होंने सलाह दी कि इस तरह की खबरों का पूरे देश में प्रसारण होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत कर इस महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने की दिशा में उनका समर्थन मांगा था। गौरतलब है कि कोरोना से ‘जंग’ के लिए सरकार ने तमाम एहतियाती कदम उठाए हैं। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए पीएम ने देश में 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा कर लोगों को अपने घरों पर रहने की सलाह दी है।
टैग्स नरेंद्र मोदी रेडियो जॉकी कोरोना वायरस कोविड 19 वेंटिलेटर स्वास्थ्य मंत्रालय