होम / प्रिंट / आउटलुक को बाय बोल वरिष्ठ संपादक हरवीर सिंह ने नई दिशा में बढ़ाए कदम
आउटलुक को बाय बोल वरिष्ठ संपादक हरवीर सिंह ने नई दिशा में बढ़ाए कदम
पूर्व में तमाम मीडिया संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं हरवीर सिंह
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
हिंदी की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘आउटलुक’ (outlook) से एक बड़ी खबर है। खबर ये है कि इस पत्रिका के संपादक हरवीर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की जानकारी हरवीर सिंह ने खुद समाचार4मीडिया को दी है। उन्होंने अपने फेसबुक वॉल पर भी इसका जिक्र किया है। इस पोस्ट में हरवीर सिंह ने बताया है कि उन्होंने अब ‘हिंद किसान’ (Hind Kisan) में बतौर एडिटर-इन-चीफ नई पारी की शुरुआत कर दी है।
हिंद किसान ‘स्वराज एक्सप्रेस’ (Swaraj Express) न्यूज चैनल का ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिस पर कृषि और ग्रामीण भारत पर फोकस किया जाता है। मूल रूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले हरवीर सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। पूर्व में वह ‘मनी भास्कर’ (Bhaskar) में एडिटर के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह ‘अमर उजाला’ (Amar Ujala) में सीनियर एडिटर भी रह चुके हैं।
इस बारे में ‘स्वराज एक्सप्रेस’ के सीईओ व एडिटर-इन-चीफ गुरदीप सिंह सप्पल ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा है, 'हिंद किसान में बतौर एडिटर-इन-चीफ हरवीर सिंह की नियुक्ति को लेकर मैं काफी खुश हूं। हरवीर सिंह जाने-माने पत्रकार हैं और ग्रामीण व वित्तीय पत्रकारिता पर उनकी काफी गहरी पकड़ है। मैं स्वराज फैमिली में हरवीर सिंह का स्वागत करता हूं।'
बता दें कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने पर हरवीर सिंह को तमाम प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है। मेरठ विश्वविद्यालय से इकनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएट हरवीर सिंह उत्तर प्रदेश की सुगर इंडस्ट्री पर रिसर्च पेपर भी लिख चुके हैं, जो इकनॉमिक और पॉलिटिकल वीकली में पब्लिश हो चुका है। उन्होंने मार्केटिंग मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया है। समाचार4मीडिया की ओर से हरवीर सिंह को नई पारी के लिए शुभकामनाएं।
टैग्स इस्तीफा आउटलुक स्वराज एक्सप्रेस हरवीर सिंह हिंद किसान