होम / प्रिंट / हिंदी के अखबारों ने आज फ्रंट पेज पर इन खबरों को दी जगह
हिंदी के अखबारों ने आज फ्रंट पेज पर इन खबरों को दी जगह
आज भी प्रमुख अखबारों में काफी विज्ञापन है, जिसकी वजह से कई अखबारों ने खबरों के लिहाज से अपने तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया है
नीरज नैयर 6 years ago
कश्मीर पर ऐतिहासिक कदम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन आज सभी अखबारों की सबसे प्रमुख खबर है। नवोदय टाइम्स से लेकर नवभारत टाइम्स तक सभी ने इसे फ्रंट पेज पर प्रमुखता से लगाया है।
आज सबसे पहले हम नवोदय टाइम्स की बात करते हैं। इस अखबार ने पीएम के संबोधन को बेहद आकर्षक शीर्षक ‘कश्मीर पर भरोसे का मरहम’ के साथ लगाया है। इसके अलावा संबोधन के समय और तारीख के संयोग को भी दर्शाया गया है, 8:8:8 यानी रात आठ बजे, आठ तारीख और आठवां महीना। हालांकि, अखबार ने कश्मीर की खबरों को एक पैकेज में रखने के बजाय अलग-अलग लगाया है। जैसे पाकिस्तान की बौखलाहट को डीप डीसी में लगाया है, गुलाम नवी आजाद को अलग से दो कॉलम में और उसके साथ ही 370 पर सुप्रीम कोर्ट का जल्द सुनवाई से इनकार एवं शाहनवाज हुसैन का बयान। इसके बावजूद कांग्रेस नेता कर्ण सिंह को जगह नहीं मिली है। यदि सभी संबंधित समाचारों को एक पैकेज में लगाया जाता तो ज्यादा अच्छा रहता। प्रणब मुखर्जी को लीड के पास ही बड़ी फोटो के साथ रखा गया है, जबकि सबसे नीचे सेल चेयरमैन पर हमले की न्यूज है।
नवभारत टाइम्स में आज भी काफी विज्ञापन है, इस वजह से तीन और पांच नंबर पृष्ठ को फ्रंट पेज बनाया गया है। पहले फ्रंट पेज पर पीएम का संबोधन बेहद आकर्षक अंदाज में टॉप बॉक्स है, जबकि लीड पाकिस्तान की बौखलाहट है। पाक ने समझौता एक्सप्रेस रोक दी है। यह पूरा पेज एक तरह से कश्मीर स्पेशल है। दूसरे फ्रंट पेज पर अखबार ने दिल्ली से जुड़ी अहम खबर को प्राथमिकता दी है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार हर महीने 15 जीबी डाटा मुफ्त देगी, आज के वक्त में युवाओं के लिए इससे बड़ी खबर भला और क्या हो सकती है। इसके नीचे अयोध्या पर सुनवाई को रिवर्स में रखा गया है, इस वजह से कम जगह में भी समाचार को प्राथमिकता मिल गई है। पेज पर प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न के साथ ही स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (सेल) के चेयरमैन से जुड़ी रोड रेज की खबर भी है। आज पहले फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन है, जबकि आधे पेज पर खबर है। विज्ञापन वाला हिस्सा डिस्प्ले न होने के कारण यहां पर सिर्फ खबरों वाला हिस्सा दिखाया गया है। इसके अलावा दूसरा फ्रंट पेज पूरा डिस्प्ले हो रहा है। दोनों पेजों को आप यहां देख सकते हैं।
इसी तरह, विज्ञापनों की वजह से दैनिक जागरण के फ्रंट पेज पर महज चार बड़ी खबरें ही लग सकी हैं। लीड यहां भी पीएम का संबोधन है, जिसे डीप तीन कॉलम में रखा गया है। इसके बाद पाकिस्तान की बौखलाहट और एक बड़ी जगह में कांग्रेस नेता कर्ण सिंह की खबर को लगाया गया है। सिंह ने पार्टी से इतर कश्मीर मसले पर मोदी सरकार के कदम की सराहना की है। नीचे दो कॉलम में अयोध्या पर सुनवाई है, इसके अलावा पेज पर दो बागी आप विधायकों की विधानसभा सदस्यता रद्द होने का भी समाचार सिंगल में है। यह न्यूज नवभारत टाइम्स और हिन्दुस्तान ने भी प्रथम पृष्ठ पर रखी है।
इसके अलावा, हिन्दुस्तान में विज्ञापनों की भरमार के चलते अखबार ने पांचवें पेज को फ्रंट पेज बनाया है। लीड ‘कश्मीर को सारे हक देंगे’ शीर्षक के साथ पीएम का संबोधन है, जिसमें पाक की बौखलाहट को भी शामिल किया गया है। भारत रत्न बने प्रणब मुखर्जी को फोटो के साथ टॉप पर लगाया गया है, जबकि दिल्लीवासियों को मुफ्त इंटरनेट के तोहफे की खबर को दो कॉलम जगह मिली है। राम जन्मभूमि पर सुनवाई को भी प्रमुखता के साथ रखा गया है। इसके अलावा पेज पर सेल के चेयरमैन पर हमला और उन्नाव कांड की खबर भी है। सीबीआई का कहना है कि पीड़िता के पिता को विधायक सेंगर ने ही फंसाया था। यह समाचार अन्य अखबारों के फ्रंट पेज पर नहीं है, केवल हिन्दुस्तान ने ही इसे उठाया है। एंकर में पढ़ी जाने वाली स्टोरी है, जिसके अनुसार युमना एक्सप्रेस वे को रईसों ने रेसिंग ट्रैक में तब्दील कर दिया है।
वहीं, अमर उजाला ने तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया है, लेकिन उस पर भी काफी विज्ञापन है। अखबार ने लीड पीएम के संबोधन को ही बनाया है और पैकेज के रूप में पाकिस्तान की बौखलाहट और कर्ण सिंह को भी उसी में जगह दी गई है। लीड को आज भी खूबसूरती के साथ पेश किया गया है। भारत रत्न प्रणब मुखर्जी को फोटो के साथ टॉप पर रखा गया है, जबकि मुफ्त इंटरनेट की खबर दो कॉलम में है। अयोध्या पर सुनवाई और बागी विधायकों को सिंगल कॉलम में जगह मिली है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा