होम / प्रिंट / कागज के दामों में वृद्धि के कारण संकट के दौर से गुजर रहे हैं अखबार: आशुतोष चतुर्वेदी

कागज के दामों में वृद्धि के कारण संकट के दौर से गुजर रहे हैं अखबार: आशुतोष चतुर्वेदी

देश के सभी अखबार पिछले कुछ समय में कागज के दामों में अभूतपूर्व वृद्धि के कारण संकट के दौर से गुजर रहे हैं।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago

आशुतोष चतुर्वेदी, वरिष्ठ पत्रकार ।।

अखबारों पर गहराता कागज का संकट

शायद आपको इसकी जानकारी न हो कि देश के सभी अखबार पिछले कुछ समय में कागज के दामों में अभूतपूर्व वृद्धि के कारण संकट के दौर से गुजर रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध ने इस संकट में आग में घी का काम किया है। हम जानते हैं कि एक अखबार के लिए पाठकों का प्रेम ही उसकी बड़ी पूंजी होती है। मेरा मानना है कि अखबार किसी मालिक या संपादक का नहीं होता है, उसका मालिक तो उसका पाठक होता है।

पाठक की कसौटी पर ही अखबार की असली परीक्षा होती है। पाठक परिवार का सबसे अहम हिस्सा है। इसलिए हर पाठक को अच्छे और कठिन दौर की जानकारी होनी चाहिए। कोरोना काल के दौरान ही अखबारी कागज की किल्लत शुरू हो गयी थी। दुनियाभर में अनेक पेपरों के मिल बंद होने से अखबारी कागज की कमी हुई और इसकी कीमतों में भारी वृद्धि होने लगी।

यूक्रेन से युद्ध के कारण रूस पर लगे प्रतिबंधों से रूस से अखबारी कागज की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गयी। इससे रही-सही कसर भी पूरी हो गयी है। कंटेनरों की कमी का संकट अलग है। फिनलैंड अखबारी कागज का एक बड़ा उत्पादक है। कुछ समय पहले वहां मजदूर लंबी हड़ताल पर चले गये थे। एक अन्य बड़े उत्पादक कनाडा के ट्रक ड्राइवर वैक्सीन जरूरी करने के खिलाफ हड़ताल पर चले गये थे।

कुल भारतीय अखबारी कागज के आयात का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा कनाडा से आता है। दुनियाभर में कागज की कमी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि हाल में श्रीलंका ने लाखों स्कूली छात्रों के लिए परीक्षा रद्द कर दी है, क्योंकि वहां प्रिंटिंग पेपर की कमी है और उसके पास कागज आयात करने के लिए विदेशी मुद्रा नहीं हैं। श्रीलंका इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है।

भारत अपनी अखबारी कागज की जरूरत का 50 फीसदी से ज्यादा विदेशों से आयात करता है। अगस्त, 2020 में घरेलू अखबारी कागज का मूल्य लगभग 35 रुपए प्रति किलो था, जो आज 75 रुपए हो गया है। विदेशी कागज में तो अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। साल 2020 में जो विदेशी कागज 375 डॉलर प्रति टन था, वह अब 950 से 1000 डॉलर प्रति टन हो गया है। समाचार पत्र उद्योग ने आयातित अखबारी कागज पर पांच प्रतिशत सीमा शुल्क हटाने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया है।

इस पर सरकार को तत्काल निर्णय करना चाहिए। इससे अखबारों को बहुत राहत मिल सकती है। अन्य अखबारों की तरह प्रभात खबर को भी इस भारी मूल्य वृद्धि की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। अखबारी कागज को एक चुनौती ई-कॉमर्स कंपनियों से भी मिल रही है। कोरोना काल में उनका कारोबार बढ़ने से पैकिंग मैटेरियल की मांग भी बढ़ी है। अनेक कागज मिलों ने अखबारी कागज की जगह पैकिंग और क्राफ्ट पेपर का उत्पादन शुरू कर दिया है।

भारत में अधिकांश कागज मिलें रद्दी कागज की लुगदी से अखबारी कागज का निर्माण करती हैं। इन कंपनियों के पास पुरानी नोटबुक और रद्दी की भी कमी है, नतीजतन कई कंपनियों ने अखबारी कागज आपूर्ति करने से हाथ खड़े कर दिये हैं। होता यह है कि जब भी किसी उत्पाद की लागत बढ़ती है, तो कंपनियां उपभोक्ता के मत्थे इसे मढ़ देती है, लेकिन भारत में अखबार एकमात्र ऐसा उत्पाद है, जो अपनी कीमत से आधे से भी कम में बिकता है।

अखबारों का मूल्य 4-5 रुपए है। इसमें से ही हॉकर व एजेंटों का कमीशन जाता है, जबकि एक अखबार की लागत 10 से 12 रुपए तक आती हैं। अखबार अपना घाटा विज्ञापनों से पूरा करते हैं, लेकिन कोरोना के दौरान कारोबार पर भारी मार पड़ी और विज्ञापन आने लगभग बंद हो गये। हालात सुधरे हैं, लेकिन अब तक सामान्य नहीं हो पाये हैं।

हिंदी पाठकों की संख्या में खासी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन हिंदी पाठक अखबार के लिए उचित मूल्य देने के लिए तैयार नहीं है। यदि अखबार की कीमत एक रुपए भी बढ़ायी जाती है, तो हमारे प्रसार के साथी परेशान हो उठते हैं, क्योंकि बड़ी संख्या में पाठक अखबार पढ़ना ही छोड़ देते हैं। पेट्रोल, दूध, फल-सब्जियां, खाने-पीने की हर वस्तु की कीमत बढ़ी है। यहां तक कि कटिंग चाय भी पांच रुपए से कम में कहीं नहीं मिल रही है।

अखबार आपको सही सूचनाएं देता है, आपको सशक्त बनाता है। रोजगार के अवसर हों या राजनीति, मनोरंजन या फिर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खबरें, यह सब आपको उपलब्ध कराता है। बावजूद इसके पाठक उचित कीमत अदा करने के लिए भी तैयार नहीं होते हैं। पाकिस्तान में अखबार की कीमत औसतन 25 रुपए है।

मुझे ब्रिटेन में रहने और बीबीसी के साथ काम करने का अनुभव रहा है। वहां पाठक खबरें पढ़ने के लिए पूरी कीमत अदा करने को तैयार रहते हैं। वहां गार्जियन, टाइम्स और इंडिपेंडेंट जैसे अखबार हैं, जो लगभग दो पाउंड यानी लगभग 200 रुपए में बिकते हैं। यह सही है कि वहां की आर्थिक परिस्थितियां भिन्न हैं।

मौजूदा दौर में खबरों की साख का संकट है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास जगाने के लिए सत्य महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया पर तो जैसे झूठ का बोलबाला है। इसके माध्यम से समाज में भ्रम व तनाव फैलाने की कोशिशें हुई हैं। कोरोना संकट के दौर में सोशल मीडिया पर महामारी को लेकर फेक वीडियो व फेक खबरें बड़ी संख्या में चली थीं। टीवी चैनलों में खबरों के बजाय बेवजह की बहस आयोजित करने पर ज्यादा जोर है।

वहां एक और विचित्र स्थिति है कि एंकर जितने जोर से चिल्लाये, उसे उतनी सफल बहस माना जाने लगा है, लेकिन संकट के इस दौर में साबित हो गया है कि अखबार से बढ़ कर भरोसेमंद माध्यम कोई नहीं है। संकट के समय में अखबार आपको आगाह भी करता है और आपका मार्गदर्शन भी करता है।

अखबार अपनी खबरों के प्रति जवाबदेह होते हैं। यही वजह है कि अखबार की खबरें काफी जांच-पड़ताल के बाद छापी जाती हैं। कोरोना संकट के दौर में भी अखबार के सभी विभागों के साथी मुस्तैदी से अपने काम में लगे रहे तथा अपने को जोखिम में डालकर पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुंचाने का काम करते रहे।

प्रभात खबर ने अपने पाठकों तक प्रामाणिक खबरें तो पहुंचायीं ही, अपने सामाजिक दायित्व के तहत अखबार के माध्यम से अपने पाठकों तक मास्क पहुंचाने, हॉकर भाइयों को राशन पहुंचाने जैसी अनेक पहल की, ताकि कोरोना काल में आप हम सब सुरक्षित रहें। इस भरोसेमंद माध्यम के लिए पाठकों को अधिक कीमत अदा करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

(लेखक प्रभात खबर के  प्रधान संपादक हैं)

(साभार: प्रभात खबर)


टैग्स अखबार प्रिंट मैगजीन अखबारी कागज प्रिंटिंग मशीन
सम्बंधित खबरें

जागरण प्रकाशन में बड़ा घटनाक्रम: 8 निदेशकों को हटाने का प्रस्ताव

जागरण मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड (JMNIPL) ने 7 स्वतंत्र निदेशकों और एक पूर्णकालिक निदेशक (Whole-time Director) को हटाने के लिए विशेष नोटिस जारी किया है।

4 days ago

HT मीडिया ने पोस्टल बैलेट नोटिस में किया बदलाव, नए स्क्रूटिनाइजर की नियुक्ति

HT मीडिया लिमिटेड ने अपने पोस्टल बैलेट नोटिस में बदलाव किया है, जिसकी जानकारी कंपनी ने शेयर बाजार को दी है।

5 days ago

AI के इस्तेमाल से बढ़ रही है कंपनी के काम की रफ्तार व प्रोडक्टिविटी: अन्ना अब्राहम

एचटी मीडिया ग्रुप की डिप्टी CFO व इन्वेस्टर रिलेशंस हेड अन्ना अब्राहम ने कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान कहा कि कंपनी ने इस तिमाही में ऑपरेशनल स्तर पर लगातार सुधार दिखाया है।

1 week ago

देश में न्यूजप्रिंट की भारी कमी, INS बोला– घरेलू उत्पादन नाकाफी

इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी (INS) ने मंगलवार को देश में न्यूजप्रिंट की भारी कमी को लेकर गहरी चिंता जताई है।

04-February-2026

हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स ने समीर सिंह को MD बनाने पर शेयरधारकों से मांगी मंजूरी

हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड (HMVL) ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया है कि कंपनी ने पोस्टल बैलेट के जरिए अपने शेयरधारकों से एक अहम फैसले पर मंजूरी मांगने का फैसला किया है।

04-February-2026


बड़ी खबरें

Zee ने बढ़ाया कंटेंट नेटवर्क, 350+ चैनल और वर्टिकल-ऑडियो फॉर्मेट पर जोर

देश की बड़ी मीडिया कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Z) ने अपने सिंडिकेशन बिजनेस को और मजबूत कर लिया है।

17 hours ago

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट: पीएम मोदी ने AI, नौकरियों और भविष्य को लेकर रखी विस्तार से बात

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आगाज हो चुका है। इस बड़े मंच पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के असर, उसके फायदे और उससे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हो रही है।

23 hours ago

NDTV में फुल-टाइम भूमिका में लौटे शाह रजा

एनडीटीवी के साथ वर्ष 2013 से जुड़े हुए हैं रजा, पिछले कुछ महीनों से अपने गृह नगर में निजी कारणों से पार्ट-टाइम भूमिका में कर रहे थे काम

14 hours ago

PMAR 2026 की झलक: 1.55 लाख करोड़ के विज्ञापन बाजार में डिजिटल का 60% दबदबा

मेडिसन वर्ल्ड (Madison World) ने प्रतिष्ठित मैगजीन 'पिच' (Pitch) और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के साथ मिलकर पिच मेडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट (PMAR) 2026 की एक झलक पेश की।

1 day ago

'आजतक' का नया प्रयोग, लॉन्च किया अपना डिजिटल ‘वीडियो पेपर’

हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में जाना-पहचाना नाम ‘आजतक’ अब एक नए अंदाज़ में सामने आया है। ‘आजतक’ ने अपना नया डिजिटल ‘वीडियो पेपर’ लॉन्च किया है

1 day ago