होम / प्रिंट / आज अखबारों ने इन खबरों को दी फ्रंट पेज पर जगह
आज अखबारों ने इन खबरों को दी फ्रंट पेज पर जगह
हिन्दुस्तान में फ्रंट पेज पर एक बड़ा विज्ञापन है। अमर उजाला ने तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया है, जबकि दैनिक जागरण में आज दो फ्रंट पेज हैं
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख हिंदी अखबारों में आज भी कश्मीर ही सबसे बड़ी खबर है, लेकिन सभी ने अलग-अलग तरीके से इसे उठाया है। आज सबसे पहले हिन्दुस्तान पर नजर डालें तो फ्रंट पेज पर एक बड़ा विज्ञापन है। लीड मोदी और ट्रम्प की मुलाकात है, जिसकी प्रस्तुति आज उतनी आकर्षक नहीं है। दिल्ली में यमुना के लाल निशान पार करने को फोटो के साथ दर्शाया गया है। रविदास मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को प्रमुखता मिली है और इसके पास ही सिंगल में संगीतकार खय्याम के निधन का समाचार है। हिन्दुस्तान ने एयर इंडिया के विमान में आग की खबर को अहमियत के अनुसार जगह दी है। यहां यह न्यूज तीन कॉलम में है, जबकि नवभारत टाइम्स ने इसे संक्षिप्त में रखा है। इसके अलावा पेज पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की रिटायरमेंट आयु, चिदम्बरम को नोटिस, यूपी में पेट्रोल-डीजल महंगा होने का समाचार भी है। एंकर में चंद्रयान 2 से जुड़ी खबर है, जो आज चांद की कक्षा में पहुंचेगा।
आज अमर उजाला की बात की जाए तो पहले पेज पर फुल विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। अखबार में इस फ्रंट पेज पर भी दो बड़े विज्ञापन हैं। लीड मोदी-ट्रम्प मुलाकात है, जिसमें जम्मू-कश्मीर के हाल को भी शामिल किया गया है। इसके पास तीन कॉलम में यमुना का बढ़ता जलस्तर है और उसके नीचे केंद्रीय सुरक्षा बलों की रिटायरमेंट आयु संबंधी फैसले से जुड़ी खबर है। इस समाचार को आकर्षक अंदाज में संपूर्ण जानकारी के साथ पेश किया गया है। विमान में आग की खबर को भी प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा पेज पर रविदास मंदिर पर कोर्ट की टिप्पणी और आम आदमी पार्टी के विधायक को सात दिन की जेल से संबंधित न्यूज है। हालांकि, अमर उजाला ने संगीतकार खय्याम के निधन के समाचार को फ्रंट पेज पर नहीं रखा है।
इसके अलावा, नवोदय टाइम्स ने सबसे अलग पूरे आठ कॉलम में एक बड़ी जगह उफनती यमुना को दी है। इस खबर को बड़े फोटो के साथ लगाया गया है। साथ ही इसमें अन्य राज्यों की स्थिति का भी जिक्र है। लीड कश्मीर है, लेकिन मोदी-ट्रम्प मुलाकात के बजाय घाटी के हालात को प्रमुखता मिली है, जबकि मुलाकात को बॉक्स में रखा गया है। राज ठाकरे को ईडी के नोटिस से जुड़ी खबर को दो कॉलम में लगाया गया है, लेकिन केंद्रीय सुरक्षा बलों की रिटायरमेंट आयु संबंधी महत्वपूर्ण खबर पेज पर नहीं है। साथ ही विमान में आग की खबर को भी जगह नहीं मिली है। हालांकि, आरक्षण पर मोहन भागवत के बयान से छिड़ी महाभारत, अरुण जेटली की बिगड़ती सेहत और संगीतकार खय्याम के निधन का समाचार पेज पर है. वहीं, एंकर में सामाजिक पहल से जुड़ी एक अच्छी खबर है।
आज नवभारत टाइम्स का फ्रंट पेज देखें तो यह बेहद आकर्षक लग रहा है। आफत की बारिश को जिस खूबसूरत तरीके से पेश किया गया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। ‘कश्मीर में शांति का अमिट प्लान’ शीर्षक के साथ लीड लगाई गई है। अपनी इस स्टोरी में वीरेंद्र कुमार ने बताया है कि गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर को पटरी पर लाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। लीड में ही मोदी-ट्रम्प की बातचीत और घाटी में सामान्य होते हालातों का भी जिक्र है। नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर आज भी काफी विज्ञापन है, लेकिन इसके बावजूद हर महत्वपूर्ण खबर को पेज पर रखने का प्रयास किया गया है। इनकम टैक्स की दरों में बड़े बदलाव की सिफारिश को दो कॉलम जगह मिली है, और इसके पास ही चार अहम समाचारों को छोटा-छोटा करके लगाया गया है। मसलन, विमान खरीद पर चिदम्बरम को नोटिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों में 60 की उम्र पर रिटायरमेंट सहित अन्य दो खबरें हैं। इसके अलावा स्थानीय अपराध समाचार और रविदास मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को भी सिंगल में लगाया गया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ एवं संगीतकार खय्याम की खबर ‘फास्ट न्यूज’ में है।
वहीं, दैनिक जागरण ने आज दो फ्रंट पेज बनाये हैं। पहले पेज पर आर्थिक मंदी की आहट पर आरबीआई गवर्नर के बयान को लीड बनाया गया है और दूसरी खबर चिदम्बरम को नोटिस है। दूसरे फ्रंट पेज की बात करें तो मोदी-ट्रम्प मुलाकात सबसे बड़ी खबर है, जबकि बालाकोट के बाद भारतीय सेना की तैयारी को दूसरी प्रमुख न्यूज का दर्जा दिया गया है। उफनती यमुना दो कॉलम में है और एंकर मिशन कश्मीर को समर्पित है। अपनी स्टोरी में नवीन नवाज ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल द्वारा तैयार किये गए 4M एक्शन प्लान के बारे में बताया है। इसके अलावा खय्याम, चंद्रयान सहित दो अन्य समाचार संक्षिप्त में हैं। दो फ्रंट पेज होने के बावजूद जागरण ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की रिटायरमेंट आयु और विमान में आग की खबर को जगह नहीं दी है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा