होम / प्रिंट / हेडलाइन के जरिए दैनिक भास्कर ने NCR को दिया ये नया नाम
हेडलाइन के जरिए दैनिक भास्कर ने NCR को दिया ये नया नाम
अमर उजाला में जैकेट विज्ञापन की वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, जबकि दैनिक जागरण में दो फ्रंट पेज बनाए गए हैं
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली की हवा दिनोंदिन जहरीली होती जा रही है। यही वजह है कि इस खतरे को आज भी राजधानी दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अखबारों ने प्रमुखता से अपने फ्रंट पेज पर रखा है। शुरुआत करते हैं हिन्दुस्तान से। हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर केवल एक छोटा विज्ञापन है, नतीजतन काफी खबरों को पेज पर जगह मिली है। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, जिसे आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। हालांकि, आज से शुरू हो रहे ऑड-ईवन को लीड का हिस्सा न बनाते हुए अलग से तीन कॉलम में रखा गया है। यदि दोनों खबरों को एक साथ रखते तो एक अन्य समाचार को जगह मिल सकती थी।
महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को हिन्दुस्तान ने आज केवल सिंगल कॉलम जगह दी है। इसके अलावा, जासूसी पर कांग्रेस का वार, वकील-पुलिस कांड की न्यायिक जांच के आदेश और पीएम मोदी के विदेश दौरे को भी फ्रंट पेज पर रखा गया है। एंकर में भी दिल्ली की जहरीली हवा से जुड़ा समाचार है। सोशल मीडिया पर लोग इस मुद्दे को लेकर सरकार पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। इसके साथ ही चार सिंगल समाचार भी हैं। मसलन, 9 घंटे निर्धारित होगी नौकरी, जहाज में प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक, अलगाववादियों के बैंक खाते होंगे फ्रीज और 50 युवाओं ने छोड़ी आतंक की राह।
आज अमर उजाला में जैकेट विज्ञापन है और इस वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड जहरीली हवा है, जिसे पांच कॉलम जगह मिली है। वकील-पुलिस कांड को तीन कॉलम में उतारा गया है। महाराष्ट्र के सियासी संग्राम और पीएम मोदी के विदेश दौरे को भी प्रमुखता के साथ जगह दी गई है। एनआरसी पर चीफ जस्टिस के बयान को सिंगल में लगाया है, वहीं कर्ज में डूबी हनुंज टॉयज के प्रमोटर पर कार्रवाई की खबर को दो कॉलम में रखा गया है। एंकर में जासूसी पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर वार है। इसके अलावा, पेज पर करतारपुर का एक खूबसूरत फोटो भी है। इमरान खान ने करतारपुर परिसर और गुरुद्वारा साहिब की कुछ फोटो ट्विटर पर शेयर की थीं, जिनमें से एक को अमर उजाला ने पेज पर सजाया है।
अब दैनिक जागरण की बात करें तो आज दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं। पहला फ्रंट पेज दिल्ली की जहरीली हवा के नाम है, जबकि दूसरे फ्रंट पेज पर माला दीक्षित की स्टोरी को लीड लगाया गया है। माला बता रही हैं कि अयोध्या विवाद पर नजूल की जमीन कहीं पेंच न फंसा दे। अब ऐसा क्यों है, इसके लिए आपको स्टोरी पढ़नी होगी। दूसरी प्रमुख खबर आसियान देशों के प्रमुखों के साथ पीएम मोदी की मुलाकात है, जिसे डीप तीन कॉलम में रखा गया है। हालांकि खबर का प्रेजेंटेशन बेहद सामान्य है और डीप तीन कॉलम की सिंगल लाइन हेडिंग देने से यह और भी अटपटा हो गया है।
इसके अलावा, वॉट्सऐप जासूसी कांड पर कांग्रेस का सरकार पर वार और वकील-पुलिस भिड़ंत पर कोर्ट के रुख को भी पेज पर जगह मिली है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रियंका गांधी का भी मोबाइल हैक किया गया था। वहीं, हाई कोर्ट ने दो अफसरों के तबादले सहित वकील-पुलिस भिड़ंत की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। एंकर में घाटी से जुड़ी खबर है। 50 युवाओं ने आतंक की राह छोड़कर घर वापसी की है।
वहीं, दैनिक भास्कर में लीड जहरीली हवा है, जिसे ‘नेशनल स्मॉग रीजन’ शीर्षक के साथ लगाया गया है। दैनिक भास्कर के मुताबिक, अब एनसीआर की स्थिति ये हो गई है कि उसे एनएसआर यानी नेशनल स्मॉग रीजन कहा जाना चाहिए। लीड में ही आज से शुरू हो रही ऑड-ईवन स्कीम को जगह दी गई है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर है महाराष्ट्र का सियासी संग्राम। शिवसेना अपना मुख्यमंत्री बनाये जाने पर अड़ी है, जबकि भाजपा इसके लिए तैयार नहीं है। दिल्ली में वकीलों और पुलिस की भिड़ंत से जुड़े समाचार को भी तवज्जो मिली है। अदालत ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
इसके अलावा, वॉट्सऐप जासूसी पर कांग्रेस का सरकार पर वार और एनआरसी पर चीफ जस्टिस के बयान को पेज पर लगाया गया है। एंकर में आईआईटी प्रोफेसर की कहानी है, जिनकी टीम ने 55 डिवाइस बनाकर पेटेंट लिए हैं। इसके साथ ही दैनिक भास्कर ने फ्रंट पेज एक ऐसी खबर को भी रखा है, जिसे सबसे ज्यादा पढ़ा जायेगा। वो है, कामकाजी घंटे बढ़ाए जाने की सिफारिश। केंद्र सरकार ने वेज कोड रूल्स का ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसमें काम के घंटों को 8 से बढ़ाकर 9 करने की बात कही गई है। यानी आने वाले दिनों में आपको ऑफिस में ज्यादा समय गुजारना पड़ेगा और वो भी उतनी ही सैलरी में।
आखिर में आज नवभारत टाइम्स का रुख करते हैं। अखबार के फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन के चलते महज चार खबरों की गुंजाइश ही बन पाई है। लीड जहरीली हवा है, जिसके शीर्षक को कलात्मक बनाने का प्रयास किया गया है, लेकिन बात बन नहीं पाई है। हेडलाइन ‘धुआंधार जहर’ भले ही दिल्ली की स्थिति को बखूबी बयां करती हो, मगर यह आकर्षक नहीं है। हां, लीड का फोटो जरूर लोगों का ध्यान खींचने वाला है। प्रदूषण के झाग वाली यमुना में महिलाएं छठ की पूजा कर रही हैं। इसके अलावा, प्रियंका फोन हैक, वकील-पुलिस भिड़ंत में न्यायिक जांच के आदेश और टी-20 में भारत पर बांग्लादेश की जीत पेज पर है।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट के मामले में आज अमर उजाला और दैनिक भास्कर सबसे आगे कहे जा सकते हैं। दोनों अखबारों का फ्रंट पेज खुला-खुला और आकर्षक दिखाई दे रहा है।
2: खबरों की प्रस्तुति में हिन्दुस्तान, अमर उजाला और भास्कर तीनों ही अव्वल हैं। खासकर लीड को तीनों ने बेहतरीन अंदाज़ में सजाया है।
3: कलात्मक शीर्षक आज सिर्फ दैनिक भास्कर में नजर आ रहा है। अखबार ने प्रदूषण के चलते एनसीआर को एनएसआर कहा है यानी नेशनल स्मॉग रीजन। वैसे, नवभारत टाइम्स ने भी प्रयास किया है, लेकिन उसे सफल नहीं कहा जा सकता।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा