होम / प्रिंट / न्यूजप्रिंट की बढ़ती कीमतों के बीच डीबी कॉर्प के गिरीश अग्रवाल ने जताई ये उम्मीद
न्यूजप्रिंट की बढ़ती कीमतों के बीच डीबी कॉर्प के गिरीश अग्रवाल ने जताई ये उम्मीद
वित्तीय वर्ष 2023 की पहली तिमाही की अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल को संबोधित कर रहे थे ‘डीबी कॉर्प लिमिटेड’ (D.B. Corp Ltd) के नॉन एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘डीबी कॉर्प लिमिटेड’ (D. B. Corp Ltd) के नॉन एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल का कहना है कि तिमाही दर तिमाही (Q-o-Q) और साल दर साल (Y-o-Y) प्रदर्शन के आधार पर हमने इस साल की शुरुआत सभी क्षेत्रों में मजबूत स्थिति के साथ की है।
वित्तीय वर्ष 2023 की पहली तिमाही की अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल (earnings conference call) के दौरान गिरीश अग्रवाल का कहना था, ‘मेरा मानना है कि साल दर साल की जगह तिमाही दर तिमाही की बात करना ज्यादा सही है। इसका सीधा सा कारण है कि पिछले साल की पहली तिमाही पर कोविड का काफी प्रभाव था, इसलिए संख्याओं में ज्यादा ग्रोथ दिखाई देती है। लेकिन मैं कहूंगा कि हमें इसकी तुलना तिमाही दर तिमाही करने की जरूरत है। इसके साथ ही हमें पिछले साल की बजाय वर्ष 2019-20 की तिमाही से अपनी तुलना करनी चाहिए।‘
अग्रवाल का कहना था कि कंपनी को उम्मीद है कि इस गति से प्रिंट सेक्टर वित्तीय वर्ष 2020 के मुकाबले विकास के मामले में संतोषजनक स्तर पर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कैसे बाजार में उनकी मजबूत स्थिति ने उन्हें विभिन्न प्रकार के एडवर्टाइजर्स को आकर्षित करने में मदद की है। इनमें ट्रेडिशनल कैटेगरी जैसे रियल एस्टेट, ज्वेलरी, एजुकेशन के साथ-साथ ई-कॉमर्स, स्टार्ट अप और फिनटेक जैसे नए सेक्टर्स भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘हम हाइपर लोकल विज्ञापन कैंपेन के लिए एडवर्टाइजर्स को एक मंच प्रदान करते हुए पुरस्कार विजेता स्पेशल एडिशन जैसी नई पहलों द्वारा अपने विज्ञापन फनल को मजबूत करना जारी रखेंगे।’
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और लागत अनुकूलन (Cost Optimization) पर अग्रवाल ने कहा, ‘जैसा कि हम पिछली कुछ तिमाहियों से इंगित कर रहे हैं, हमारा समान ध्यान यह सुनिश्चित करने पर रहा है कि हमारे विभिन्न लागत कटौती उपाय लंबे समय से चल रहे हैं। एक तरफ हम अपने राजस्व आधार (Revenue Base) को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं, वहीं वित्तीय वर्ष 2020 की पहली तिमाही की तुलना में परिचालन लागत (Operating Cost) में लगभग छह प्रतिशत की बचत करने में भी कामयाब रहे हैं। हमारा मानना है कि न्यूजप्रिंट (अखबारी कागज) की कीमतें अपने चरम पर हैं और हमें इस साल की तीसरी तिमाही से कुछ राहत मिलनी चाहिए।’
कोविड से पहले और अब अखबार की प्रतियों की तुलनात्मक संख्या के बारे में उन्होंने कहा इस तिमाही में हमारी 42 लाख कॉपियां हैं। गर्मियों की तिमाही आमतौर पर सामान्य से थोड़ा कम होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरी तिमाही में कॉपियों की संख्या में कोविड से पहले की तुलना में कुछ लाख की वृद्धि होगी। अभी यह संख्या कम है।
वहीं, ‘डीबी कॉर्प लिमिटेड’ के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर पवन अग्रवाल का कहना था, ‘मुद्रास्फीति के दबाव और घरेलू व वैश्विक बाजार में तमाम चुनौतियों के बावजूद समूह ने इस तिमाही में मजबूत परिणाम दिए हैं। हमने सर्कुलेशन और विज्ञापन दोनों में अच्छी वृद्धि देखी है।’
समूह के डिजिटल बिजनेस के बारे में उन्होंने कहा, ‘कंपनी अपने सभी ऐप में डेली एक्टिव यूजर बेस लगातार बढ़ा रही है। जनवरी 2020 में दो मिलियन से आठ गुना बढ़कर यह संख्या मई 2022 में लगभग 17 मिलियन हो गई है। प्रिंट में तो हम पहले से ही काफी मजबूत स्थिति में हैं और अब डिजिटल फॉर्मेट में भी हमारी दमदार मौजूदगी है।’
वहीं, रेडियो बिजनेस के बारे में उन्होंने कहा, ‘माई एफएम का कंटेंट दर्शकों को काफी पसंद है और इनोवेटिव कंटेंट क्रिएशन के माध्यम से यह श्रोताओं में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। इससे हमें बेहतर विज्ञापन दरें प्राप्त करने में भी मदद मिली है और हमें उम्मीद है कि आने वाली तिमाहियों में इसमें और सुधार होगा।’
टैग्स न्यूजप्रिंट प्रिंट इंडस्ट्री गिरीश अग्रवाल दैनिक भास्कर डीबी कॉर्प प्रिंट मीडिया पवन अग्रवाल अखबारी कागज डीबी कॉर्प लिमिटेड प्रिंट न्यूज