होम / प्रिंट / हिंदी अखबारों ने फ्रंट पेज पर आज रखीं ये खबरें
हिंदी अखबारों ने फ्रंट पेज पर आज रखीं ये खबरें
नवोदय टाइम्स में आज फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन है, जबकि दैनिक जागरण में कल की तरह आज भी तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर अर्थव्यवस्था की सुस्त रफ्तार को गति देने के लिए मोदी सरकार ने कुछ बड़ी घोषणाएं कीं और इन्हीं घोषणाओं को लगभग सभी अखबारों ने अपने फ्रंट पेज पर प्रमुखता से लगाया है। आज नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज से शुरुआत करें तो अखबार में इस पेज पर आधा पेज विज्ञापन है, इसलिए महज तीन बड़ी खबरों को ही लगाया जा सका है। लीड को ‘मंदी पर मरहम, अर्थव्यवस्था को पैकेज’ शीर्षक के साथ पांच कॉलम में बड़ी जगह मिली है। इसके पास दो कॉलम में चिदंबरम और फ्रांस में मोदी का भारतीयों के नाम संबोधन है। वायुसेना की कार्रवाई और पाकिस्तान की नई आफत से जुड़ी खबर को संक्षिप्त में रखा गया है।
वहीं, नवभारत टाइम्स ने फ्रंट पेज पर जन्माष्टमी और घोषणाओं को जोड़ते हुए लीड का शीर्षक ‘निर्मला ने फोड़ी हांडी, सबके लिए मलाई’ तैयार किया है। सबके लिए मलाई इसलिए कहा जा सकता है, क्योंकि आम आदमी से लेकर बैंकों-उद्योगों तक को वित्तमंत्री ने राहत प्रदान की है। लीड के पैकेज में दही हांड़ी फोड़ते हुए बच्चों की फोटो भी लगाई गई है, जिससे शीर्षक पूरी तरह से स्पष्ट हो गया है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर चिदंबरम हैं, जिन्हें ईडी से तो फौरी राहत मिली है, लेकिन सीबीआई से नहीं। दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के मोदी गुणगान को अखबार ने सिंगल में रखा है और गलती से अपना हेलिकॉप्टर मार गिराने वाले वायुसेना के पांच अधिकारियों से जुड़े समाचार को प्रमुखता के साथ दो कॉलम में लगाया गया है। इसके अलावा पेज पर फ्रांस में पीएम मोदी का आर्टिकल 370 पर दिया बयान है और इसी में वैल्यू एडिशन के रूप में पाक की नई आफत को रखा गया है। एंकर में स्थानीय महत्व की खबर को जगह मिली है। इसके अनुसार, एनसीआर में आने-जाने के लिए कैब मिलने में आज से दिक्कत होगी।
इसके अलावा दैनिक जागरण में आज भी विज्ञापनों की बौछार के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड को टॉप में पूरे आठ कॉलम जगह मिली है, जिसका शीर्षक ‘सुस्ती पर 32 सूत्री प्रहार, आगे और उपाय तैयार’ बेहद आकर्षक है। अन्य प्रमुख खबरों में चिदंबरम और पाकिस्तान की नई आफत हैं। टेरर फंडिग पर नजर रखने वाली वैश्विक संस्था ने पाक को काली सूची में डाल दिया है। नोटबंदी के दौरान अवैध लेन-देन के दोषी पंजाब नेशनल बैंक के तीन पूर्व अधिकारियों को कारावास का समाचार भी जागरण के फ्रंट पेज पर है, जबकि नवभारत टाइम्स से इस मामले में चूक हो गई है। इसी तरह जागरण वायुसेना के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की महत्वपूर्ण खबर के मामले में चूक कर गया है। यह समाचार छोटे या बड़े किसी भी रूप में फ्रंट पेज पर नहीं है। एंकर को पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के नाम समर्पित किया गया है।
आज अमर उजाला के फ्रंट पेज पर नजर डालें तो टॉप में सात कॉलम में वित्त मंत्री की सौगात है, जिसे बेहद खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। बैंक अफसरों को मिली सजा के खबर को भी प्रमुखता के साथ चार कॉलम में रखा गया है। पेज पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का एक सुंदर फोटो भी है। चिदंबरम को आज तीसरी प्रमुख खबर के रूप में फ्रंट पेज पर जगह मिली है। अमर उजाला ने आईएनएस बेतवा हादसे में नौसेना अधिकारियों पर कार्रवाई की खबर को पेज पर लगाया है, लेकिन वायुसेना की कार्रवाई से जुड़ी न्यूज नदारद है जबकि ये समाचार भी उतना ही महत्वपूर्ण था। एंकर में पाकिस्तान की नई आफत को विस्तार से समझाया गया है।
नोटः हिन्दुस्तान का ई-पेपर ओपन न होने के कारण आज इस अखबार को समीक्षा में शामिल नहीं किया जा सका है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा