डॉ. अमित आर्य को मिला ‘हरियाणा गौरव सम्मान’

पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह में सीजेआई ने किया सम्मानित।

Last Modified:
Sunday, 15 February, 2026
Amit Arya Award


दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य को शनिवार को ‘हरियाणा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया। डॉ. आर्य कई न्यूज चैनलों में संपादक रह चुके हैं और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार भी रहे हैं।

डॉ. अमित आर्य को यह सम्मान बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय हास्य कवि सम्मेलन एवं ‘हरियाणा गौरव सम्मान समारोह’ के दौरान प्रदान किया गया। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्य कांत ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए सम्मानित किया।

गौरतलब है कि डॉ. अमित आर्य मीडिया जगत का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। वर्ष 1994 में पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले डॉ. आर्य का इस क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का अनुभव है। डीएलसीसुपवा के कुलगुरु बनने से पहले वे केंद्रीय सूचना मंत्रालय, उत्तर क्षेत्र के सलाहकार रह चुके हैं। इससे पूर्व वे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सबसे लंबे समय तक मीडिया सलाहकार रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं।

बतौर पत्रकार डॉ. आर्य ने कई क्षेत्रीय और राष्ट्रीय चैनलों की स्थापना तथा उनके सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के रूप में उन्होंने पत्रकारों और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाई। पत्रकारों की पेंशन योजना शुरू करवाने, उनकी मान्यता प्रक्रिया को सरल बनाने, बीमा राशि में वृद्धि कराने तथा अन्य अनेक कल्याणकारी कार्यों के लिए भी उन्हें जाना जाता है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT से सुकुमार की विदाई के मौके पर भावुक हुए शशि शेखर, बोले- आपकी कमी खलेगी

हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने सोशल मीडिया पर साझा की पोस्ट, आर. सुकुमार को बताया अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Shashi Shekhar

हिन्दुस्तान टाइम्स निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ आर. सुकुमार की संस्थान से विदाई के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने भावुक पोस्ट साझा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने 17 साल के शानदार सफर, अनगिनत यादों और एक यादगार शाम का जिक्र करते हुए सुकुमार की तारीफ की। शशि शेखर ने उन्हें अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त बताया।

शशि शेखर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 17 साल का शानदार काम, अनगिनत यादें और आज की एक यादगार शाम के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि भले ही यह बदलाव अचानक हुआ है, लेकिन वह हर कदम पर सुकुमार के साथ हैं।

सुकुमार की तारीफ करते हुए शशि शेखर ने उन्हें उन बेहतरीन संपादकों में से एक बताया, जिन्हें उन्होंने जाना है। उन्होंने सुकुमार को अपना सच्चा दोस्त बताते हुए लिखा कि उनकी कमी खलेगी।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT की टीम ने सुकुमार रंगनाथन को दी विदाई, सोनल कालरा ने कही दिल छू लेने वाली बात

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Sonal Kalra Tweet

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी। इस मौके पर हिन्दुस्तान टाइम्स की चीफ मैनेजिंग एडिटर (एंटरटेनमेंट एंड लाइफस्टाइल) सोनल कालरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर उनके प्रति सम्मान जाहिर किया।

उन्होंने लिखा कि हिन्दुस्तान टाइम्स की लीडरशिप टीम सुकुमार को विदाई दे रही है। सोनल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, 'एडिटर-इन-चीफ तो कई होते हैं, लेकिन सुकुमार जैसा कोई नहीं।'

सोनल कालरा की इस पोस्ट में सुकुमार रंगनाथन के प्रति उनके सहयोगियों के सम्मान और उनके साथ जुड़ाव की झलक देखने को मिलती है। गौरतलब है कि सुकुमार रंगनाथन ने करीब दो दशक तक HT Media के साथ काम किया। वह बिजनेस अखबार मिंट (Mint) के संस्थापक संपादकों में शामिल रहे और बाद में हिन्दुस्तान टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2026 में उनके संस्थान छोड़ने की घोषणा हुई थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Tata Play के ब्रॉडबैंड कारोबार पर ACT की नजर, कीमत पर फंसा पेंच!

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
TATAPlay54454

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है। कंपनी इस कारोबार को बेचने के लिए एसीटी फाइबरनेट (ACT Fibernet) का संचालन करने वाली कंपनी एट्रिया कन्वर्जेंस टेक्नोलॉजीज (Atria Convergence Technologies) के साथ बातचीत कर रही है। 'इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों के बीच अभी कीमत को लेकर सहमति नहीं बन पाई है।

1,500 करोड़ रुपये की मांग, ACT का 800 करोड़ का प्रस्ताव

रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये मांग रही है, जबकि ACT इस कारोबार के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये देने को तैयार है। यानी दोनों कंपनियों की कीमत के आकलन में करीब 700 करोड़ रुपये का अंतर है। टाटा प्ले के इस कारोबार से करीब 6.5 लाख ग्राहक जुड़े हुए हैं।

हालांकि, अभी यह बातचीत शुरुआती स्तर पर है और सौदे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों कंपनियों ने इस संबंध में भेजे गए सवालों का जवाब भी नहीं दिया था।

घाटा कम हुआ, ब्रॉडबैंड कारोबार की आय बढ़ी

टाटा प्ले ब्रॉडबैंड के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का शुद्ध घाटा घटकर 78 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 101 करोड़ रुपये था। वहीं, इस दौरान कारोबार से होने वाली आय 383 करोड़ रुपये से बढ़कर 453 करोड़ रुपये हो गई।

दूसरी ओर, ACT के करीब 25 लाख ग्राहक हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 2,204 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 257 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ACT देश की सबसे बड़ी गैर-टेलीकॉम इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी है।

DTH कारोबार पर दबाव के बीच टाटा प्ले का कदम

टाटा प्ले का यह संभावित सौदा ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में पे-डीटीएच कारोबार लगातार दबाव का सामना कर रहा है। ग्राहक फ्री डिश और नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, यूट्यूब व जियोहॉटस्टार जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पे-डीटीएच ग्राहकों की संख्या अप्रैल-जून 2025 में करीब 5.6 करोड़ थी, जो अप्रैल-जून 2026 में घटकर 4.856 करोड़ रह गई। इसके बावजूद टाटा प्ले 30 फीसदी से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ इस क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है।

वित्त वर्ष 2026 में टाटा प्ले का कुल रेवेन्यू 13.5 फीसदी घटकर 3,530 करोड़ रुपये रह गया, जबकि कंपनी का शुद्ध घाटा 4.2 फीसदी बढ़कर 551 करोड़ रुपये हो गया। इससे पहले कंपनी ने भारती एयरटेल के साथ अपने डीटीएच कारोबार के संभावित विलय को लेकर भी बातचीत की थी, लेकिन यह किसी सौदे में नहीं बदल पाई।

ACT भी ब्रॉडबैंड कारोबार पर बढ़ा रही है फोकस

ACT भी अपने कारोबार को ब्रॉडबैंड सेवाओं पर केंद्रित कर रही है। इसी साल जून में कंपनी ने अपने सात केबल टीवी कारोबार जीटीपीएल हैथवे (GTPL Hathway) को 36 करोड़ रुपये में बेच दिए थे। इन कारोबारों के करीब 6 लाख ग्राहक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में थे।

अगर टाटा प्ले और ACT के बीच यह सौदा पूरा होता है, तो ACT को अपने ब्रॉडबैंड कारोबार का विस्तार करने का मौका मिलेगा। वहीं, टाटा प्ले अपने कारोबार के ढांचे में बदलाव कर सकती है। फिलहाल, दोनों कंपनियों के बीच कीमत को लेकर सहमति बनना इस संभावित सौदे का अहम पहलू होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 भारतवर्ष के एडिटर पारितोष चतुर्वेदी बसाने जा रहे हैं घर, हेमंत शर्मा ने यूं दी बधाई

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
Paritosh Chaturvedi

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह मकर संक्रांति के आसपास दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। इस बात की जानकारी टीवी9 भारतवर्ष के न्यूज डायरेक्टर और वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने पारितोष चतुर्वेदी को बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की है।

यहां आप हेमंत शर्मा की फेसबुक पोस्ट को हूबहू पढ़ सकते हैं-

मित्रों,

हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मॉंग पर….इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा. तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेगें. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होगें. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है.

कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है.

प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं.

मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोद पूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें.

जय जय

(वरिष्ठ पत्रकार और टीवी9 के न्यूज डायरेक्टर हेमंत शर्मा की फेसबुक वॉल से साभार)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

IWPC की वर्षगांठ पर जस्टिस सुधांशु धूलिया बोले- पत्रकारिता में मानवीय संवेदना सबसे जरूरी

इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स ने 21 नवंबर को अपनी 32वीं वर्षगांठ मनाई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
IWPPP

महिला पत्रकारों के प्रमुख संगठन इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स (IWPC) ने अपनी 32वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। जवाहर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का नाम ‘रूहानी रिश्ता’ रखा गया था। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मुख्य संबोधन दिया।

कार्यक्रम के दौरान जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने पहले जिस तरह जनता का भरोसा और सम्मान हासिल किया था, उसमें अब कमी आई है। उन्होंने खोजी पत्रकारिता के कमजोर पड़ने, टेलीविजन समाचारों की प्रस्तुति में बढ़ती असंवेदनशीलता और आम लोगों की गरिमा का ध्यान नहीं रखे जाने पर चिंता जताई।

पत्रकारिता में इंसानियत और संवेदनशीलता जरूरी

जस्टिस धूलिया ने अपने संबोधन में कहा कि एक अच्छे पत्रकार के लिए केवल स्वतंत्रता, साहस और अच्छी लेखन क्षमता ही पर्याप्त नहीं है। पत्रकारिता के केंद्र में इंसान और उसके प्रति संवेदना होनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों से युवा पत्रकारों को सही मार्गदर्शन देने और उनमें मानवीय मूल्यों को विकसित करने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरें प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों और मुद्दों को भी सामने लाना है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिलती। इस संदर्भ में उन्होंने आम लोगों, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों की कवरेज को अधिक संवेदनशीलता के साथ करने की जरूरत बताई।

निष्पक्षता और स्वतंत्रता के बीच अंतर पर भी रखी बात

जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता में निष्पक्षता (Objectivity) की पारंपरिक अवधारणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार के लिए स्वतंत्र (Independent), खुले विचारों वाला (Open-minded) और अपने पेशे के प्रति ईमानदार होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने रवांडा और गाजा में नरसंहार का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि ऐसी गंभीर मानवीय त्रासदियों की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकार पारंपरिक निष्पक्षता की अवधारणा को किस तरह लागू कर सकता है। उनके मुताबिक, पत्रकारिता में स्वतंत्रता, खुले विचारों और पेशे के प्रति ईमानदारी के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने टेलीविजन समाचारों में होने वाली बहसों के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, मेहमानों के साथ अभद्र व्यवहार करना और उन्हें आपस में भिड़ने के लिए उकसाना पत्रकारिता की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

AI और बदलती तकनीक भी पत्रकारिता के सामने चुनौती

अपने संबोधन में जस्टिस धूलिया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना के साथ छेड़छाड़ और पत्रकारों की नौकरियों से जुड़े सवालों को भी मौजूदा दौर की प्रमुख चुनौतियों में शामिल किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के बदलते दौर में पत्रकारिता के मूल्यों और विश्वसनीयता को बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने पत्रकारिता के ऐतिहासिक उदाहरणों का जिक्र करते हुए खोजी पत्रकारिता की अहमियत भी समझाई। उनके अनुसार, पत्रकारिता का मूल काम सत्ता से सवाल करना और सच को सामने लाना है। उन्होंने अपने परिवार की पत्रकारिता से जुड़ी पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया और बताया कि उनके दादा ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अखबार प्रकाशित किया था।

सूफी संगीत के लिए रखा गया था विशेष आयोजन

IWPC की 32वीं वर्षगांठ को ‘रूहानी रिश्ता’ नाम दिया गया था। इस अवसर पर ‘द रूहानी सिस्टर्स’ ने शानदार सूफी संगीत प्रस्तुति दी। इसके साथ ही IWPC की सदस्य और पत्रकार अनुराधा रमन की संगीतमय प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में समां बांध दिया। गौरतलब है कि IWPC की स्थापना वर्ष 1994 में हुई थी। यह संगठन महिला पत्रकारों और मीडिया प्रोफेशनल्स का प्रमुख मंच है। संगठन में 1,200 से अधिक सदस्य हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का निधन

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे।

Last Modified:
Sunday, 22 November, 2026
RajivKukreja542

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे। 21 नवंबर 2026 को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से रांची समेत झारखंड के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद राजीव कुकरेजा को पहले रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स में शिफ्ट किया गया, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी बीमारी की वास्तविक वजह या मेडिकल कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकारों, मीडिया संगठनों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की कार्यसमिति के सदस्य रहे कुकरेजा झारखंड में पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहते थे।

