होम / मीडिया फोरम / वरिष्ठ पत्रकार के. एम. रॉय का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
वरिष्ठ पत्रकार के. एम. रॉय का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
वरिष्ठ पत्रकार के. एम. रॉय का शनिवार को कोच्चि स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे और उम्र से संबंधित बीमारियों से ग्रसित थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
वरिष्ठ पत्रकार के. एम. रॉय का शनिवार को कोच्चि स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे और उम्र से संबंधित बीमारियों से ग्रसित थे। रविवार को उनका पार्थिव शरीर सेंट थॉमस चर्च में रखा गया, जिसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रॉय के परिवार में बेटा मनु रॉय और बेटी स्वप्ना हैं। जनता के अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रविवार को सुबह 9.15 बजे से 10 मिनट के लिए एर्नाकुलम प्रेस क्लब में रखा गया था।
वरिष्ठ पत्रकार और स्तंभकार रॉय ने 1961 में अपने करियर की शुरुआत ‘केरल प्रकाशम’ के सह-संपादक के रूप में की। उन्होंने ‘इकनॉमिक टाइम्स’, ‘द हिंदू’ और न्यूज एजेंसी ‘यूएनआई’ में भी काम किया। दैनिक समाचार पत्र ‘मंगलम’ के संपादक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय पत्रकारिता छोड़ दी थी, लेकिन उनके लेख विभिन्न समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते थे।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पी. विजयन, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पत्रकार प्रख्यात पत्रकार के एम रॉय के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि पत्रकारों के अधिकारों को सुनिश्चित करने में उनके योगदान को याद किया जाएगा।
राज्यपाल ने ट्वीट कर कहा, ‘मलयालम और अंग्रेजी मीडिया में सेवा देने वाले दिग्गज पत्रकार के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। पत्रकारिता क्षेत्र और पत्रकारों के अधिकार को सुनिश्चित करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’
वहीं, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने निधन पर शोक जताते हुए कहा कि रॉय के निधन से केरल ने एक प्रख्यात पत्रकार खो दिया है, जिन्होंने कई दशकों तक अंग्रेजी और मलयालम पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सतीशन ने कहा कि रॉय के निधन से भारतीय मीडिया को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचा है।
मुरलीधरन ने रॉय को निष्पक्ष मीडिया हस्ती बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा नैतिक मूल्यों को बरकरार रखा।
रॉय स्वदेशभिमानी-केसरी पुरस्कार से सम्मानित थे, जो राज्य सरकार द्वारा स्थापित मीडियाकर्मियों के लिए सर्वोच्च सम्मान है। वह केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष और इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के महासचिव थे। रॉय कोट्टायम प्रेस क्लब के फाउंडर सेक्रेट्री थे। उन्होंने 'इरुलुम वेलिचावम' (Irulum Velichavum) और 'कालाथिनु मुन्पे नदन्ना मंजूरां' (Kaalathinu Munpe Nadanna Manjooraan) सहित कई किताबें लिखी हैं।
टैग्स निधन वरिष्ठ पत्रकार के. एम. रॉय राजकीय सम्मान अंतिम विदाई