होम / प्रिंट / आज हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज पर रहीं ये प्रमुख खबरें
आज हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज पर रहीं ये प्रमुख खबरें
राजधानी दिल्ली से प्रकाशित होने वाले हिंदी के प्रमुख अखबारों में विज्ञापनों की बरसात जारी है
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों में विज्ञापनों की बरसात जारी है। नवभारत टाइम्स, हिन्दुस्तान और दैनिक जागरण में आज जैकेट विज्ञापन है और अंदर के पृष्ठों को फ्रंट पेज बनाया गया है।सबसे पहले आज अमर उजाला की बात करते हैं। अखबार में आज फ्रंट पेज पर भी दो बड़े विज्ञापन हैं। अखबार का प्रथम पृष्ठ आज बाकी दिनों की अपेक्षा कुछ अलग नजर आ रहा है। वो इसलिए कि लीड शीर्षक के नीचे दो-तीन खबरों का पैकेज लगाने के बजाय एक ही नेचर के दो समाचारों को एक जैसे रूप में प्रस्तुत किया गया है और कॉमन आईब्रो से उन्हें जोड़ा गया है। एक खबर घाटी का हाल बयां करती है और दूसरी पाकिस्तान को आईना दिखाती है। इसके पास ही घर खरीदारों को राहत से जुड़ी खबर को दो कॉलम में लगाया गया है। अखबार ने अरुण जेटली के एम्स में भर्ती होने को भी बड़ी जगह दी है। इसके अलावा, ‘न्यूज डायरी’ में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा सहित दो अन्य खबरें हैं।
आज यदि नवोदय टाइम्स का फ्रंट पेज देखें तो इस पेज पर कोई बड़ा विज्ञापन नहीं है, इसलिए पाठकों के पढ़ने के लिए काफी कुछ है। हालांकि, अखबार ने आज भी पैकेज को तवज्जो न देते हुए एक ही प्रकृति की खबरों को अलग-अलग लगाया है। लीड कश्मीर में सामान्य होते हालातों को रखा गया है, इसमें अजीत डोभाल की कश्मीर यात्रा और भारत की पाकिस्तान को नसीहत को भी जगह मिली है। हालांकि, पाकिस्तान की हरकतों को लीड के साथ न लगाकर अलग से तीन कॉलम में रखा गया है। अरुण जेटली को दो कॉलम जगह मिली है, अयोध्या विवाद को भी बॉक्स में प्राथमिकता देते हुए लगाया गया है। एंकर वाले स्थान पर दो समाचारों को रखा गया है, पहला जिसे काफी पढ़ा जाएगा वो कांग्रेस अध्यक्ष पर फैसले से जुड़ा है, जबकि दूसरा विधायक सेंगर पर कसता शिकंजा है। काफी जगह होने के बावजूद पेज पर क्रिकेटरों के डोप टेस्ट को नहीं रखा गया है। यदि पड़ोसी की हरकतों को लीड का हिस्सा बनाया जाता, तो इस न्यूज को उसकी जगह लगाया जा सकता था।
इसके अलावा यदि नवभारत टाइम्स पर नजर डालें तो अखबार में तीसरा पेज प्रथम पृष्ठ है और उसमें भी ज्यादा खबरों की गुंजाइश नहीं है। पेज की शुरुआत टॉप बॉक्स में स्थानीय महत्व की खबर ‘मेट्रो के नीचे एलिवेटेड रोड दो रूट पर’ के साथ हुई है। लीड आज भी पाकिस्तान का हाल है। हमारा पड़ोसी हमसे रिश्ते तोड़ने की धमकी ऐसे दे रहा है, जैसे उसके साथ के बिना हम बर्बाद ही हो जाएंगे। तीन कॉलम में नीचे तक उतारी गई लीड में घाटी की स्थिति पर भी प्रकाश डाला गया है। इसके बाद तीन महत्वपूर्ण समाचार एक-एक कॉलम में हैं। मसलन, दिवालिया बिल्डरों के घर खरीदारों को राहत, अयोध्या पर रोज सुनवाई होगी और विधायक सेंगर पर पास्को का केस भी लगेगा’। बारिश से बेहाल देश के कुछ हिस्सों को फोटो के साथ रिवर्स में लगाया गया है। इसके अलावा, पेज पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, क्रिकेटरों का डोप टेस्ट और अरुण जेटली की तबीयत से जुड़ी खबर भी है।
वहीं, दैनिक जागरण के फ्रंट पेज पर विज्ञापनों के चलते आज भी चार ही खबरें लग सकी हैं। लीड भारत की पाकिस्तान को नसीहत है। इसके पास ही डीप सिंगल में अरुण जेटली की खबर को लगाया गया है। अखबार ने रेप के आरोपी विधायक सेंगर पर कसते शिकंजे को भी प्रमुखता दी है। अयोध्या विवाद की सुनवाई को तीन कॉलम जगह मिली है, इसके अलावा पेज पर कुछ संक्षिप्त सिंगल समाचार हैं।
आज हिन्दुस्तान ने दो फ्रंट पेज बनाये हैं, पहला तीन नंबर और दूसरा पांच नंबर पेज। दोनों ही फ्रंट पेजों पर लगभग आधा पेज विज्ञापन है। पहले प्रथम पृष्ठ पर लीड भारत की पाकिस्तान को नसीहत है, जिसमें पड़ोसी के हाल और घाटी की बदलती स्थिति को भी जगह मिली है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को ऊपर एक बड़ी जगह में रखा गया है, ऐसे समाचारों में पाठकों की दिलचस्पी अपेक्षाकृत ज्यादा रहती है। इसके नीचे अयोध्या मसले पर रोज सुनवाई और चार महत्वपूर्ण सिंगल हैं। सिंगल खबरों में सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर है गुरमीत राम रहीम को पैरोल नहीं मिलना। इस मुद्दे को लेकर पहले काफी बवाल मच चुका है। इसके अलावा मोहल्ला क्लीनिक के अब 12 घंटे खुला रहने का समाचार स्थानीय लोगों के लिए अहमियत रखता है। दूसरे फ्रंट पेज पर अख़बार ने घर खरीदारों के लिए महत्वपूर्ण खबर को लीड रखा है। जिसका शीर्षक ‘बिल्डर दिवालिया, तो भी घर खरीदारों को मिलेगा धन’ एक ही नज़र में सब कुछ स्पष्ट कर देता है। इसके अलावा, कांग्रेस के नए अध्यक्ष पर फैसला आज और सेंगर पर कसते शिकंजे को दो-दो कॉलम जगह मिली है। क्रिकेटरों के डोप टेस्ट को भी प्रमुखता दी गई है। हिन्दुस्तान ने अरुण जेटली के एम्स में भर्ती होने के समाचार को दोनों में से किसी भी फ्रंट पेज पर नहीं लगाया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा