होम / प्रिंट / ‘द हिंदू’ समूह ने अपने इन दो प्रमुख अखबारों में किए बड़े बदलाव
‘द हिंदू’ समूह ने अपने इन दो प्रमुख अखबारों में किए बड़े बदलाव
इन अखबारों के एडिटर्स का कहना है कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य युवा पाठकों को आकर्षित करने के साथ ही न्यूज पढ़ने के अनुभव को भी और बेहतर बनाना है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘द हिंदू’ (The Hindu) समूह ने अपने दो प्रमुख ब्रैंड्स ‘द हिंदू’ (The Hindu) और ‘बिजनेसलाइन’ (Businessline) को रीब्रैंड किया है। इन बदलावों के तहत इन दोनों अखबारों को बिलकुल नया लुक दिया गया है और स्टोरी पैकेजिंग को और बेहतर करते हुए विजुअल डिजाइन व रीडर-फ्रेंडली फीचर्स को भी बढ़ाया गया है।
‘द हिंदू’ के अनुसार, अखबार के डिजाइन में बदलाव किए गए हैं, लेकिन इसकी विश्वसनीयता, रिपोर्टिंग क्वालिटी और गहन विश्लेषण में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। नया डिजाइन पढ़ने के अनुभव को बढ़ाएगा और इसे पाठकों के और करीब लाएगा।
कंटेंट के नए लुक के प्रभाव के बारे में ‘द हिंदू’ के एडिटर सुरेश नामबाथ ने कहा, ‘स्पेस छोटा हो गया है, इसलिए हमें प्रत्येक स्टोरी के मूल संदेशों को प्रस्तुत करना होगा। इसका उद्देश्य सामान्य विचारों को संप्रेषित करने में अधिक स्पष्ट होना, हमारी स्टोरी टैलिंग में बहुत विशिष्ट होना और हर शब्द की गणना करना है।’
नामबाथ का यह भी कहना था कि द हिंदू को उम्मीद है कि नई स्टाइल युवा पाठकों को और ज्यादा पसंद आएगी। रीब्रैंडिंग के साथ, समूह मोबाइल/ऐप/वेबसाइट से प्रिंट प्रॉडक्ट और प्रिंट प्रॉडक्ट से ऑनलाइन व ऐप में निर्बाध परिवर्तन करने की भी उम्मीद कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘हम अपने ऐप्स और वेबसाइट को नया स्वरूप दे रहे हैं। इसका मकसद प्रिंट प्रॉडक्ट को उन लोगों के लिए आकर्षक बनाना है जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर न्यूज का उपभोग कर रहे हैं।’
पब्लिकेशन को उम्मीद है कि नए लुक और डिजाइन से पाठकों का अखबार पढ़ने का अनुभव और बेहतर होगा। क्यूआर कोड और डिजिटल रूप से एकीकृत नेविगेशन पॉइंटर्स पाठकों को ऑनलाइन स्टोरीज, साक्षात्कारों, वीडियो और पॉडकास्ट जैसे मल्टी-मीडिया कंटेंट की पहचान करने में मदद करेंगे।
नामबाथ ने कहा कि कंटेंट का क्रॉस प्लेटफॉर्म होगा। एक क्यूआर कोड होगा, जिसका इस्तेमाल पाठक ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन आर्टिकल पढ़ने में कर सकते हैं। इसके साथ ही पॉडकास्ट और अन्य इंटरव्यू सुन सकते हैं। दोनों प्रॉडक्ट्स एक-दूसरे के पूरक होंगे। नामबाथ ने कहा कि नए बदलावों का उद्देश्य प्रिंट को अधिक आकर्षक बनाना और इस धारणा को बदलना है कि प्रिंट ‘पुराने प्रकार की पत्रकारिता’ है। नया डिजाइन समय से काफी आगे है।
इस बारे में ‘द हिंदू’ समूह का कहना है, ‘बिजनेसलाइन का नया मॉडर्न लोगो हमारे बहादुर, युवा और ऊर्जावान देश के सार को दर्शाता है। नया डिजाइन नए जमाने के बिजनेस के अनुकूल है। टेक्स्ट मैसेजिंग के माध्यम से हम जिस सहज तरीके से संवाद करते हैं, उसी सहज तरीके से स्टोरी टैलिंग के लिए टेक्स्ट और विजुअल को मिश्रित किया गया है।’
वहीं, ‘बिजनेसलाइन’ के एडिटर रघुवीर श्रीनिवासन का कहना है, ‘सिर्फ मास्टहेड ही नहीं, बल्कि डिजाइन और लुक के मामले में अखबार में पूरा बदलाव किया गया है।’
इन बदलावों के बारे में श्रीनिवासन ने कहा कि मास्टहेड अब पूरा लोअर केस में है, जो पाठकों की युवा प्रकृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चूंकि भारत युवा है, ऐसे में वे युवा पाठकों को आकर्षित करने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत हैं।
श्रीनिवासन ने जोर देकर कहा कि हालांकि समूह ने डिजाइन बदल दिया है, लेकिन कंटेंट की क्वालिटी और विश्वसनीयता वही रहेगी। उन्होंने कहा, ‘बिजनेसलाइन एक बिजनेस अखबार है। ऐसे में अन्य प्रतिस्पर्धियों के विपरीत, हम राजनीतिक, मनोरंजन और खेल समाचार प्रकाशित नहीं करते हैं। हम पूरी तरह से व्यापार, वित्त और अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करते हैं और हम ऐसा करना जारी रखेंगे।’
टैग्स पत्रकार मीडिया न्यूज चैनल प्रिंट पत्रकारिता जर्नलिस्ट समाचार4मीडिया हिंदी पत्रकारिता न्यूज हिंदी न्यूज खबर द हिंदू प्रिंट न्यूज समाचार मीडिया न्यूज़ मीडिया की न्यूज़ बिजनेसलाइन हिंदू ग्रुप हिंदू रीडिजाइन