होम / प्रिंट / जानें, सरकारी विज्ञापन पाने के लिए इस साल अब तक कितने पब्लिकेशंस हुए सफल
जानें, सरकारी विज्ञापन पाने के लिए इस साल अब तक कितने पब्लिकेशंस हुए सफल
सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में इस बारे में जानकारी दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘सूचना और प्रसारण मंत्रालय‘ (MIB) के तहत काम करने वाले और केंद्र सरकार के विज्ञापनों के प्रसार के लिए जिम्मेदार नोडल निकाय ‘केंद्रीय संचार ब्यूरो‘ (सीबीसी) को न्यूजपेपर्स और मैगजींस की ओर से सरकारी पैनल में शामिल होने के लिए 1154 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में इस बारे में जानकारी दी है।
अनुराग ठाकुर का कहना था, ‘अगस्त 2021 से अब तक ‘सीबीसी‘ (पहले इसे ब्यूरो ऑफ आउटरीज एंड कम्युनिकेशन यानी BOC के नाम जाना जाता था) के साथ पैनल में शामिल होने यानी सूचीबद्ध होने के लिए 1154 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं।’ इस दौरान अनुराग ठाकुर ने यह भी बताया, ‘सीबीसी के पैनल में स्पेशल मीडिया की कोई कैटेगरी नहीं है। पब्लिकेशंस को पैनल में शामिल करने की एक सतत प्रक्रिया है।’
एक अन्य सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर का कहना था, ‘भारत सरकार की प्रिंट मीडिया विज्ञापन नीति (Print Media Advertisement Policy) एक अगस्त 2020 से प्रभावी हुई थी, तब से इन गाइडलाइंस में कोई संशोधन नहीं किया गया है।’
इसके साथ ही उनका यह भी कहना था कि वर्ष 2022-23 के लिए 11 जुलाई 2022 तक सरकार के पैनल में 6703 पब्लिकेशंस शामिल (सूचीबद्ध) हैं। यह आंकड़ा वर्ष 2021-22 में 7752, वर्ष 2020-21 में 7400 और वर्ष 2019-20 में 6622 था।
टैग्स अखबार सूचना प्रसारण मंत्रालय प्रिंट एमआईबी न्यूजपेपर्स अनुराग ठाकुर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन केंद्रीय संचार ब्यूरो