कई बड़े अखबारों में किया काम

राजीव कुकरेजा ने अपने लंबे पत्रकारिता करियर में झारखंड के कई प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया। उन्होंने अपने शुरुआती दौर में रांची एक्सप्रेस से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वह प्रभात खबर से जुड़े, जहां उन्होंने करीब दो दशक तक अपनी सेवाएं दीं। बाद में वह दैनिक भास्कर से जुड़े और वहां समाचार संपादक के रूप में काम कर रहे थे।

पत्रकारिता के साथ-साथ वह पत्रकार संगठनों में भी सक्रिय रहे। वह नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य थे और झारखंड जर्नलिस्ट यूनियन से भी जुड़े हुए थे। संगठन की बैठकों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।

रांची के पत्रकारिता जगत में शोक

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकार संगठनों और कई सामाजिक संस्थाओं ने भी शोक व्यक्त किया है। उनके सहयोगियों ने उन्हें एक अनुभवी पत्रकार और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद किया है। उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को बूटी मोड़ स्थित आवास ले जाया गया। इसके बाद हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकारों का स्नेह मिलन, चेम्सफोर्ड क्लब में हुआ आयोजन

इस स्नेह भोज के जरिए पत्रकारों को आपस में मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
Journalist Meeting

दिल्ली में रहने वाले मध्य प्रदेश मूल के पत्रकारों समेत कई वरिष्ठ पत्रकार हाल ही में राजधानी के चेम्सफोर्ड क्लब में एक साथ जुटे। इस अवसर पर उनके लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया।

इस आयोजन के सूत्रधार वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा, सुमित अवस्थी, दीपक चौरसिया, आलोक मेहता, अखिलेश शर्मा और प्रणय रहे। इस स्नेह भोज के जरिए पत्रकारों को आपस में मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला।

इस मिलन समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राजशेखर व्यास भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की गई अपनी पोस्ट में इस आयोजन की जानकारी दी। पोस्ट में उन्होंने अपने कई मित्रों और सहयोगियों का विशेष रूप से उल्लेख किया।

राजशेखर व्यास ने अपने संदेश में आयोजन के सूत्रधारों और वहां मौजूद मित्रों के प्रति स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि सभी मित्रों का स्नेह और उनसे मिलने का मोह ऐसा था कि वह चिकित्सा के बीच से समय निकालकर उनसे मिलने पहुंच गए। मुलाकात के बाद वह वापस अस्पताल लौट गए।

 

 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

निवेशकों की शिकायतों पर SEBI का एक्शन, निपटाईं हजारों शिकायतें, अब भी इतने मामले बाकी

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अक्टूबर 2026 में निवेशकों की 5,365 नई शिकायतें पहुंचीं।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
SEBI451

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अक्टूबर 2026 में निवेशकों की 5,365 नई शिकायतें पहुंचीं। वहीं, इस महीने सेबी ने कुल 5,975 शिकायतों का निपटारा किया। इनमें अक्टूबर में मिली नई शिकायतों के साथ-साथ पहले से लंबित शिकायतें भी शामिल थीं। सेबी की ओर से जारी 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, महीने के अंत में कुल 5,899 शिकायतें लंबित थीं।

दरअसल, 30 सितंबर 2026 तक सेबी के SCORES (SEBI Complaint Redressal System) पोर्टल पर निवेशकों की 6,509 शिकायतें लंबित थीं। अक्टूबर में 5,365 नई शिकायतें मिलने से शिकायतों की संख्या बढ़ी, लेकिन इसी दौरान सेबी ने कुल 5,975 शिकायतों का निपटारा भी किया। इस तरह अक्टूबर के अंत तक लंबित शिकायतों की संख्या घटकर 5,899 रह गई।

शिकायतों के निपटारे में कितना समय लगा?

सेबी के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में संबंधित संस्थाओं (Entities) ने निवेशकों की शिकायतों पर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट (Action Taken Report यानी ATR) देने में औसतन 9 दिन का समय लिया। वहीं, फर्स्ट लेवल रिव्यू वाली शिकायतों पर कार्रवाई रिपोर्ट देने में औसतन 4 दिन लगे।

SCORES 2.0 में कैसे होती है शिकायतों की सुनवाई?

