होम / प्रिंट / डिजिटल मीडिया की पेचीदियों को हिंदी में समझाती है शैलेंद्र तिवारी की नई किताब
डिजिटल मीडिया की पेचीदियों को हिंदी में समझाती है शैलेंद्र तिवारी की नई किताब
शैलेंद्र तिवारी ने पत्रकारिता में भविष्य तलाशने वाले उन युवाओं को ध्यान में रखकर यह किताब तैयार की है, जिन्हें सबकुछ विस्तार में और सरल शब्दों में समझने की जरूरत होती है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
यदि आप डिजिटल मीडिया को गहराई से समझना चाहते हैं, लेकिन भाषा आड़े आ रही है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र तिवारी ने डिजिटल मीडिया को अंग्रेजी की पेचीदियों से निकालकर हिंदी में प्रस्तुत किया है। उनकी किताब ‘डिजिटल मीडिया–खबर, फेसबुक और वॉट्सऐप’ बाजार में आने वाली है। खास बात यह है कि तिवारी ने पत्रकारिता में भविष्य तलाशने वाले उन युवाओं को ध्यान में रखकर किताब तैयार की है, जिन्हें सबकुछ विस्तार में और सरल शब्दों में समझने की जरूरत होती है।
इस किताब में आपको डिजिटल मीडिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी मिल जाएगी। साथ ही इसमें तिवारी ने यह भी बताया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वालीं खबरों की हकीकत का पता कैसे लगाया जाए। मौजूदा वक्त में यह बेहद महत्वपूर्ण विषय है, क्योंकि कई नामी-गिरामी मीडिया संस्थान भी सोशल मीडिया के फेर में उलझकर कई बार अपनी फजीहत करा चुके हैं।
डिजिटल मीडिया पर किताब लिखने का ख्याल कैसे आया, इस बारे में शैलेंद्र तिवारी ने समाचार4मीडिया को बताया, ‘ये एक ऐसा विषय है जिस पर कंटेंट तो काफी है, लेकिन हिंदी में विकल्प बेहद सीमित हो जाते हैं। इसलिए मैंने सोचा कि डिजिटल मीडिया को अंग्रेजी की पेचीदियों से निकालकर हिंदी के सरल शब्दों में प्रस्तुत किया जाए। किताब में भारी-भरकम शब्दों को सरल भाषा में समझाया गया है।‘
शैलेंद्र तिवारी के अनुसार, ‘इस किताब में डिजिटल मीडिया की बारीकियों के साथ ही यह भी बताने का प्रयास किया गया है कि सोशल मीडिया ने न्यूज रूम की परिभाषा को किस हद तक बदल दिया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि डिजिटल मीडिया में भविष्य बनाने वाले युवाओं के लिए यह किताब बेहद कारगर साबित होगी। साथ ही वह पत्रकार भी इसका लाभ उठा सकते हैं, जो प्रिंट-टीवी में हैं, लेकिन डिजिटल मीडिया के बारे में जानना चाहते हैं।‘
मध्य प्रदेश में पत्रिका समूह की डिजिटल विंग के प्रमुख शैलेंद्र तिवारी इससे पहले एक और किताब लिख चुके हैं। उनके फिक्शन नॉवल ‘रावण एक अपराजित योद्धा’ को काफी पसंद किया गया था। इस किताब में रामायण को रावण की दृष्टि से समझाया गया है। जल्द ही ‘रावण एक अपराजित योद्धा’ का सीक्वल भी बाजार में आने वाला है, जिसका नाम है ‘लंका रावण की नगरी’।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश निवासी तिवारी पिछले 13 वर्षों से पत्रिका समूह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2002 में मध्य प्रदेश से प्रकाशित होने वाले अखबार ‘स्वदेश’ से की। इसके बाद ‘नवभारत’, ‘नई दुनिया’ जैसे मीडिया संस्थानों से होते हुए पत्रिका समूह का दामन थामा और पिछले 13 सालों से यहीं सेवाएं दे रहे हैं।
शैलेंद्र तिवारी को अपनी नई किताब के लिए समाचार4मीडिया की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं!
टैग्स बुक लॉन्चिंग शैलेंद्र तिवारी