होम / प्रिंट / हिंदी अखबारों ने इन खबरों से ‘सजाया’ अपना फ्रंट पेज
हिंदी अखबारों ने इन खबरों से ‘सजाया’ अपना फ्रंट पेज
दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में आज तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, जबकि अमर उजाला के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अधिकांश अखबारों में आज काफी विज्ञापन है। आज यदि सबसे पहले दैनिक जागरण की बात करें तो फ्रंट पेज पर फुल पेज विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड बाकी अखबारों से अलग रिजर्व बैंक की सरकार को आर्थिक मदद पर मचा हाहाकार है, जिसे अपेक्षाकृत काफी ज्यादा बड़ी जगह दी गई है। जागरण की कोशिश रहती है कि खबर का शेष देने के बजाय उसे फ्रंट पेज पर ही पूरा कर दिया जाए, हालांकि इस कोशिश में खबर जरूरत से ज्यादा बड़ी जगह घेर लेती है।
पेज पर दूसरा मुख्य समाचार है, केजरीवाल सरकार का दिल्लीवासियों को एक और तोहफा। चुनावी मौसम में केजरीवाल ने बिजली के बाद अब पानी का बकाया बिल भी माफ कर दिया है। पेज के फर्स्ट हाफ में तीसरी और आखिरी खबर कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई के बेनामी होटल पर जब्ती की कार्रवाई की न्यूज है। सेकंड हाफ में एक ही नेचर की दो न्यूज हैं। मसलन, ‘पाक की कई चौकियां तबाह’ और ‘पाक को सता रही गुलाम कश्मीर की चिंता’। चिदंबरम से जुड़ी खबर आज जागरण के फ्रंट पेज से नदारद है।
अब हिन्दुस्तान का फ्रंट पेज देखें तो यहां भी फुल पेज विज्ञापन की वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। अखबार में लीड दिल्लीवासियों को केजरीवाल की एक और सौगात है और इसके पास ही दो-दो कॉलम में तीन महत्वपूर्ण समाचारों को रखा गया है। जैसे कि चिदंबरम की परेशानी, डीडीए के प्लाट अब बिल्डर भी खरीद सकेंगे और कुलदीप के होटल पर कार्रवाई। हिन्दुस्तान ने जागरण की लीड यानी रिजर्व बैंक के फैसले पर बवाल को तीन कॉलम में प्रमुखता से पेज पर रखा है।
शटल क्वीन पीवी सिंधु की पीएम मोदी से मुलाकात को फोटो के साथ लगाया गया है, जो कि अच्छा फैसला है। एंकर में नडाल और झज्जर के सुमित का टेनिस मैच है। इसके अलावा फ्रंट पेज पर एक अच्छी खबर भी है। अरविंद सिंह ने अपनी इस स्टोरी में बताया है कि ट्रेन की चेयरकार श्रेणी के किराए में अब 25 प्रतिशत छूट मिलेगी। अब यह कैसे होगा, इसके लिए आपको न्यूज पढ़नी होगी।
आज अमर उजाला के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है। लीड दिल्लीवासियों को केजरीवाल की सौगात है, जिसे हर महत्वपूर्ण जानकारी के साथ पेश किया गया है। अमर उजाला ने बाकी अखबारों से अलग कुलदीप बिश्नोई पर कार्रवाई को बड़ी जगह दी है। ‘कांग्रेस नेता बिश्नोई की 150 करोड़ की संपत्ति जब्त’ शीर्षक के साथ इस समाचार को सेकंड लीड का दर्जा मिला है। चिदंबरम की परेशानी से जुड़ी खबर तीन कॉलम में है।
अमर उजाला ने पूर्व मंत्री पर आरोप लगाने वाली छात्रा की गुमशुदगी की खबर को प्रमुखता से लगाया है। जम्मू कश्मीर की दो अलग-अलग खबरों को एक पैकेज के रूप में पेज पर रखा गया है। इनमें पहली अपहरण के बाद हत्या और दूसरी घुसपैठ की नाकाम कोशिश है। अखबार ने सिंधु की पीएम से मुलाक़ात को एंकर में सजाया है और साथ ही डॉटेड बॉक्स में फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के नए नामकरण का समाचार है। अब कोटला स्टेडियम को अरुण जेटली स्टेडियम के नाम से जाना जाएगा। बाकी अखबारों ने भी इस खबर को जगह दी है। रिजर्व बैंक की आर्थिक सहायता पर बवाल को अमर उजाला ने फ्रंट पेज पर नहीं रखा है।
उधर, नवोदय टाइम्स में भी दिल्लीवासियों को सौगात की खबर लीड है। इसके पास दो कॉलम में पाकिस्तान की बौखलाहट की खबर है। रिजर्व बैंक की आर्थिक सहायता पर बवाल से जुड़ी न्यूज को प्रमुखता से लगाया गया है और इसमें वित्तमंत्री का कांग्रेस के आरोप का जवाब भी है। नवोदय टाइम्स ने मॉब लॉन्चिंग की खबर को उसकी अहमियत के अनुसार जगह दी है। समाचार का शीर्षक ‘ईयर फोन देखकर नहीं खरीदा तो पीटकर मारा’ एक ही नजर में बेकाबू होती स्थिति को बयां करता है।
एंकर में चीन में भारत की जेनरिक दवाओं की बिक्री से जुड़ा समाचार रखा गया है, जबकि सिंधु-पीएम मुलाकात छोटी सी फोटो के साथ संक्षिप्त में है। इसके अलावा पेज पर सड़क हादसे में 17 की मौत और डीडीए के दागी अफसरों पर कार्रवाई का समाचार है।
नवभारत टाइम्स के पाठकों को आज दो फ्रंट पेज मिले हैं। पहले पेज पर नजर डालें तो लीड दिल्लीवासियों को केजरीवाल की सौगात है, जिसे बेहद खूबसूरत अंदाज़ में हर छोटी-बड़ी जानकारी के साथ पेश किया गया है। इसके नीचे रविदास मंदिर विवाद और पूर्व मंत्री पर आरोप लगाने वाली छात्र के गायब होने का समाचार है। साथ ही ‘फ़ास्ट न्यूज’ में पांच सिंगल कॉलम खबरें लगाई गई हैं। दूसरे फ्रंट पेज की बात करें तो शुरुआत स्पोर्ट्स की बेहतरीन खबर के साथ हुई है। रंगीन बैकग्राउंड में लगी इस खबर की हेडलाइन अपने आप में सबकुछ बयां करती है। ‘फेडरर का दिल नडाल नहीं, अपने नागल ने जीता’, यह शीर्षक संभव है आपको पहली ही नज़र में समझ न आये, लेकिन जब आप खबर पढ़ेंगे तो सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा। लीड कश्मीर है, जिसमें बताया गया है कि घाटी को 15,00 करोड़ का गिफ्ट मिल सकता है। इसमें वैल्यू एडिशन के तौर पर पाकिस्तान की नई धमकी को रखा गया है।
धोखेबाजी और चोरी से जुड़ी दो खबरों को सिंगल कॉलम में जगह मिली है। इसमें से एक तो ट्रम्प के पूर्व पार्टनर से संबंधित है। इसके अलावा चिदम्बरम की परेशानी और बच्चा चोरी के शक में महिला की पिटाई की न्यूज भी पेज पर है। नवभारत टाइम्स के पहले फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन होने के कारण खबरों वाला भाग ही शो हो रहा है, इसलिए यहां पर खबरों वाले भाग को ही लगाया गया है जबकि दूसरा फ्रंट पेज पूरा शो हो रहा है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा