होम / प्रिंट / किस अखबार की कौन सी खबर रही आज एक्सक्लूसिव, जानें यहां
किस अखबार की कौन सी खबर रही आज एक्सक्लूसिव, जानें यहां
दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर दो-दो विज्ञापन हैं, जबकि नवोदय टाइम्स में फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है
नीरज नैयर 6 years ago
यूरोपीय सांसदों का कश्मीर दौरा और दिल्ली की जहरीली हवा आज राजधानी दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों की सुर्खियां हैं। सबसे पहले बात करते हैं अमर उजाला की। लेआउट के मामले में अखबार का कल और आज का फ्रंट पेज लगभग एक जैसा है। टॉप बॉक्स से लेकर एंकर तक में कुछ खास परिवर्तन नहीं किया गया है। लिहाजा, ये कहना गलत नहीं होगा कि कल की डमी को मामूली फेरबदल के साथ आज इस्तेमाल किया गया है।
खबरों की बात करें तो टॉप बॉक्स में जम्मू-कश्मीर में आज से लागू हुई नई व्यवस्था है। आज से दो नए केंद्र शासित राज्यों ने आकार ले लिया है। लीड कश्मीर दौरे पर आये यूरोपीय यूनियन के सांसदों का बयान है, जिन्होंने पाक संचालित आतंकवाद पर भारत के दावे का समर्थन किया है। इसके पास ही महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को जगह मिली है। कुडनकुलम परमाणु संयंत्र पर साइबर हमले के समाचार को भी अखबार ने प्रमुखता से रखा है, जबकि एंकर में दिल्ली की बिगड़ती हवा से जुड़ा समाचार है।
अब दैनिक जागरण का रुख करते हैं। दैनिक जागरण के फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं, इस वजह से केवल पांच बड़ी खबरों को ही स्थान मिल सका है। दैनिक जागरण ने लीड जम्मू-कश्मीर में आज से शुरू हो रहीं नई व्यवस्थाएं और ईयू सांसदों के कश्मीर दौरे को मिलाकर लगाया है। सात कॉलम में सजाई गई इस खबर का शीर्षक है ‘आज से एक देश, एक विधान, एक निशान’। दिल्ली की बिगड़ती हवा और सरकार की तैयारी को भी प्रमुखता के साथ रखा गया है।
वोडाफोन भारत छोड़ने की तैयारी में है, इस समाचार को दैनिक जागरण ने उसकी अहमियत के अनुसार स्थान दिया है। इसके अलावा, अयोध्या विवाद पर देश के नामित चीफ जस्टिस शरद अरविंद बोबडे के बयान को भी पेज पर जगह मिली है। बोबडे का कहना है कि अयोध्या का मामला दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में से एक है।
आज नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर दो विज्ञापन हैं। लीड दिल्ली की बिगड़ती हवा है, जिसका शीर्षक ‘गंदाधुंध’ कुछ हटकर है। टॉप बॉक्स में सोना रखने पर सरकारी सख्ती को लगाया गया है। ‘ज्यादा सोना है तो जाग जाइए’ शीर्षक वाली यह खबर बताती है कि बिना रसीद के तय मात्रा से ज्यादा सोना रखने पर जानकारी देनी पड़ सकती है। ईयू सांसदों के कश्मीर दौरे को भी प्रमुखता के साथ बड़ी जगह मिली है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को डीप डेढ़ कॉलम में रखा गया है। पहलू खान के परिवार से गौकशी का केस हटाने संबंधी कोर्ट के आदेश को भी फ्रंट पेज पर जगह मिली है।
वहीं, दैनिक भास्कर ने सबसे अलग डेटा चोरी को लीड बनाया है। सिंगापुर की एक संस्था ने खुलासा किया है कि 12 लाख भारतीयों के क्रेडिट-डेबिट कार्ड का डेटा चोरी हो गया है जिसे हैकर ऑनलाइन बेच रहे हैं। दूसरी महत्वपूर्ण खबर पवन कुमार की है। इस खबर के अनुसार निर्भया के दोषियों को फांसी देने की तैयारी चल रही है। ईयू सांसदों का कश्मीर दौरा, महाराष्ट्र का सियासी संग्राम और दिल्ली की जहरीली हवा से जुड़ी खबरें भी पेज पर हैं। दैनिक भास्कर ने सूत्र के हवाले से बताया है कि भाजपा ने शिवसेना को उपमुख्यमंत्री और 16 मंत्री बनाने का ऑफर दिया है। एंकर में जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों से जुड़ी स्टोरी है। एक शोध में दावा किया गया है कि गैस उत्सर्जन से 2050 तक मुंबई सहित एशिया के 30 से अधिक शहर समुद्र में डूब जाएंगे।
