होम / प्रिंट / आज कुछ ऐसे दिख रहे हैं हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज
आज कुछ ऐसे दिख रहे हैं हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज
अमर उजाला के फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है, जबकि दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
जब अधिकांश अखबार एक ही खबर को फ्रंट पेज की लीड के रूप में पेश करें तो उसकी अहमियत को समझा जा सकता है। दिल्ली की जहरीली हवा आज अखबारों की सबसे बड़ी खबर है। आज सबसे पहले अमर उजाला की बात करते हैं। अखबार का फ्रंट पेज आज खाली है, यानी कोई विज्ञापन नहीं है। दिल्ली की जहरीली हवा लीड के रूप में पूरे आठ कॉलम में है, जिसे दो फोटो के साथ आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। झारखंड में पांच चरणों में होंगे चुनाव, तिहाड़ में ही रहेंगे चिदंबरम और रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमले में छह दोषी करार, इन खबरों को अहमियत के हिसाब से पेज पर जगह दी गई है। वहीं, करतारपुर पर पाकिस्तान का नरम रुख और पीएम मोदी की जर्मन चांसलर एंजेला मार्केल से मुलाकात पेज के सेकंड हाफ में हैं।
पाकिस्तान ने अब साफ किया है कि सिख श्रद्धालुओं को करतारपुर आने के लिए पासपोर्ट की जरूरत नहीं होगी, जबकि भारत दौरे पर पहुंचीं एंजेला मार्केल ने कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि घाटी के मौजूदा हालात बदलने चाहिए। अमर उजाला ने इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर मिले संदिग्ध बैग की खबर को एंकर में लगाया है। इसके अलावा, पीएमसी बैंक के एक और खाताधारक की मौत सहित डीजीसीए की इंडिगो को चेतावनी से जुड़ी खबर भी पेज पर है। डीजीसीए का कहना है कि इंडिगो 19 तक विमानों के इंजन बदले, अन्यथा उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। महाराष्ट्र का सियासी संग्राम, गैर सब्सिडी वाला सिलेंडर 76.50 रुपए महंगा, इन समाचारों सहित चार खबरों को संक्षिप्त में जगह मिली है।
अब दैनिक जागरण का रुख करें तो जैकेट विज्ञापन की वजह से तीसरे पेज को फ्रंट पेज की शक्ल दी गई है। हालांकि, वहां भी दो बड़े विज्ञापन हैं। लीड दिल्ली की जहरीली हवा है, जिसे टॉप में सात कॉलम में रखा गया है। वॉट्सऐप पर जासूसी की खबर को दैनिक जागरण ने प्रमुखता के साथ पेज पर रखा है, जिसके मुताबिक वॉट्सऐप ने सरकार से जासूसी की जानकारी छिपाई है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के सियासी संग्राम से जुड़ी ओमप्रकाश तिवारी की बाईलाइन भी फ्रंट पेज पर है। खबर बताती है कि शिवसेना के रुख से नाराज भाजपा ने राज्य में राष्ट्रपति शासन की धमकी दी है। इस तरह से महज तीन बड़ी खबरों में ही फ्रंट पेज समाप्त हो गया है। हालांकि, संक्षिप्त में आठ समाचारों को जगह मिली है, जिनमें करतारपुर, चिदंबरम, झारखंड चुनाव की घोषणा भी शामिल है।
उधर, दैनिक भास्कर ने दिल्ली की जहरीली हवा को पूरे आठ कॉलम में लीड लगाया है। अखबार ने इस खबर को काफी विस्तार से पाठकों के समक्ष रखा है, ताकि उन्हें हर छोटी-बड़ी जानकारी मिल सके। महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को भी अखबार ने प्रमुखता दी है। खबर का शीर्षक सपाट रखने के बजाय शिवसेना द्वारा भाजपा पर किये गए तंज से निकाला गया है, जो कि इसे पढ़ने में दिलचस्पी जगाता है। करतारपुर पर पाकिस्तानी नरमी, इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर मिला संदिग्ध बैग और चिदंबरम की मुश्किलों के साथ ही झारखंड चुनाव की घोषणा भी पेज पर है। एंकर में अमित कुमार निरंजन की बाईलाइन स्टोरी है। अमित ने बताया है कि गगनयान में जाने वाले अन्तरिक्ष यात्री बिना पानी के स्प्रे से नहायेंगे और ऐसा करने वाला भारत पहला देश होगा। इसके अलावा, कुछ अन्य समाचारों को संक्षिप्त में जगह मिली है।
नवभारत टाइम्स के फ्रंट पेज पर दो बड़े विज्ञापन हैं, इसके बावजूद ज्यादा से ज्यादा खबरों को पेज पर जगह दी गई है। लीड ‘सेहत की इमरजेंसी’ शीर्षक के साथ दिल्ली की जहरीली हवा को रखा गया है। इसी में सोमवार से शुरू होने वाली ऑड-ईवन स्कीम का जिक्र है। करतारपुर पर पाकिस्तानी नरमी को टॉप पर प्रमुखता के साथ रखा गया है और इसी के नीचे जर्मन चांसलर की पीएम मोदी से मुलाकात को जगह मिली है। महाराष्ट्र के सियासी संग्राम को नवभारत टाइम्स ने आज भी बड़ी जगह दी है, जबकि इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर मिले संदिग्ध बैग की खबर को सिंगल कॉलम में लगाया गया है। पेज पर ऑटो सेक्टर को राहत देने वाली खबर भी है, जिसके मुताबिक त्योहारी सीजन में कारों की बिक्री ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी। इसके अलावा पांच अन्य सिंगल समाचारों को जगह मिली है। मसलन, तिहाड़ में ही रहेंगे चिदंबरम, इंडिगो को चेतावनी, दिल्ली सरकार के दफ्तरों में आज छठ की छुट्टी, जासूसी पर वॉट्सऐप का जवाब और सबसे ज्यादा फैसले देने का जज ने बनाया रिकॉर्ड। इलाहबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ जज अब तक एक लाख 30 हजार से ज्यादा मामलों में फैसला सुना चुके हैं।
सबसे आखिर में बात करते हैं हिन्दुस्तान की। जैकेट विज्ञापन के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, लेकिन वहां भी लगभग आधा पेज विज्ञापन है। ‘दिल्ली में हेल्थ इमरजेंसी’ शीर्षक और एक बड़ी फोटो के साथ जहरीली होती हवा को लीड रखा गया है। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर संदिग्ध बैग मिलने से मची अफरा-तफरी को प्रमुखता से तीन कॉलम में लगाया गया है। महाराष्ट्र का सियासी संग्राम और जासूसी पर वॉट्सऐप का बयान सिंगल कॉलम में है। इसके अलावा, पेज पर मदन जैड़ा की बाईलाइन स्टोरी भी है। इसमें बताया गया है कि कर्मचारियों की सेहत पर सरकार आठ गुना खर्च करती है।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: ले-आउट के मामले में आज अमर उजाला, नवभारत टाइम्स के साथ ही दैनिक भास्कर अव्वल हैं। तीनों अखबारों का फ्रंट पेज काफी आकर्षक दिखाई दे रहा है।
2: खबरों की प्रस्तुति पर नजर डालें तो दैनिक जागरण को छोड़कर सभी ने इस मामले में अच्छा किया है। वैसे, अमर उजाला और नवभारत टाइम्स ने एक और अच्छी बात ये की है कि छठ पर्व को मास्टहेड में लगाया है। छठ बिहारियों के लिए बड़ा त्योहार है और दिल्ली में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रहते हैं। इस तरह का प्रयोग उन्हें अखबार से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास कहा जा सकता है।
3: कलात्मक शीर्षक के मामले में आज भी किसी अखबार ने ज्यादा काम नहीं किया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा