होम / प्रिंट / मीडिया पर कोरोना की मार, यह कंपनी बंद करेगी अपने 60 अखबार!
मीडिया पर कोरोना की मार, यह कंपनी बंद करेगी अपने 60 अखबार!
दुनियाभर में कोहराम मचा रहे कोरोनावायरस (कोविड-19) की मार अब न्यूजपेपर इंडस्ट्री पर भी पड़नी शुरू हो गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दुनियाभर में कोहराम मचा रहे कोरोनावायरस (कोविड-19) की मार अब न्यूजपेपर इंडस्ट्री पर भी पड़नी शुरू हो गई है। इस बीच मीडिया मुगल रूपर्ट मर्डोक के ऑस्ट्रेलियाई मीडिया समूह ‘न्यूज कॉर्प’ (News Corp) ने घोषणा की है कि कोविड-19 के कारण विज्ञापनों में काफी गिरावट आई है। ऐसे में वह करीब 60 प्रादेशिक अखबारों की प्रिंटिंग बंद कर देगी।
‘द ग्लोबल टाइम्स’ में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘न्यूज कॉर्प ने कहा है कि न्यू साउथ वेल्स, विक्टोरिया, क्वींसलैंड और दक्षिण आस्ट्रेलिया में कंपनी के अखबारों की प्रिंटिंग बंद कर दी जाएगी, ये अखबार ऑनलाइन पढ़ने को मिलेंगे।’
इस बारे में न्यूज कॉर्प आस्ट्रेलिया के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन माइकल मिलर (Michael Miller) का कहना है,‘हमने इस फैसले को काफी सोच-समझकर लिया है। कोरोनावायरस संकट के कारण अप्रत्याशित रूप से काफी आर्थिक दबाव आ गया है और ज्यादा से ज्यादा नौकरियों को बनाए रखने के लिए हम हर संभव उपाय कर रहे हैं। ’
‘द ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस महामारी की शुरुआत के पहले से ही तमाम आस्ट्रेलियाई मीडिया समूह ऑनलाइन कंटेंट की तरफ अपना ध्यान केंद्रित कर रहे थे। ‘द गार्डियन’ (The Guardian) की रिपोर्ट के अनुसार, कोरोनावायरस की वजह से यूके में सरकार द्वारा किए गए लॉकडाउन के कारण अखबारों की बिक्री में 30 प्रतिशत तक की कमी हुई है। तमाम पाठक भी सेल्फ आइसोलेटिंग कर रहे हैं, ऐसे में ब्रिटिश न्यूज इंडस्ट्री के रेवेन्यू का एक प्रमुख स्रोत काफी प्रभावित हुआ है।
टैग्स अखबार रूपर्ट मर्डोक कोविड-19 कोरोनावायरस