होम / मीडिया फोरम / वरिष्ठ पत्रकार मधुकर उपाध्याय की धर्मपत्नी कुमुद उपाध्याय का निधन
वरिष्ठ पत्रकार मधुकर उपाध्याय की धर्मपत्नी कुमुद उपाध्याय का निधन
वरिष्ठ पत्रकार मधुकर उपाध्याय की धर्मपत्नी कुमुद उपाध्याय का आज 2 अक्टूबर को निधन हो गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
वरिष्ठ पत्रकार मधुकर उपाध्याय की धर्मपत्नी कुमुद उपाध्याय का आज 2 अक्टूबर को निधन हो गया। वे दिल्ली के एस्कॉर्ट्स अस्पताल में भर्ती थीं, जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
कुमुद उपाध्याय वरिष्ठ पत्रकार और ‘द रेड माइक’ के को-फाउंडर संकेत उपाध्याय की माताजी थीं और चर्चित पत्रकार पलकी उपाध्याय की सास थीं।
उनका अंतिम संस्कार आज, 2 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे लोधी क्रेमेटोरियम में किया जाएगा।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पत्रकार मधुकर उपाध्याय लंबे समय तक BBC हिंदी रेडियो से जुड़े रहे। लंदन और दिल्ली, दोनों जगहों पर उन्होंने बीबीसी के लिए काम किया और भारतीय राजनीति, संस्कृति, समाज और समसामयिक घटनाओं पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत किए।
वे केवल पत्रकार ही नहीं, बल्कि रेडियो फीचर और डॉक्यूमेंट्री प्रड्यूसर भी रहे। उनकी चर्चित प्रस्तुतियों में ‘The Mahatma’ नामक डॉक्यूमेंट्री सीरीज शामिल है, जिस पर शोध और निर्माण कार्य उन्होंने लगभग एक दशक तक किया। इसके अलावा उनका लोकप्रिय प्रसारण कार्यक्रम “भारतनामा” भी खासा सराहा गया, जिसमें उन्होंने भारत की यात्रा करते हुए इसकी विविध धरोहरों और संस्कृति को श्रोताओं के सामने रखा।
पत्रकारिता के अलावा मधुकर उपाध्याय एक शिक्षक और लेखक के रूप में भी सक्रिय हैं। वे अमरकंटक स्थित राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे हैं और लेखन के जरिए सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर अपनी समझ साझा करते रहे हैं।
उनका काम सिर्फ रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने भारतीय समाज के बदलते परिदृश्य को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से प्रस्तुत किया। उनकी शैली विश्लेषणात्मक और शोधपरक मानी जाती है, जिसने उन्हें हिंदी पत्रकारिता जगत में अलग पहचान दिलाई।
'समाचार4मीडिया' ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
टैग्स