होम / प्रिंट / क्या ‘ECONOMIC TIMES’ से अलग हो रहे हैं वरिष्ठ पत्रकार बोधिसत्व गांगुली?
क्या ‘ECONOMIC TIMES’ से अलग हो रहे हैं वरिष्ठ पत्रकार बोधिसत्व गांगुली?
बोधिसत्व गांगुली फरवरी 1999 से इस अंग्रेजी बिजनेस अखबार में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
दैनिक बिजनेस अखबार ‘इकनॉमिक टाइम्स’ (ET) से जुड़ी एक बड़ी खबर मीडिया इंडस्ट्री में इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संस्थान में सलाहकार की भूमिका (advisory role) निभा रहे वरिष्ठ पत्रकार बोधिसत्व गांगुली यहां से इस्तीफा दे सकते हैं। इससे पहले बोधिसत्व गांगुली इस अखबार में एक दशक से ज्यादा समय से एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर अपनी भूमिका निभा रहे थे।
हालांकि, हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (e4m) से बातचीत में बोधिसत्व गांगुली ने अपने इस्तीफे की बात से इनकार करते हुए इस तरह की खबरों को महज अफवाह बताया है। इस बारे में ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड’ (BCCL) के सीईओ और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर शिवकुमार सुंदरम से भी जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी।
इस तरह की खबरों के बीच यह सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या बोधिसत्व गांगुली को यहां कोई और स्ट्रैटेजिक भूमिका दी जा सकती है अथवा वह पूरी तरह से यहां से अलग हो रहे हैं?
बता दें कि गांगुली इस अखबार के साथ फरवरी 1999 से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने ‘इकोनॉमिक टाइम्स’ में विश्वसनीयता, प्रामाणिकता और भरोसा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इस्तीफे का मतलब इस पब्लिकेशन में लगभग 25 वर्षों के शानदार कार्यकाल का अंत होगा।
बोधिसत्व गांगुली मुंबई में शुरुआती सफर के दौरान इस अखबार के कॉरपोरेट ब्यूरो चीफ भी रह चुके हैं। इसके बाद वह एडिट पेज के एडिटर बन गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ष 2008 में वह न्यूज में वापस लौट आए और उन्हें मुंबई एडिशन का रेजिडेंट एडिटर (हेड) नियुक्त कर दिया गया।
‘इकनॉमिक टाइम्स’ से पहले गांगुली जुलाई 1991 से फरवरी 1999 तक बिजनेस इंडिया मैगजीन के साथ काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो बोधिसत्व गांगुली कोलकाता के ‘Presidency College’ से इकनॉमिक्स में ग्रेजुएट हैं। इसके साथ ही उन्होंने ‘दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स’ से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है।
गौरतलब है कि सितंबर 2023 की शुरुआत में ‘e4m’ ने खबर दी थी कि गांगुली ‘ईटी’ की नेतृत्व टीम के मेंटर और मार्गदर्शक के रूप में अधिक रणनीतिक भूमिका निभाने के लिए यहां परिचालन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से पीछे हट जाएंगे। फिलहाल वरिष्ठ पत्रकार श्रुतिजीत केके यहां एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
टैग्स इकनॉमिक टाइम्स शिवकुमार सुंदरम श्रुतिजीत केके ईटी बिजनेस अखबार बोधिसत्व गांगुली