सेबी के SCORES 2.0 सिस्टम के तहत निवेशकों की शिकायतें अपने आप संबंधित संस्था के पास भेज दी जाती हैं। संस्था को निवेशक को 21 दिनों के भीतर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) देनी होती है।

अगर निवेशक संस्था की ओर से दी गई कार्रवाई रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है, तो वह 15 दिनों के भीतर फर्स्ट लेवल रिव्यू के लिए आवेदन कर सकता है। इस दौरान शिकायत लंबित दिखाई देती है, भले ही संबंधित संस्था अपनी रिपोर्ट जमा कर चुकी हो।

फर्स्ट लेवल रिव्यू में संबंधित नामित संस्था (Designated Body) शिकायत की जांच करती है और अपनी कार्रवाई रिपोर्ट देती है। अगर निवेशक इस रिपोर्ट से भी संतुष्ट नहीं है, तो उसे 15 दिनों के भीतर सेकेंड लेवल रिव्यू का विकल्प चुनने का मौका मिलता है।

सेकेंड लेवल रिव्यू में शिकायत सेबी के पास पहुंचती है और सेबी इस पर अपनी कार्रवाई रिपोर्ट देता है। अगर निवेशक निर्धारित समय में रिव्यू का विकल्प नहीं चुनता है, तो शिकायत का निपटारा कर दिया जाता है। इसके अलावा, अगर निवेशक ऑनलाइन डिस्प्यूट रेजोल्यूशन (ODR) यानी ऑनलाइन विवाद समाधान प्रक्रिया का विकल्प चुनता है, तो शिकायत को SCORES पर निपटाया हुआ माना जाता है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में कंचन प्रसाद को नई जिम्मेदारी

भारतीय सूचना सेवा की अधिकारी कंचन प्रसाद ने 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में प्रकाशन विभाग की महानिदेशक का कार्यभार संभाल लिया है, इससे पहले वह केंद्रीय संचार ब्यूरो की महानिदेशक थीं।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
kanchanprasad

भारतीय सूचना सेवा (Indian Information Service – IIS) की अधिकारी कंचन प्रसाद (Kanchan Prasad) ने 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) के अंतर्गत प्रकाशन विभाग (Publications Division) की महानिदेशक (Director General) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

इस नियुक्ति से पहले कंचन प्रसाद नई दिल्ली में केंद्रीय संचार ब्यूरो (Central Bureau of Communication – CBC) की महानिदेशक के पद पर कार्यरत थीं।

नई नियुक्ति के साथ ही उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रकाशन विभाग के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रकाशन विभाग भारत के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय विकास से संबंधित जानकारी के प्रकाशन और प्रसार का कार्य करता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ में बजा चुनावी बिगुल, यहां देखें पूरा शेड्यूल

इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का चुनाव होगा।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
Press Club Of India...

पत्रकारों के प्रमुख संगठन ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ (PCI) में चुनावी बिगुल बज गया है। क्लब ने वर्ष 2026 के वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। क्लब की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, चुनाव 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को आयोजित किए जाएंगे।

इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का चुनाव होगा। 18 नवंबर 2026 को जारी यह नोटिस 26 सितंबर 2026 को हुई क्लब की स्थगित वार्षिक आम बैठक (AGM) की निरंतरता में जारी किया गया है।

23 नवंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

क्लब के महासचिव अफजल इमाम के हस्ताक्षर से जारी चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन पत्र 23 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 2 दिसंबर को शाम 5:30 बजे होगी। वहीं, नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगी, जिसकी समय-सीमा शाम 5:30 बजे निर्धारित की गई है। मतदान 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगा। इसके अगले दिन यानी 13 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से मतगणना शुरू होगी।

इन पदों के लिए होगा चुनाव

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव में पांच पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। इनमें एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक संयुक्त सचिव और एक कोषाध्यक्ष का पद शामिल है। इसके अलावा प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का भी चुनाव होगा।

बकाया चुकाने वाले साधारण सदस्य ही कर सकेंगे मतदान

नोटिस में मतदान के अधिकार को लेकर भी स्पष्ट जानकारी दी गई है। क्लब के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 25, 27 और 46 के अनुसार, प्रत्येक साधारण सदस्य मतदान के समय तक चेक या नकद के माध्यम से अपना बकाया जमा कराकर वोट डालने का पात्र होगा।

साथ ही, नामांकन पत्र पर प्रस्तावक और अनुमोदक के हस्ताक्षर से पहले उनका बकाया चुकाया होना जरूरी है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि क्लब के आर्टिकल 43 के तहत किसी भी मामले में प्रॉक्सी के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव संचालन के लिए एमएमसी शर्मा को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके अलावा सात अन्य चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें सुभाष चंदर, विनोद सेठी, जेआर नौटियाल, नीरज कुमार रॉय, मनीष बेहर, ई कृष्णा राव और अभिषेक प्रसाद शामिल हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए