होम / मीडिया फोरम / फोटो जर्नलिस्ट की मदद को आगे आए पत्रकार, पुलिस को दी ये चेतावनी
फोटो जर्नलिस्ट की मदद को आगे आए पत्रकार, पुलिस को दी ये चेतावनी
बवाल की कवरेज करने पहुंचे सीनियर फोटो जर्नलिस्ट को बवालियों ने घेरकर उनका कैमरा और पैसे लूट लिए थे और जान से मारने की नीयत से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया
पंकज शर्मा 6 years ago
कानपुर के बेकनगंज थाना क्षेत्र के तलाक महल इलाके में शुक्रवार देर रात केबिल बॉक्स में करंट उतरने से पूर्व सविंदा गैंगमैन मुन्ने खां की मौत हो गई थी। मुन्ने की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने वहां पहुंची ‘कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड’ (केस्को) टीम को बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। बवाल की सूचना पाकर एसएसपी, एडीएम सिटी कई थाने का फ़ोर्स पहुंचा और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान बवाल की कवरेज करने हिन्दुस्तान अखबार के सीनियर फोटो जर्नलिस्ट रोहित त्रिवेदी भी पहुंचे। इस पर वहां मौजूद बवालियों ने रोहित को घेर कर उनका कैमरा और पैसे लूट लिए और जान से मारने की नीयत से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। हमले में रोहित गम्भीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी होते ही पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया। कानपुर जर्नलिस्ट क्लब के महामंत्री अभय त्रिपाठी के नेतृत्व में कई पत्रकारों ने बवालियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने, बवालियों की अविलंब गिरफ्तारी और लूटा गया कैमरा बरामद करने की मांग को लेकर कानपुर पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसएसपी अनन्त देव को एक ज्ञापन सौंपा। एसएसपी ने कानपुर जर्नलिस्ट क्लब की सभी मांगों को मानते हुए तत्काल बेकनगंज थाना प्रभारी को एफआइआर दर्ज कर बवालियों को चिन्हित कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस, प्रशासन केस्को और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक में विधायक अमिताभ बाजपेयी ने रोहित के लूटे गए कैमरे पर चर्चा की थी। केस्को द्वारा रोहित को कैमरा दिया जाएगा। एसएसपी ने जर्नलिस्ट क्लब के प्रतिनिधि मंडल को हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। जर्नलिस्ट क्लब ने कहा कि अगर जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो पत्रकार सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
एसएसपी से मिलने वालों में प्रमुख रूप से जर्नलिस्ट क्लब के चेयरमैन सुरेश त्रिवेदी, महामंत्री अभय त्रिपाठी, उपाध्यक्ष श्याम तिवारी, कोषाध्यक्ष-अविनाश उपाध्याय, मन्त्री दिलीप सिंह, संयुक्त मन्त्री तरुण अग्निहोत्री, शैलेन्द्र मिश्रा, नीरज तिवारी, पुष्कर बाजपेयी, वरिष्ठ पत्रकार विनोद पाण्डेय, राजेश द्विवेदी, कुमार त्रिपाठी, गौरव चतुर्वेदी, गौरव श्रीवास्तव, संजय त्रिपाठी, अभिषेक गुप्ता, गजेन्द्र सिंह, संजय लोचन पांडेय, ब्रजेश दीक्षित, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, शाहिद पठान,अजय पत्रकार, प्रभात गुप्ता, डिम्पल श्रीवास्तव, अमित गुप्ता, मार्शल विपिन गुप्ता,सुबोध शर्मा,नवनीत जयसवाल आदि पत्रकार मौजूद रहे।
टैग्स फोटो जर्नलिस्ट पत्रकार पर हमला रोहित त्रिवेदी कानपुर जर्नलिस्ट क्लब