होम / प्रिंट / विष्णु शर्मा की नई किताब ‘कांग्रेस प्रेसिडेंट्स फाइल्स' का लोकार्पण आज
विष्णु शर्मा की नई किताब ‘कांग्रेस प्रेसिडेंट्स फाइल्स' का लोकार्पण आज
दिल्ली में चल रहे विश्व पुस्तक मेले में रविवार को दोपहर ढाई बजे हॉल नंबर दो के लेखक मंच पर इस किताब का औपचारिक लोकार्पण होगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
लेखक और पत्रकार विष्णु शर्मा की नई किताब ‘कांग्रेस प्रेसिडेंट्स फाइल्स' यूं तो आते ही चर्चा में थी लेकिन उसका औपचारिक लोकार्पण नहीं हुआ था, जो अब विश्व पुस्तक मेले के आख़िरी दिन यानी 9 फरवरी को होने जा रहा है। रविवार को दोपहर ढाई बजे हॉल नंबर दो के लेखक मंच पर इस किताब का औपचारिक लोकार्पण होगा। इस कार्यक्रम में तीन विशेष अतिथि अनुज धर, प्रखर श्रीवास्तव और अशोक श्रीवास्तव मंच पर होंगे।
कार्यक्रम के संचालन की बागडोर पत्रकार व लेखक नीरज बधवार को सौंपी गई है, जिनकी व्यंग्य पर लिखी गई किताबें ‘हम सब फ़ेक हैं’ और ‘बातें कम स्कैम ज़्यादा’बेस्ट्सेलर रह चुकी हैं। नेताजी बोस के गायब होने में रहस्य पर कई किताबें लिख चुके अनुज धर की एक किताब शास्त्री जी की मौत के रहस्य पर भी आ चुकी है। वहीं, श्रीवास्तव ब्रदर्स के नाम से मशहूर प्रखर और अशोक डीडी न्यूज़ के जाने माने चेहरे हैं।
प्रखर श्रीवास्तव की बुक ‘हे राम’ के कई संस्करण आ चुके हैं। वहीं अशोक श्रीवास्तव अपने डिबेट शो ‘दो टूक’ से काफी लोकप्रिय हो चुके हैं। हाल ही में आई उनकी बुक ‘मोदी Vs ख़ान मार्केट गैंग’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
लेखक विष्णु शर्मा भी अपनी किताबों इंदिरा फाइल्स, इतिहास के 50 वायरल सच, गुमनाम नायकों की गौरवशाली गाथाओं के लिए जाने जाते हैं। वह नीलेश मिश्रा के रेडियो शो के लिए कहानियां भी लिख चुके हैं। वह फिल्म समीक्षक भी हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर जी म्यूजिक से आये उनके गीत को अनु मलिक ने कंपोज़ किया था, जिस पर हजारों रील्स बनी थीं।
2025 की शुरुआत भी विष्णु शर्मा ने 26 जनवरी को अपना नया गीत रिलीज़ करके की है। संविधान के 75 साल पूरा होने पर ‘ये संविधान है‘ गीत जी म्यूजिक ने रिलीज़ किया, इसे भी अनु मलिक ने कंपोज किया है और आवाज़ दिव्य कुमार व अनु मलिक ने दी है।
उनकी किताब ‘कांग्रेस प्रेसिडेंट फ़ाइल्स’जाने-माने प्रकाशक प्रभात प्रकाशन ने छापी है और यह किताब गांधी जी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले के अध्यक्षों से जुड़ी तमाम दिलचस्प कहानियां बताती है, जिनमें से कई आज की पत्रकार पीढ़ी के लिए हैरतअंगेज साबित होंगी।
टैग्स