होम / मीडिया फोरम / कर्नाटक चुनाव को लेकर ‘India Today’ के मंच पर जुटे दिग्गज, अहम मुद्दों पर रखी अपनी बात
कर्नाटक चुनाव को लेकर ‘India Today’ के मंच पर जुटे दिग्गज, अहम मुद्दों पर रखी अपनी बात
दस मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह ने 22 अप्रैल को बेंगलुरु में राउंडटेबल का आयोजन किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
दस मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह ने 22 अप्रैल को राउंडटेबल का आयोजन किया। बेंगलुरु के रिट्ज कार्लटन (Ritz Carlton) होटल में ‘India Today's Karnataka Roundtable: Setting the Agenda for Battle 2023’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम दिग्गज शामिल हुए और अपनी बात रखी।
इस चर्चा के दौरान आरक्षण, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी समेत तमाम अहम मुद्दे उठे और गृहमंत्री अमित शाह से लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई तक, सभी ने राज्य के मुद्दों और अपनी कार्ययोजना के बारे में बात की।
इस राउंडटेबल में अपनी बात रखने वाले प्रमुख वक्ताओं में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया, एयर डे्क्कन के संस्थापक कैप्टन गोपीनाथ, अभिनेत्री राम्या, लोकसभा सदस्य तेजस्वी सूर्या और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेजिडेंट डीके शिवकुमार जैसे कई दिग्गज शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद दक्षिण भारत पर केंद्रित इंडिया टुडे ग्रुप के दो नए ब्रैंड ‘कर्नाटक तक’ (Karnataka Tak) और ‘सो साउथ’ (So South) से हुई। यह इस क्षेत्र में समूह की पहले वीडियो आधारित न्यूज सर्विस है। इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार और आजतक में कंसल्टिंग एडिटर सुधीर चौधरी ने गृहमंत्री से चर्चा की, जिसमें गृहमंत्री ने दावा किया कि वह आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीतेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने बयान दिया कि यदि वह मुख्यमंत्री बने तो कर्नाटक के लोगों से अमूल दूध न खरीदने के लिए कहेंगे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मांग करना सही नहीं है। गुणवत्ता में नंदिनी भी अमूल के बराबर ही अच्छा है। इसलिए अमूल को नंदिनी के कारोबार में दखल नहीं देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि अपने विजन के बारे में कहा, ‘यदि बीजेपी राज्य में फिर सत्ता में आती है तो हम कर्नाटक के लिए एक विकास योजना लेकर आने वाले हैं। हमारे पास मॉडल गांव, नई टाउनशिप, नए शहर होंगे और हम थीम सिटी बनाने जा रहे हैं। जहां तक शिक्षा का संबंध है, हमारे पास मजबूत सरकारी स्कूल और कॉलेज होंगे। डिजिटलीकरण और स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।’
इस दौरान यह पूछे जाने पर कि यदि बीजेपी राज्य में चुनाव जीतती है तो अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? बोम्मई ने कहा, ‘मेरा काम पार्टी को सत्ता में वापस लाना है। राज्य में पार्टी के जीतने पर अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह हाईकमान तय करेगा।’
टैग्स इंडिया टुडे चुनाव बेंगलुरु विधानसभा चुनाव कर्नाटक राउंडटेबल कर्नाटक चुनाव इंडिया टुडे कर्नाटक राउंडटेबल