हिन्दुस्तान ने ‘370 पर यूरोपीयन सांसदों का साथ’ शीर्षक के साथ कश्मीर को लीड लगाया है। दिल्ली की बिगड़ती हवा दूसरी बड़ी खबर के रूप में पेज पर है। अयोध्या पर संघ का बयान और पहलू खान से गौकशी का केस वापस, इन समाचारों को दो-दो कॉलम में लगाया गया है। इसके अलावा, पेज पर महाराष्ट्र का सियासी संग्राम और एंकर में गैस कनेक्शन से जुड़ी सुहेल हामिद की बाईलाइन स्टोरी है। हामिद के मुताबिक, पहचान पत्र नहीं होने पर भी उज्ज्वला गैस कनेक्शन मिलेगा।
आखिर में आज नवोदय टाइम्स का रुख करते हैं। अखबार के फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है, इस वजह से कई खबरों को स्थान मिला है। लीड दिल्ली की बिगड़ती हवा है, जिसे ‘फिजा में जहर खतरे में हम-आप’ शीर्षक के साथ आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। पहलू खान मामले में अदालत ने गौकशी का केस खत्म करने का आदेश दिया है, इस समाचार को प्रमुखता से दो कॉलम में लगाया गया है।
यूरोपीय सांसदों का कश्मीर दौरा और महाराष्ट्र का सियासी संग्राम भी पेज पर है। विदेशी सांसदों ने जहां 370 को भारत का आंतरिक मसाला बताया है, वहीं स्वीकार किया है कि पाक घाटी में आतंकवाद फैला रहा है। मुफ्त यात्रा की सौगात के बाद बस सवार महिलाओं से बातचीत करते केजरीवाल का फोटो फ्रंट पेज पर रखा गया है। एंकर में निशांत राघव की बाईलाइन स्टोरी है, जिसमें उन्होंने बताया है कि राम मंदिर को लेकर संघ क्या तैयारी कर रहा है। इसके अलावा, गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर पाकिस्तान द्वारा गुरु नानक पर जारी किए गए सिक्के से जुड़ी खबर भी पेज पर है।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट के मामले में आज कोई भी अखबार आकर्षक नजर नहीं आ रहा है। अमर उजाला ने तो कल जैसा ले-आउट ही कॉपी कर लिया है।
2: खबरों की प्रस्तुति की बात करें तो नवोदय टाइम्स और अमर उजाला कुछ हद तक दूसरों से बेहतर हैं। नवोदय टाइम्स ने जहां लीड को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया है, वहीं अमर उजाला ने टॉप बॉक्स अच्छा सजाया है।
3: कलात्मक शीर्षक आज दो अखबारों में देखने को मिले हैं। नवभारत टाइम्स ने लीड और टॉप बॉक्स दोनों की हेडलाइन में प्रयोग किया है। लीड का शीर्षक है ‘गंदाधुंध’, जो दिल्ली की बिगड़ती हवा को सटीक तरह से दर्शाता है। यह फिल्म ‘अंधाधुंध’ से प्रेरित है। जबकि टॉप बॉक्स की हेडलाइन है ‘ज्यादा सोना है तो जाग जाइए’, यहां सोने को रंगीन किया गया है, ताकि उसका सही अर्थ निकल सके। वहीं, नवोदय टाइम्स ने लीड की हेडलाइन ‘फिजा में जहर खतरे में हम-आप’ लगाई है, जो अपने आप में काफी कुछ कहती है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को दर्शाता शीर्षक ‘ये गांठ तो खुल ही नहीं रही’ भी आकर्षक है।
4: खबरों की बात करें तो दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण ने दो ऐसी खबरों को फ्रंट पेज पर लगाया है, जो किसी दूसरे अखबारों में नहीं हैं। जहां दैनिक भास्कर में निर्भया कांड से जुड़ी एक्सक्लूसिव स्टोरी है, वहीं दैनिक जागरण ने वोडाफोन के भारत छोड़ने की आशंका को पेज पर रखा है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा