हैप्पी बर्थडे कुणाल दासगुप्ता: आपने दी भारतीय टीवी जगत को नई दिशा

भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली नामों में शामिल कुणाल दासगुप्ता का आज जन्मदिन है।

Last Modified:
Tuesday, 31 March, 2026
Kunal Dasgupta Birthday


भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली नामों में शामिल कुणाल दासगुप्ता का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर उनके उस शानदार करियर को याद करना जरूरी है, जिसने भारतीय टीवी की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया।

कुणाल दासगुप्ता देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कोलकाता के छात्र रहे हैं, जहां से उन्होंने फेलोशिप की पढ़ाई पूरी की। यही शिक्षा उनके मजबूत बिजनेस विजन की नींव बनी। मीडिया इंडस्ट्री में आने से पहले वह VIP इंडस्ट्रीज में वाइस प्रेजिडेंट और सीएफओ जैसे अहम पदों पर काम कर चुके थे।

उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 1995 में आया, जब उन्होंने ‘सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन’ (Sony Entertainment Television) से उसके लॉन्च से पहले जुड़ने का फैसला किया। जुलाई 1995 में चैनल लॉन्च हुआ और दासगुप्ता इसके शुरुआती सदस्यों में शामिल रहे। इसके बाद उन्होंने लगातार 14 साल तक इस नेटवर्क का नेतृत्व किया, जो भारतीय मीडिया इंडस्ट्री में एक लंबा और उल्लेखनीय कार्यकाल माना जाता है।

उनके नेतृत्व में ‘सोनी’ एक चैनल से बढ़कर 14 चैनलों के बड़े नेटवर्क में बदल गया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ चैनल का विस्तार किया, बल्कि एक मजबूत लीडरशिप कल्चर भी तैयार किया। इसी दौर में एनपी सिंह जैसे लीडर्स उभरकर सामने आए, जिन्होंने आगे चलकर कंपनी की कमान संभाली।

कुणाल दासगुप्ता के कार्यकाल में सोनी ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। ‘Indian Idol’ जैसे सुपरहिट शो ने उस समय रिकॉर्ड टीआरपी हासिल की और चैनल ने स्टार प्लस जैसे बड़े प्रतिस्पर्धियों को कड़ी टक्कर दी। इसके अलावा उन्होंने सब टीवी जैसे चैनल का अधिग्रहण किया और टेन स्पोर्ट्स को भी नेटवर्क में शामिल किया। ये फैसले उनकी रणनीतिक सोच और दर्शकों की पसंद को समझने की क्षमता को दर्शाते हैं।

साल 2009 में सोनी से अलग होने के बाद भी उन्होंने मीडिया इंडस्ट्री से दूरी नहीं बनाई। उन्होंने Triplecom Media की स्थापना की, जहां वह फाउंडर और सीईओ के रूप में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वह डिजिटल और कंटेंट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। ScreenHits TV के साथ उनकी साझेदारी भारत में प्लेटफॉर्म के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम मानी जाती है।

आज उनके जन्मदिन पर पूरी मीडिया इंडस्ट्री उस शख्स को सलाम कर रही है, जिसने भारतीय टेलीविजन को नई पहचान दी। कुणाल दासगुप्ता सिर्फ एक सफल मैनेजर नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी लीडर और इंडस्ट्री के सच्चे निर्माता हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 भारतवर्ष के एडिटर पारितोष चतुर्वेदी बसाने जा रहे हैं घर, हेमंत शर्मा ने यूं दी बधाई

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
Paritosh Chaturvedi

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह मकर संक्रांति के आसपास दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। इस बात की जानकारी टीवी9 भारतवर्ष के न्यूज डायरेक्टर और वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने पारितोष चतुर्वेदी को बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की है।

यहां आप हेमंत शर्मा की फेसबुक पोस्ट को हूबहू पढ़ सकते हैं-

मित्रों,

हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मॉंग पर….इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा. तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेगें. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होगें. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है.

कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है.

प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं.

मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोद पूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें.

जय जय

मित्रों, हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मॉंग पर….इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा. तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेगें. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होगें. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है. कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है. प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं. मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोद पूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें. जय जय

(वरिष्ठ पत्रकार और टीवी9 के न्यूज डायरेक्टर हेमंत शर्मा की फेसबुक वॉल से साभार)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

IWPC की वर्षगांठ पर जस्टिस सुधांशु धूलिया बोले- पत्रकारिता में मानवीय संवेदना सबसे जरूरी

इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स ने 21 नवंबर को अपनी 32वीं वर्षगांठ मनाई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
IWPPP

महिला पत्रकारों के प्रमुख संगठन इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स (IWPC) ने अपनी 32वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। जवाहर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का नाम ‘रूहानी रिश्ता’ रखा गया था। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मुख्य संबोधन दिया।

कार्यक्रम के दौरान जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने पहले जिस तरह जनता का भरोसा और सम्मान हासिल किया था, उसमें अब कमी आई है। उन्होंने खोजी पत्रकारिता के कमजोर पड़ने, टेलीविजन समाचारों की प्रस्तुति में बढ़ती असंवेदनशीलता और आम लोगों की गरिमा का ध्यान नहीं रखे जाने पर चिंता जताई।

पत्रकारिता में इंसानियत और संवेदनशीलता जरूरी

जस्टिस धूलिया ने अपने संबोधन में कहा कि एक अच्छे पत्रकार के लिए केवल स्वतंत्रता, साहस और अच्छी लेखन क्षमता ही पर्याप्त नहीं है। पत्रकारिता के केंद्र में इंसान और उसके प्रति संवेदना होनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों से युवा पत्रकारों को सही मार्गदर्शन देने और उनमें मानवीय मूल्यों को विकसित करने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरें प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों और मुद्दों को भी सामने लाना है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिलती। इस संदर्भ में उन्होंने आम लोगों, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों की कवरेज को अधिक संवेदनशीलता के साथ करने की जरूरत बताई।

निष्पक्षता और स्वतंत्रता के बीच अंतर पर भी रखी बात

जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता में निष्पक्षता (Objectivity) की पारंपरिक अवधारणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार के लिए स्वतंत्र (Independent), खुले विचारों वाला (Open-minded) और अपने पेशे के प्रति ईमानदार होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने रवांडा और गाजा में नरसंहार का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि ऐसी गंभीर मानवीय त्रासदियों की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकार पारंपरिक निष्पक्षता की अवधारणा को किस तरह लागू कर सकता है। उनके मुताबिक, पत्रकारिता में स्वतंत्रता, खुले विचारों और पेशे के प्रति ईमानदारी के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने टेलीविजन समाचारों में होने वाली बहसों के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, मेहमानों के साथ अभद्र व्यवहार करना और उन्हें आपस में भिड़ने के लिए उकसाना पत्रकारिता की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

AI और बदलती तकनीक भी पत्रकारिता के सामने चुनौती

अपने संबोधन में जस्टिस धूलिया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना के साथ छेड़छाड़ और पत्रकारों की नौकरियों से जुड़े सवालों को भी मौजूदा दौर की प्रमुख चुनौतियों में शामिल किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के बदलते दौर में पत्रकारिता के मूल्यों और विश्वसनीयता को बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने पत्रकारिता के ऐतिहासिक उदाहरणों का जिक्र करते हुए खोजी पत्रकारिता की अहमियत भी समझाई। उनके अनुसार, पत्रकारिता का मूल काम सत्ता से सवाल करना और सच को सामने लाना है। उन्होंने अपने परिवार की पत्रकारिता से जुड़ी पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया और बताया कि उनके दादा ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अखबार प्रकाशित किया था।

सूफी संगीत के लिए रखा गया था विशेष आयोजन

IWPC की 32वीं वर्षगांठ को ‘रूहानी रिश्ता’ नाम दिया गया था। इस अवसर पर ‘द रूहानी सिस्टर्स’ ने शानदार सूफी संगीत प्रस्तुति दी। इसके साथ ही IWPC की सदस्य और पत्रकार अनुराधा रमन की संगीतमय प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में समां बांध दिया। गौरतलब है कि IWPC की स्थापना वर्ष 1994 में हुई थी। यह संगठन महिला पत्रकारों और मीडिया प्रोफेशनल्स का प्रमुख मंच है। संगठन में 1,200 से अधिक सदस्य हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का निधन

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे।

Last Modified:
Sunday, 22 November, 2026
RajivKukreja542

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे। 21 नवंबर 2026 को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से रांची समेत झारखंड के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद राजीव कुकरेजा को पहले रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स में शिफ्ट किया गया, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी बीमारी की वास्तविक वजह या मेडिकल कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकारों, मीडिया संगठनों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की कार्यसमिति के सदस्य रहे कुकरेजा झारखंड में पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहते थे।

कई बड़े अखबारों में किया काम

राजीव कुकरेजा ने अपने लंबे पत्रकारिता करियर में झारखंड के कई प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया। उन्होंने अपने शुरुआती दौर में रांची एक्सप्रेस से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वह प्रभात खबर से जुड़े, जहां उन्होंने करीब दो दशक तक अपनी सेवाएं दीं। बाद में वह दैनिक भास्कर से जुड़े और वहां समाचार संपादक के रूप में काम कर रहे थे।

पत्रकारिता के साथ-साथ वह पत्रकार संगठनों में भी सक्रिय रहे। वह नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य थे और झारखंड जर्नलिस्ट यूनियन से भी जुड़े हुए थे। संगठन की बैठकों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।

रांची के पत्रकारिता जगत में शोक

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकार संगठनों और कई सामाजिक संस्थाओं ने भी शोक व्यक्त किया है। उनके सहयोगियों ने उन्हें एक अनुभवी पत्रकार और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद किया है। उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को बूटी मोड़ स्थित आवास ले जाया गया। इसके बाद हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकारों का स्नेह मिलन, चेम्सफोर्ड क्लब में हुआ आयोजन

इस स्नेह भोज के जरिए पत्रकारों को आपस में मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
Journalist Meeting

दिल्ली में रहने वाले मध्य प्रदेश मूल के पत्रकारों समेत कई वरिष्ठ पत्रकार हाल ही में राजधानी के चेम्सफोर्ड क्लब में एक साथ जुटे। इस अवसर पर उनके लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया।

इस आयोजन के सूत्रधार वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा, सुमित अवस्थी, दीपक चौरसिया, आलोक मेहता, अखिलेश शर्मा और प्रणय रहे। इस स्नेह भोज के जरिए पत्रकारों को आपस में मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला।

इस मिलन समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राजशेखर व्यास भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की गई अपनी पोस्ट में इस आयोजन की जानकारी दी। पोस्ट में उन्होंने अपने कई मित्रों और सहयोगियों का विशेष रूप से उल्लेख किया।

राजशेखर व्यास ने अपने संदेश में आयोजन के सूत्रधारों और वहां मौजूद मित्रों के प्रति स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि सभी मित्रों का स्नेह और उनसे मिलने का मोह ऐसा था कि वह चिकित्सा के बीच से समय निकालकर उनसे मिलने पहुंच गए। मुलाकात के बाद वह वापस अस्पताल लौट गए।

 

 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

निवेशकों की शिकायतों पर SEBI का एक्शन, निपटाईं हजारों शिकायतें, अब भी इतने मामले बाकी

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अक्टूबर 2026 में निवेशकों की 5,365 नई शिकायतें पहुंचीं।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
SEBI451

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अक्टूबर 2026 में निवेशकों की 5,365 नई शिकायतें पहुंचीं। वहीं, इस महीने सेबी ने कुल 5,975 शिकायतों का निपटारा किया। इनमें अक्टूबर में मिली नई शिकायतों के साथ-साथ पहले से लंबित शिकायतें भी शामिल थीं। सेबी की ओर से जारी 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, महीने के अंत में कुल 5,899 शिकायतें लंबित थीं।

दरअसल, 30 सितंबर 2026 तक सेबी के SCORES (SEBI Complaint Redressal System) पोर्टल पर निवेशकों की 6,509 शिकायतें लंबित थीं। अक्टूबर में 5,365 नई शिकायतें मिलने से शिकायतों की संख्या बढ़ी, लेकिन इसी दौरान सेबी ने कुल 5,975 शिकायतों का निपटारा भी किया। इस तरह अक्टूबर के अंत तक लंबित शिकायतों की संख्या घटकर 5,899 रह गई।

शिकायतों के निपटारे में कितना समय लगा?

सेबी के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में संबंधित संस्थाओं (Entities) ने निवेशकों की शिकायतों पर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट (Action Taken Report यानी ATR) देने में औसतन 9 दिन का समय लिया। वहीं, फर्स्ट लेवल रिव्यू वाली शिकायतों पर कार्रवाई रिपोर्ट देने में औसतन 4 दिन लगे।

SCORES 2.0 में कैसे होती है शिकायतों की सुनवाई?

सेबी के SCORES 2.0 सिस्टम के तहत निवेशकों की शिकायतें अपने आप संबंधित संस्था के पास भेज दी जाती हैं। संस्था को निवेशक को 21 दिनों के भीतर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) देनी होती है।

अगर निवेशक संस्था की ओर से दी गई कार्रवाई रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है, तो वह 15 दिनों के भीतर फर्स्ट लेवल रिव्यू के लिए आवेदन कर सकता है। इस दौरान शिकायत लंबित दिखाई देती है, भले ही संबंधित संस्था अपनी रिपोर्ट जमा कर चुकी हो।

फर्स्ट लेवल रिव्यू में संबंधित नामित संस्था (Designated Body) शिकायत की जांच करती है और अपनी कार्रवाई रिपोर्ट देती है। अगर निवेशक इस रिपोर्ट से भी संतुष्ट नहीं है, तो उसे 15 दिनों के भीतर सेकेंड लेवल रिव्यू का विकल्प चुनने का मौका मिलता है।

सेकेंड लेवल रिव्यू में शिकायत सेबी के पास पहुंचती है और सेबी इस पर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट देता है। अगर निवेशक निर्धारित समय में रिव्यू का विकल्प नहीं चुनता है, तो शिकायत का निपटारा कर दिया जाता है। इसके अलावा, अगर निवेशक ऑनलाइन डिस्प्यूट रेजोल्यूशन (ODR) यानी ऑनलाइन विवाद समाधान प्रक्रिया का विकल्प चुनता है, तो शिकायत को SCORES पर निपटाया हुआ माना जाता है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में कंचन प्रसाद को नई जिम्मेदारी

भारतीय सूचना सेवा की अधिकारी कंचन प्रसाद ने 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में प्रकाशन विभाग की महानिदेशक का कार्यभार संभाल लिया है, इससे पहले वह केंद्रीय संचार ब्यूरो की महानिदेशक थीं।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
kanchanprasad

भारतीय सूचना सेवा (Indian Information Service – IIS) की अधिकारी कंचन प्रसाद (Kanchan Prasad) ने 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) के अंतर्गत प्रकाशन विभाग (Publications Division) की महानिदेशक (Director General) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

इस नियुक्ति से पहले कंचन प्रसाद नई दिल्ली में केंद्रीय संचार ब्यूरो (Central Bureau of Communication – CBC) की महानिदेशक के पद पर कार्यरत थीं।

नई नियुक्ति के साथ ही उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रकाशन विभाग के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रकाशन विभाग भारत के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय विकास से संबंधित जानकारी के प्रकाशन और प्रसार का कार्य करता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ में बजा चुनावी बिगुल, यहां देखें पूरा शेड्यूल

इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का चुनाव होगा।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
Press Club Of India...

पत्रकारों के प्रमुख संगठन ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ (PCI) में चुनावी बिगुल बज गया है। क्लब ने वर्ष 2026 के वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। क्लब की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, चुनाव 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को आयोजित किए जाएंगे।

इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का चुनाव होगा। 18 नवंबर 2026 को जारी यह नोटिस 26 सितंबर 2026 को हुई क्लब की स्थगित वार्षिक आम बैठक (AGM) की निरंतरता में जारी किया गया है।

23 नवंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

क्लब के महासचिव अफजल इमाम के हस्ताक्षर से जारी चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन पत्र 23 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 2 दिसंबर को शाम 5:30 बजे होगी। वहीं, नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगी, जिसकी समय-सीमा शाम 5:30 बजे निर्धारित की गई है। मतदान 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगा। इसके अगले दिन यानी 13 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से मतगणना शुरू होगी।

इन पदों के लिए होगा चुनाव

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव में पांच पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। इनमें एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक संयुक्त सचिव और एक कोषाध्यक्ष का पद शामिल है। इसके अलावा प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का भी चुनाव होगा।

बकाया चुकाने वाले साधारण सदस्य ही कर सकेंगे मतदान

नोटिस में मतदान के अधिकार को लेकर भी स्पष्ट जानकारी दी गई है। क्लब के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 25, 27 और 46 के अनुसार, प्रत्येक साधारण सदस्य मतदान के समय तक चेक या नकद के माध्यम से अपना बकाया जमा कराकर वोट डालने का पात्र होगा।

साथ ही, नामांकन पत्र पर प्रस्तावक और अनुमोदक के हस्ताक्षर से पहले उनका बकाया चुकाया होना जरूरी है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि क्लब के आर्टिकल 43 के तहत किसी भी मामले में प्रॉक्सी के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव संचालन के लिए एमएमसी शर्मा को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके अलावा सात अन्य चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें सुभाष चंदर, विनोद सेठी, जेआर नौटियाल, नीरज कुमार रॉय, मनीष बेहर, ई कृष्णा राव और अभिषेक प्रसाद शामिल हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

हैप्पी बर्थडे प्रियंका चतुर्वेदी: राजनीति के साथ लेखन व सामाजिक कार्यों में भी बनाई पहचान

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता से लेकर शिवसेना की उपनेता और राज्यसभा सांसद तक का सफर तय करने वाली प्रियंका चतुर्वेदी ने राजनीति के साथ लेखन और सामाजिक कार्यों में भी अपनी पहचान बनाई है

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
Priyanka Chaturvedi

भारतीय राजनीति में अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखने वाले नेताओं में प्रियंका चतुर्वेदी का नाम भी शामिल है। मीडिया में सक्रियता, लेखन और राजनीतिक बहसों में भागीदारी के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रियंका चतुर्वेदी का आज जन्मदिन है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता से लेकर शिवसेना की उपनेता और राज्यसभा सांसद तक का उनका सफर कई महत्वपूर्ण पड़ावों से होकर गुजरा है। राजनीति के अलावा सामाजिक कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनकी दिलचस्पी रही है।

प्रियंका चतुर्वेदी का जन्म 19 नवंबर 1978 को मुंबई में हुआ। उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा से जुड़ा है और उनका पालन-पोषण मुंबई में हुआ। उन्होंने मुंबई के सेंट जोसेफ हाई स्कूल से स्कूली शिक्षा हासिल की और नरसी मोनजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने मीडिया, पब्लिक रिलेशंस और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में काम किया। राजनीति में आने से पहले वह एक मीडिया और पीआर कंपनी में कम्युनिकेशन डायरेक्टर के पद पर भी काम कर चुकी हैं।

सामाजिक कार्यों और लेखन से बनाई पहचान

राजनीति में आने से पहले प्रियंका चतुर्वेदी सामाजिक कार्यों और लेखन से जुड़ी थीं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर काम किया। वह दो गैर-सरकारी संगठनों (NGO) की ट्रस्टी भी रही हैं। वर्ष 2009 में उन्होंने अन्य सहयोगियों के साथ प्रयास चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना में भूमिका निभाई। इस संस्था के माध्यम से जरूरतमंद और वंचित बच्चों की शिक्षा के लिए काम किया जाता है।

इसके अलावा उन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए लेख लिखे। वह Tehelka, Daily News and Analysis (DNA) और Firstpost जैसे मीडिया संस्थानों के लिए कॉलम लिख चुकी हैं। उन्हें पढ़ने का विशेष शौक है और उन्होंने किताबों पर आधारित एक ब्लॉग भी चलाया, जिसे भारत के प्रमुख पुस्तक समीक्षा ब्लॉगों में स्थान मिला। प्रियंका इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) के 10,000 Women कार्यक्रम में भी हिस्सा ले चुकी हैं। यह Goldman Sachs की ओर से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम था।

2010 में कांग्रेस के साथ शुरू किया राजनीतिक सफर

प्रियंका चतुर्वेदी ने वर्ष 2010 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। शुरुआत में वह इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़ीं और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2012 में वह मुंबई के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में यूथ कांग्रेस की महासचिव बनीं।

पार्टी के लिए मीडिया और सोशल मीडिया के मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। वर्ष 2013 में वह कांग्रेस की नेशनल मीडिया पैनलिस्ट बनीं। इसके बाद उन्हें कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। टेलीविजन चैनलों पर राजनीतिक बहसों और प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी भागीदारी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। कांग्रेस में रहते हुए वह राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखती थीं। सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता लगातार चर्चा में रही।

2019 में कांग्रेस छोड़ शिवसेना में हुईं शामिल

प्रियंका चतुर्वेदी के राजनीतिक जीवन में अप्रैल 2019 एक महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आया। उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और 19 अप्रैल 2019 को उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गईं। कांग्रेस छोड़ने के पीछे पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं की बहाली को लेकर उनकी नाराजगी सामने आई थी। इन कार्यकर्ताओं पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे थे। प्रियंका ने इस मामले में पार्टी नेतृत्व के रुख पर असंतोष जताया था।

शिवसेना में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद उन्हें पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया। वर्ष 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद वह उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट के साथ रहीं, जिसे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) यानी शिवसेना (UBT) के नाम से जाना जाता है।

राज्यसभा में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

वर्ष 2020 में शिवसेना ने प्रियंका चतुर्वेदी को महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया। वह अप्रैल 2020 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं और 3 अप्रैल 2020 को उनका कार्यकाल शुरू हुआ। संसद में उन्होंने वाणिज्य संबंधी स्थायी समिति और विदेश मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति सहित विभिन्न संसदीय जिम्मेदारियां निभाईं। सदन में उन्होंने महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अर्थव्यवस्था और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

उनका राज्यसभा कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को पूरा हुआ। PRS Legislative Research के संसदीय रिकॉर्ड के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान सदन में उनकी उपस्थिति 89 प्रतिशत रही। उन्होंने 414 बहसों में हिस्सा लिया और 509 सवाल पूछे। इस तरह संसद में उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

शिक्षा और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में नई भूमिका

राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने पेशेवर जीवन में एक नया कदम उठाया है। जुलाई 2026 में उन्होंने ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में शिक्षण की भूमिका शुरू करने की जानकारी साझा की। वह विश्वविद्यालय में Adjunct Professor of Practice के रूप में जुड़ी हैं।

इसके साथ ही वह Raisina Platforms & Ideas Forum की Women-Led Futures Initiative की प्रमुख (Head) की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। इस भूमिका में उनका काम महिला नेतृत्व, वैश्विक विमर्श और नीतिगत विषयों से जुड़े कार्यक्रमों और पहलों को आगे बढ़ाना है।

इस नई जिम्मेदारी के साथ उनका अनुभव अब शिक्षा, वैश्विक विमर्श और सार्वजनिक नीति से जुड़े विषयों में भी उपयोग हो रहा है। राजनीति, मीडिया, लेखन और सामाजिक कार्यों से जुड़े अनुभवों के बाद यह उनके सार्वजनिक जीवन का एक नया पड़ाव है।

प्रियंका चतुर्वेदी का सफर कई अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजरा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पहचान बनाने से लेकर शिवसेना के साथ राजनीतिक पारी और राज्यसभा में संसदीय भूमिका निभाने तक उन्होंने कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। अब शिक्षा और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में उनकी नई भूमिका उनके पेशेवर जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

समाचार4मीडिया की ओर से प्रियंका चतुर्वेदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जन्मदिन विशेष: छात्र राजनीति से राज्यपाल तक, बेबाकी की मिसाल हैं आरिफ मोहम्मद खान

छात्र राजनीति से केंद्रीय मंत्री और फिर केरल व बिहार के राज्यपाल तक का सफर तय करने वाले आरिफ मोहम्मद खान ने शाहबानो प्रकरण में अपने रुख से राष्ट्रीय राजनीति में अलग पहचान बनाई।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
Arif Khan

भारतीय राजनीति में कुछ ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपने फैसलों और विचारों के कारण अलग पहचान बनाई। आरिफ मोहम्मद खान भी ऐसी ही शख्सियतों में शामिल हैं। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले खान ने विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। अपने लंबे राजनीतिक सफर में उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में व्यापक चर्चा पैदा की।

आरिफ मोहम्मद खान का जन्म उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुआ। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीए (ऑनर्स) और लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उनकी दिलचस्पी छात्र राजनीति में बढ़ी। वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के महासचिव (1972-73) और बाद में अध्यक्ष (1973-74) भी रहे। इसी दौर ने उनके राजनीतिक जीवन की नींव तैयार की।

छात्र राजनीति से विधानसभा तक का सफर

आरिफ मोहम्मद खान ने वर्ष 1977 में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। वह जनता पार्टी के टिकट पर सियाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। उस समय प्रदेश की राजनीति में उनकी पहचान एक युवा और मुखर नेता के रूप में बनने लगी थी। विधायक बनने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में आबकारी, निषेध और वक्फ विभाग में उपमंत्री की जिम्मेदारी मिली। हालांकि, लखनऊ में शिया-सुन्नी विवाद से निपटने के सरकार के तरीके से असहमति के चलते उन्होंने जल्द ही इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का रुख किया और वर्ष 1980 में कानपुर लोकसभा सीट से सातवीं लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वह आठवीं, नौवीं और बारहवीं लोकसभा में भी बहराइच से सांसद चुने गए।

केंद्र सरकार में संभालीं कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

आरिफ मोहम्मद खान ने अपने राजनीतिक सफर में केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह वर्ष 1982-83 में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में उपमंत्री रहे। इसके बाद कृषि, ऊर्जा, उद्योग एवं कंपनी मामलों और गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में भी उन्होंने काम किया।

वर्ष 1989 में वीपी सिंह सरकार के दौरान उन्हें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनाया गया। उन्होंने ऊर्जा मंत्रालय के साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। इस तरह केंद्रीय राजनीति में उनका अनुभव कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों तक फैला रहा।

शाहबानो प्रकरण में अपनी ही सरकार से जताई असहमति

आरिफ मोहम्मद खान के राजनीतिक जीवन का सबसे चर्चित अध्याय वर्ष 1986 का शाहबानो प्रकरण रहा। उस समय वह राजीव गांधी सरकार में मंत्री थे। सुप्रीम कोर्ट ने शाहबानो मामले में तलाकशुदा मुस्लिम महिला को गुजारा भत्ता देने के अधिकार से संबंधित फैसला सुनाया था। इस फैसले के बाद केंद्र सरकार ने संसद में मुस्लिम महिला (तलाक पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 1986 पारित कराया। आरिफ मोहम्मद खान ने सरकार के इस कदम का विरोध किया और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

अपनी ही सरकार के फैसले के खिलाफ उनका यह रुख उस समय राष्ट्रीय राजनीति में काफी चर्चा का विषय बना। उन्होंने संसद में भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का समर्थन किया था। इस प्रकरण ने उन्हें मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और धार्मिक सुधार के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखने वाले नेताओं में एक अलग पहचान दिलाई।

कई राजनीतिक दलों से जुड़ा रहा सफर

आरिफ मोहम्मद खान का राजनीतिक सफर कई अलग-अलग दलों से होकर गुजरा है। कांग्रेस से अलग होने के बाद वह वीपी सिंह के साथ जनता दल में शामिल हुए। वर्ष 1989 में जनता दल के टिकट पर चुनाव जीतकर वह फिर लोकसभा पहुंचे।

बाद में बहुजन समाज पार्टी से भी जुड़े और पार्टी में महासचिव की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2002 में गुजरात दंगों के बाद उत्तर प्रदेश में बसपा के भाजपा के साथ गठबंधन की संभावना के बीच उन्होंने बसपा छोड़ दी। हालांकि, वर्ष 2004 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। वर्ष 2007 में उन्होंने भाजपा भी छोड़ दी।

केरल और बिहार के राज्यपाल के रूप में निभाई जिम्मेदारी

राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार करने के बाद आरिफ मोहम्मद खान को सितंबर 2019 में केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्होंने 6 सितंबर 2019 को पदभार संभाला। केरल में अपने कार्यकाल के दौरान वह राज्य सरकार के साथ कई मुद्दों पर मतभेदों और सार्वजनिक चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में रहे।

इसके बाद 2 जनवरी 2025 को उन्होंने बिहार के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्होंने मार्च 2026 तक इस संवैधानिक पद की जिम्मेदारी निभाई। 14 मार्च 2026 को लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने बिहार के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली। 

लेखन और वैचारिक विमर्श में भी सक्रिय

राजनीति के अलावा आरिफ मोहम्मद खान की पहचान एक लेखक और विचारक के रूप में भी है। वर्ष 2010 में उनकी पुस्तक 'Text and Context: Quran and Contemporary Challenges' प्रकाशित हुई। इस पुस्तक में उनके विभिन्न लेखों और विचारों को शामिल किया गया है। वह धार्मिक सुधार, सामाजिक विषयों और समकालीन चुनौतियों पर लेख लिखते रहे हैं। विश्वविद्यालयों और विभिन्न मंचों पर उनके व्याख्यान भी चर्चा में रहते हैं।

शाहबानो प्रकरण के समय लिए गए उनके फैसले से लेकर राज्यपाल के रूप में उनकी संवैधानिक भूमिका तक, आरिफ मोहम्मद खान का सार्वजनिक जीवन कई महत्वपूर्ण घटनाओं और वैचारिक बहसों का हिस्सा रहा है। छात्र राजनीति से शुरू हुआ उनका सफर भारतीय राजनीति के कई महत्वपूर्ण पड़ावों से गुजरता हुआ आज भी उनकी अलग पहचान बनाए हुए है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

हैप्पी बर्थडे राहुल सिन्हा: इन खूबियों के दम पर पत्रकारिता में बनाई खास पहचान

मुरादाबाद से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर, ‘वीर अर्जुन’, जैन टीवी, सहारा समय और TV9 भारतवर्ष होते हुए Zee News तक पहुंचे राहुल सिन्हा को पत्रकारिता में करीब तीन दशक का अनुभव है।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
Rahul Sinha Zee News

भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता में कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर न्यूजरूम की जिम्मेदारियों और प्राइम टाइम एंकरिंग तक अपनी अलग पहचान बनाई है। वरिष्ठ पत्रकार और Zee News के प्राइम टाइम शो DNA (Daily News & Analysis) के होस्ट राहुल सिन्हा भी ऐसे ही नामों में शामिल हैं। आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनके लंबे पत्रकारिता सफर और करियर के महत्वपूर्ण पड़ावों पर एक नजर डालते हैं।

पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब तीन दशक का अनुभव रखने वाले राहुल सिन्हा ने अपने करियर में प्रिंट मीडिया से लेकर टेलीविजन न्यूज तक कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं। अलग-अलग मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने न्यूज इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। उनकी संपादकीय समझ, न्यूज रूम में नेतृत्व क्षमता, खबरों पर मजबूत पकड़ और प्राइम टाइम एंकरिंग का अंदाज उनकी पेशेवर पहचान को खास बनाता है। अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए वह पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

मुरादाबाद से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से ताल्लुक रखने वाले राहुल सिन्हा ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत हिंदी अखबार 'वीर अर्जुन' से की थी। प्रिंट मीडिया में कुछ समय काम करने के बाद उन्होंने टेलीविजन पत्रकारिता की ओर रुख किया और 'जैन टीवी' से जुड़ गए। यहां उन्होंने करीब चार साल तक काम किया। इसके बाद उन्होंने 'सहारा समय' के साथ अपनी नई पारी शुरू की। इन संस्थानों में काम करने के बाद वर्ष 2002 में राहुल सिन्हा ने Zee News के साथ अपने करियर का एक महत्वपूर्ण अध्याय शुरू किया।

Zee News के साथ करीब 18 साल की लंबी पारी

राहुल सिन्हा के करियर का एक बड़ा हिस्सा Zee News के साथ जुड़ा रहा है। वर्ष 2002 में इस संस्थान से जुड़ने के बाद उन्होंने करीब 18 वर्षों तक यहां विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। इस दौरान वह न्यूज रूम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़े रहे और इनपुट हेड की भूमिका भी संभाली। अगस्त 2020 में उन्होंने Zee News से अपनी लंबी पारी को विराम दिया और TV9 भारतवर्ष के साथ नई शुरुआत की। यहां उन्होंने एडिटर (असाइनमेंट) और बाद में इनपुट एडिटर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।

2024 में Zee News में हुई वापसी

Zee News से करीब चार साल दूर रहने के बाद राहुल सिन्हा अप्रैल 2024 में एक बार फिर इस संस्थान में लौट आए। इस बार उन्हें मैनेजिंग एडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस भूमिका में उन्हें चैनल के न्यूज ऑपरेशंस का नेतृत्व करने के साथ एडिटोरियल प्लानिंग और चैनल प्रोग्रामिंग से जुड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

DNA के जरिए प्राइम टाइम में नई जिम्मेदारी

अप्रैल 2025 में राहुल सिन्हा को Zee News के प्रमुख प्राइम टाइम कार्यक्रम DNA (Daily News & Analysis) को होस्ट करने और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली। इस कार्यक्रम के जरिए वह देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और समसामयिक घटनाओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करते हैं।

जन्मदिन के इस खास अवसर पर समाचार4मीडिया की ओर से वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिन्हा को हार्दिक शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए