होम / प्रिंट / इस मामले में अखबार के संपादक समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
इस मामले में अखबार के संपादक समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
तमिलनाडु पुलिस ने एक लोकप्रिय हिंदी दैनिक अखबार के एक संपादक समेत दो लोगों के खिलाफ झूठी खबर फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
तमिलनाडु पुलिस ने एक लोकप्रिय हिंदी दैनिक अखबार के एक संपादक समेत दो लोगों के खिलाफ कथित तौर पर झूठी खबर फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
बता दें कि इन पर आरोप है कि इन्होंने तमिलनाडु में बिहार के प्रवासी मजदूरों के साथ मारपीट की खबरें प्रकाशित की थी। इसके साथ ही तमिलनाडु पुलिस ने भाजपा के यूपी प्रवक्ता प्रशांत उमराव को भी नामजद किया है।
तमिलनाडु पुलिस मुख्यालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि तिरुपुर उत्तर पुलिस स्टेशन ने अखबार के संपादक पर आईपीसी की धारा 153ए और 505 के तहत मामला दर्ज किया है। बयान के मुताबिक, अखबार के संपादक को यह बताना होगा कि उन्हें यह खबर कहां से मिली और क्या उन्होंने इसे सत्यापित किया। पुलिस ने कहा कि बड़े अखबारों को अधिक जिम्मेदार तरीके से खबरों को प्रकाशित करना चाहिए।
संपादक के अतिरिक्त तिरुपुर पुलिस ने ‘तनवीर पोस्ट’ के मालिक तनवीर अहमद के खिलाफ भी झूठी खबरें फैलाने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी तरह, थूथुकुडी पुलिस ने अफवाह फैलाने के लिए आईपीसी की छह धाराओं के तहत उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रशांत उमराव पर भी मामला दर्ज किया है।
गौरतलब हो कि उमराव ने ट्वीट कर कहा था कि तमिलनाडु में 12 प्रवासी हिंदी भाषी लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया और उनकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट् के मुताबिक, पुलिस ने इसकी पुष्टि की है और यह पूरी तरह झूठा पाया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
तमिलनाडु के डीजीपी, सी सिलेंद्रबाबू ने तमिलनाडु में काम करने वाले हिंदी भाषी राज्यों के प्रवासी कामगारों के खिलाफ नफरत फैलाने की ऐसी घटनाओं का खंडन किया।
टैग्स अखबार मीडिया संपादक झूठी खबर तमिलनाडु