राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने देशभर के लेखकों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए एक नई पहल शुरू की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने देशभर के लेखकों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत वे अपने मौलिक फिक्शन और नॉन-फिक्शन कंटेंट के आइडिया सोनी नेटवर्क्स के सामने पेश कर सकेंगे। इस पहल का मकसद देश में मौजूद नई प्रतिभाओं और कहानियों को पहचानना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने का मौका देना है।
इस पहल का नाम ‘वेव्स बाजार × SPNI कंटेंट क्रिएटर सबमिशन इनिशिएटिव’ रखा गया है। दोनों संस्थाओं ने 22 नवंबर को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
पांच भाषाओं में जमा कर सकेंगे आइडिया
इस पहल के तहत लेखक और क्रिएटर्स हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु और बांग्ला भाषा में अपने ओरिजिनल कंटेंट आइडिया जमा कर सकेंगे। इसमें फिक्शन सीरीज, प्रीमियम टीवी+ कंटेंट, रियलिटी शो, गेम और प्रतियोगिता आधारित कार्यक्रम, टैलेंट शो और अन्य नॉन-फिक्शन फॉर्मेट शामिल हैं।
यानी यह मौका सिर्फ फिल्म या सीरीज की कहानी लिखने वालों तक सीमित नहीं रहेगा। अलग-अलग तरह के मनोरंजन कार्यक्रमों के आइडिया रखने वाले क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस भी इसमें हिस्सा ले सकेंगे।
वेव्स बाजार पोर्टल के जरिए होगा आवेदन
इस पूरी प्रक्रिया को NFDC अपने वेव्स बाजार पोर्टल के जरिए संभालेगा। यहां जमा किए गए आइडिया को SPNI के साथ आपसी सहमति से तय मानकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। चुने गए आवेदकों को अपने आइडिया सीधे सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के सामने पेश करने के लिए बुलाया जाएगा।
हालांकि, आइडिया शॉर्टलिस्ट होने या उसे पेश करने का मौका मिलने का मतलब यह नहीं है कि उस पर प्रोजेक्ट बनना तय है। SPNI इन प्रस्तावों पर विचार करेगा और आगे उनके संभावित विकास का फैसला लेगा।
क्षेत्रीय कहानियों और नई प्रतिभाओं को मिलेगा मौका
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत NFDC का वेव्स बाजार एक ऐसा मंच है, जो रचनात्मक प्रतिभाओं को मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और संस्थाओं के साथ जोड़ता है। NFDC और SPNI की इस साझेदारी का उद्देश्य खासतौर पर क्षेत्रीय बाजारों से आने वाली नई प्रतिभाओं को अवसर देना और उनकी कहानियों को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाना है।
NFDC के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार के मुताबिक, IFFI दुनिया भर की कहानियों, संस्कृतियों और रचनात्मक आवाजों को एक मंच पर लाने का काम करता है। वहीं, NFDC के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह ने कहा कि यह सहयोग लेखकों, क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए अलग-अलग भाषाओं और फॉर्मेट में अपने मौलिक आइडिया पेश करने के नए रास्ते खोलेगा।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ गौरव बनर्जी का कहना है कि देश में रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार उनके आइडिया स्थापित मंचों तक नहीं पहुंच पाते। NFDC के साथ यह साझेदारी ऐसे लेखकों और क्रिएटर्स को अपने विचार सामने रखने का एक और अवसर देगी।
इस पहल के जरिए NFDC और सोनी नेटवर्क्स का लक्ष्य नए कंटेंट आइडिया तलाशना और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने के अवसर बढ़ाना है।
मीडिया एजेंसीज की भूमिका अब सिर्फ विज्ञापन की योजना बनाने और मीडिया स्पेस खरीदने तक सीमित नहीं रह सकती। उन्हें ब्रैंड्स के लिए बिजनेस कंसल्टिंग पार्टनर के रूप में काम करना होगा
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया एजेंसीज की भूमिका अब सिर्फ विज्ञापन की योजना बनाने और मीडिया स्पेस खरीदने तक सीमित नहीं रह सकती। उन्हें ब्रैंड्स के लिए बिजनेस कंसल्टिंग पार्टनर के रूप में काम करना होगा और यह साबित करना होगा कि उनकी रणनीतियों से कंपनियों की कमाई और मुनाफे में कितना योगदान मिल रहा है। यह कहना है डेंट्सु के साउथ एशिया CEO हर्ष राजदान (Harsha Razdan) का।
e4m Confluence 2026 में ‘From Media Buying to Business Building’ विषय पर आयोजित फायरसाइड चैट के दौरान हर्ष राजदान ने कहा कि कंपनियों के CEO और CFO की बदलती अपेक्षाओं के कारण मीडिया एजेंसीज और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर्स (CMOs) की जिम्मेदारियां भी बदल रही हैं।
उनके मुताबिक, अब एजेंसीज केवल विज्ञापन की पहुंच (Reach), कैंपेन की डिलीवरी और कम लागत जैसे आंकड़ों के आधार पर अपने काम को सही नहीं ठहरा सकतीं। उन्हें यह समझना होगा कि क्लाइंट के सामने कौन-सी कारोबारी चुनौतियां हैं और उनकी सेवाएं कंपनी की ग्रोथ व मुनाफे में किस तरह मदद कर सकती हैं।
हर्ष राजदान ने कहा, "आखिरकार मीडिया या क्रिएटिव एजेंसीज कंसल्टिंग का ही काम कर रही हैं। वे असल में कंसल्टिंग सेवाएं ही बेच रही हैं।" उन्होंने बताया कि मार्केटिंग और विज्ञापन का कारोबार भी अब तेजी से टेक्नोलॉजी आधारित कंसल्टिंग की दिशा में बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि CEO और CFO अब मार्केटिंग पर खर्च होने वाले हर रुपये का हिसाब मांग रहे हैं। ऐसे में CMO के लिए भी अपनी जिम्मेदारी बढ़ाना और बिजनेस के नतीजों के प्रति जवाबदेह बनना जरूरी हो गया है।
हर्ष राजदान के मुताबिक, कुछ CMO इस बदलाव को समझते हुए कंपनी की बड़ी रणनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन रहे हैं, जबकि कई अभी भी मार्केटिंग के पारंपरिक दायरे में काम कर रहे हैं।
उन्होंने प्रभाव के पैमाने पर CFO को 10 में से 7-8 अंक दिए, जबकि ज्यादातर CMO को 5 के आसपास रखा। हालांकि, उन्होंने कहा कि बदलते माहौल के साथ खुद को ढालने वाले कुछ CMO का प्रभाव 8-9 तक पहुंच चुका है।
एजेंसीज को समझनी होगी CEO की प्राथमिकता
हर्ष राजदान ने कहा कि कंपनियों के CEO की सबसे बड़ी प्राथमिकताएं बिजनेस की ग्रोथ, मुनाफा बढ़ाना और कैश फ्लो को बेहतर बनाना हैं। लेकिन कई बार ये प्राथमिकताएं मार्केटिंग टीमों और मीडिया एजेंसीज तक सही तरीके से नहीं पहुंच पातीं। इसका नतीजा यह होता है कि एजेंसीज बड़े कारोबारी लक्ष्यों के बजाय छोटे-छोटे डिलिवरेबल्स पर ध्यान देती हैं।
उन्होंने कहा कि एजेंसीज को सिर्फ क्लाइंट की ओर से तय किए गए मापदंडों पर खुद को नहीं आंकना चाहिए, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि वे क्लाइंट की ग्रोथ और मुनाफे में कितनी मदद कर रही हैं।
उनके मुताबिक, एजेंसीज को सिर्फ मार्केटिंग टीम तक अपने संबंध सीमित रखने के बजाय क्लाइंट कंपनी के शीर्ष नेतृत्व यानी CEO के साथ भी सीधे बातचीत करने की क्षमता विकसित करनी होगी। इसके लिए उन्हें अपनी टीम में बेहतर बिजनेस समझ और नए कौशल वाले लोगों को शामिल करना होगा।
मार्केटिंग के खर्च पर CFO की बढ़ रही नजर
हर्ष राजदान ने कहा कि मार्केटिंग के फैसलों में CFO की बढ़ती भूमिका का असर अब एजेंसी पिच और उनके काम करने के तरीके पर भी पड़ रहा है। पहले मार्केटिंग टीम अक्सर फाइनेंस टीम को खर्च मंजूर करने तक सीमित रखती थी, लेकिन अब CFO यह जानना चाहते हैं कि मार्केटिंग पर खर्च किए गए पैसे से कंपनी को क्या फायदा हुआ।
उन्होंने कहा कि आज कंपनियां यह देखना चाहती हैं कि मार्केटिंग से बिक्री और ग्रोथ कितनी बढ़ी, लागत कितनी कम हुई और कैश फ्लो पर क्या असर पड़ा। अगर मार्केटिंग टीम इन सवालों का जवाब नहीं दे पाती, तो मामला CFO तक पहुंच जाता है।
हर्ष राजदान के मुताबिक, कंपनियां अब एजेंसीज की क्षमता और मार्केटिंग निवेश का आकलन करने के लिए कंसल्टिंग फर्मों की भी मदद ले रही हैं। ऐसे में एजेंसीज को अपनी पिच में सिर्फ मीडिया और क्रिएटिव विशेषज्ञों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसे लोगों को भी शामिल करना चाहिए जिन्हें बिजनेस की अच्छी समझ हो।
भारत की जरूरतों के हिसाब से बनानी होगी टेक्नोलॉजी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी की भूमिका पर बात करते हुए हर्ष राजदान ने कहा कि डेंट्सु भारत में दो तरीकों से काम कर रही है। पहला, ग्लोबल टेक्नोलॉजी समाधानों को भारतीय बाजार के हिसाब से तैयार करना और दूसरा, भारत में ही ऐसी टेक्नोलॉजी विकसित करना, जिसका इस्तेमाल दूसरे देशों में भी किया जा सके।
उन्होंने डेंट्सु.Connect का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत के बाजार की जटिलताओं को देखते हुए इस ग्लोबल समाधान में बदलाव करने पड़े।
उनके मुताबिक, भारत में अलग-अलग नियम, डेटा प्राइवेसी और डेटा लोकलाइजेशन की जरूरतें हैं। खासकर फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में ग्लोबल टेक्नोलॉजी को बिना बदलाव के इस्तेमाल करना आसान नहीं है।
हर्ष राजदान ने कहा कि आज के दौर में भारत में विकसित टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के बिना काम करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि डेंट्सु ने परफॉर्मेंस, ऑडियंस इंटेलिजेंस और प्रोडक्ट इंटेलिजेंस से जुड़े कुछ टेक्नोलॉजी समाधान भारत में ही विकसित किए हैं, जिनका इस्तेमाल दूसरे देशों में भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में कई भाषाएं, अलग-अलग तरह के बाजार, उपभोक्ताओं की अलग-अलग पसंद और कीमतों को लेकर संवेदनशीलता है। ऐसे में यहां सफल होने वाला टेक्नोलॉजी समाधान दूसरे देशों में भी काम आ सकता है।
उन्होंने बेंगलुरु और मुंबई स्थित डेंट्सु के ग्लोबल सर्विसेज सेंटर्स का भी जिक्र किया, जहां टेक्नोलॉजी से जुड़े समाधान विकसित किए जा रहे हैं।
भविष्य की एजेंसी के लिए तीन चीजें जरूरी
आने वाले पांच साल में मीडिया एजेंसीज का स्वरूप कैसा होगा, इस सवाल पर हर्ष राजदान ने तीन अहम चीजों का जिक्र किया- बेहतर सोच, टेक्नोलॉजी और टैलेंट।
उन्होंने कहा कि एजेंसीज को सबसे पहले क्लाइंट की जरूरत और उसकी कारोबारी समस्या को समझना होगा। उन्हें सिर्फ अपनी सेवाएं बेचने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर एजेंसीज को क्लाइंट को यह सलाह भी देनी चाहिए कि फिलहाल विज्ञापन पर पैसा खर्च न करें या उस निवेश को किसी दूसरे समय के लिए बचाकर रखें।
दूसरी जरूरत ऐसी टेक्नोलॉजी व्यवस्था की है, जो एजेंसी के अपने प्लेटफॉर्म के साथ बाहरी टेक्नोलॉजी कंपनियों और क्लाइंट के समाधानों को भी जोड़ सके।
तीसरी जरूरत टीम में नए तरह के टैलेंट को शामिल करने की है। हर्ष राजदान के मुताबिक, एजेंसीज को FMCG और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों से भी प्रोफेशनल्स को अपनी टीम में लाना चाहिए, ताकि उन्हें क्लाइंट के कारोबार और उसकी जरूरतों की बेहतर समझ हो।
उन्होंने कहा, "अगर वही लोग वही काम करते रहेंगे, तो नतीजे भी वही मिलेंगे।" उनके मुताबिक, एजेंसीज को अलग-अलग अनुभव और कौशल वाले लोगों के लिए अपने दरवाजे खोलने होंगे। साथ ही युवा प्रोफेशनल्स को भी आगे बढ़ने के मौके देने चाहिए और कर्मचारियों को लंबे समय तक एक ही भूमिका में नहीं रखना चाहिए।
मीडिया, टेक्नोलॉजी और कंसल्टिंग का बढ़ेगा मेल
भारतीय मीडिया सर्विसेज के भविष्य पर बात करते हुए हर्ष राजदान ने कहा कि टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग और कंसल्टिंग के बीच बढ़ता तालमेल इंडस्ट्री में बड़े बदलाव लाएगा। कंसल्टिंग कंपनियां जहां मीडिया और मार्केटिंग के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं, वहीं मीडिया कंपनियां भी टेक्नोलॉजी में निवेश कर रही हैं। इससे इन कारोबारों के बीच की पारंपरिक सीमाएं धीरे-धीरे कम होंगी।
उन्होंने कहा कि एजेंसीज को यह भी समझना होगा कि हर समस्या का समाधान उनके पास ही नहीं है। उन्हें बाहरी विशेषज्ञों और अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ मिलकर काम करना सीखना होगा। मीडिया एजेंसीज को बोर्डरूम में जगह मिलने के सवाल पर हर्ष राजदान ने कहा कि इंडस्ट्री को अभी इस दिशा में काफी काम करना बाकी है।
उन्होंने कहा, "हमें लगता है कि हमें बोर्डरूम में जगह मिल गई है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि अभी हमें वहां उतनी अहम जगह मिली है।" उनके मुताबिक, एजेंसीज को अपनी क्षमता बढ़ाने, नई प्रतिभाओं को जोड़ने और कंपनी के बड़े कारोबारी फैसलों में अपनी उपयोगिता साबित करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को यह स्वीकार करना होगा कि उसके पास अभी हर सवाल का जवाब नहीं है। बदलते दौर में प्रासंगिक बने रहने के लिए एजेंसीज को लगातार खुद को बेहतर बनाना होगा।
मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर की कंपनी सनगोल्ड मीडिया एंड एंटरटेनमेंट लिमिटेड (Sungold Media and Entertainment Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर की कंपनी सनगोल्ड मीडिया एंड एंटरटेनमेंट लिमिटेड (Sungold Media and Entertainment Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई छमाही में कंपनी का मुनाफा बढ़ा है, जबकि उसकी कुल आय में गिरावट दर्ज की गई है।
कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान उसका नेट प्रॉफिट बढ़कर 1.96 लाख रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी ने 1.42 लाख रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस तरह मुनाफे में करीब 37.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
हालांकि, इस दौरान कंपनी की कुल आय घटकर 42.57 लाख रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 48.24 लाख रुपये थी। इसमें अन्य आय भी शामिल है। वहीं, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 40.48 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 43.34 लाख रुपये था।
कंपनी के कुल खर्च में भी कमी आई है। अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कुल खर्च 39.95 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी छमाही में यह 46.34 लाख रुपये था। इस दौरान कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा बढ़कर 2.61 लाख रुपये हो गया, जो पिछले साल 1.90 लाख रुपये था।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 22 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में इन अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी थी। बैठक दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई और 2:45 बजे समाप्त हुई। कंपनी के वित्तीय नतीजों की सीमित समीक्षा (Limited Review) रिपोर्ट भी जारी की गई है।
फिल्म निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड (Panorama Studios International Limited) ने हिंदी फिल्म ‘लव ऑल’ (Love All) के सभी अधिकार खरीद लिए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्म निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड (Panorama Studios International Limited) ने हिंदी फिल्म ‘लव ऑल’ (Love All) के सभी अधिकार खरीद लिए हैं। कंपनी ने इसके लिए फिल्मार्ट प्रोडक्शंस एलएलपी (Filmart Productions LLP) के साथ बायआउट असाइनमेंट एग्रीमेंट किया है।
कंपनी ने 23 नवंबर को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि इस समझौते के तहत उसे फिल्म ‘लव ऑल’ के भारत समेत दुनियाभर के सभी अधिकार हमेशा के लिए मिल गए हैं। यानी इन अधिकारों की कोई तय समय-सीमा नहीं होगी।
इस फिल्म में के.के. मेनन (Kay Kay Menon), श्रीस्वरा (Shriswara), स्वास्तिका मुखर्जी (Swastika Mukherjee), सुमित अरोड़ा (Sumit Arora), अर्क जैन (Ark Jain) और अन्य कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सुधांशु शर्मा (Sudhanshu Sharma) ने किया है।
पैनोरमा स्टूडियोज ने यह जानकारी सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत शेयर बाजार को दी है। हालांकि, कंपनी ने इस समझौते की वित्तीय रकम या अन्य शर्तों का खुलासा नहीं किया है।
इससे पहले वह News9 में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (बिजनेस) और TV9 नेटवर्क में मैनेजिंग डायरेक्टर के कार्यालय में वाइस प्रेजिडेंट (प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एनडीटीवी (NDTV) ने कार्तिक मल्होत्रा को सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) नियुक्त किया है। अपनी नई भूमिका में वह नेटवर्क के ब्रैंड कोलैबोरेशन और स्पेशल प्रोजेक्ट्स स्टूडियो NDTV CoLab के तहत नई पहल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कार्तिक मल्होत्रा को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत और विदेशों में कई बड़े प्रोजेक्ट्स की परिकल्पना और उन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके अलावा, उन्होंने ब्रैंडेड कंटेंट बिजनेस को शुरुआत से तैयार करने, बड़ी टीमों का नेतृत्व करने और नई संपादकीय व व्यावसायिक इकाइयों को शुरू कर उन्हें विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई है।
NDTV से जुड़ने से पहले कार्तिक मल्होत्रा News9 में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (बिजनेस) और TV9 नेटवर्क में मैनेजिंग डायरेक्टर के कार्यालय में वाइस प्रेजिडेंट (प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने जर्मनी, दुबई और नई दिल्ली में आयोजित News9 ग्लोबल समिट के विभिन्न संस्करणों पर काम किया। इसके साथ ही 'What India Thinks Today' और 'The SHEconomy Agenda' जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से भी जुड़े रहे।
उन्होंने बिजनेस प्रोग्रामिंग की एंकरिंग और एडिटिंग भी की। इसके अलावा, साप्ताहिक टेक्नोलॉजी शो 'The AI Report' में भी योगदान दिया। वह News9, Money9 और TV9 2.0 की बिजनेस स्ट्रैटेजी और प्रोडक्ट रोडमैप तैयार करने से भी जुड़े रहे। इससे पहले वह Money9 में एग्जिक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
कार्तिक मल्होत्रा इससे पहले नेटवर्क18 (Network18) में एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) और सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रोड्यूसर के पद पर भी काम कर चुके हैं। यहां उन्होंने CNBC-TV18, CNN-News18, Forbes India और Moneycontrol के लिए ब्रैंडेड आईपी (IP) से जुड़े प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अलग-अलग लोकेशन पर काम करने वाले 60 से अधिक एंकर, प्रोड्यूसर, क्रिएटिव डायरेक्टर और प्रोजेक्ट मैनेजर की टीम का नेतृत्व किया।
टाइम्स नेटवर्क (Times Network) में अपने कार्यकाल के दौरान वह ET NOW की लॉन्चिंग से लेकर उसे नंबर-1 स्थान तक पहुंचाने की यात्रा का हिस्सा रहे। बाद में उन्होंने Times Avenues (अब Times Influence) के ऑपरेशंस हेड के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस ब्रैंडेड कंटेंट डिवीजन को स्थापित करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने CNBC-TV18 और करण थापर की ITV Productions में काम किया। ITV Productions में रहते हुए उन्होंने BBC के लिए भी कार्यक्रम तैयार किए।
कार्तिक मल्होत्रा की नियुक्ति पर NDTV के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि NDTV CoLab ऐसा मंच है, जहां NDTV की पत्रकारिता की विश्वसनीयता और बड़े ब्रांड्स व संस्थानों की महत्वाकांक्षाएं एक साथ आती हैं। इसे आगे बढ़ाने के लिए ऐसे संपादकों की जरूरत है, जो न्यूजरूम के साथ-साथ बेहतरीन आईपी तैयार करने के व्यावसायिक पक्ष को भी समझते हों।
उन्होंने कहा कि कार्तिक मल्होत्रा के पास समाचारों की अच्छी समझ, अर्थव्यवस्था और बाजारों की गहरी जानकारी तथा बड़े स्तर पर नए मंच तैयार करने का अनुभव है। राहुल कंवल ने NDTV परिवार में उनका स्वागत करते हुए खुशी जताई।
वहीं, अपनी नियुक्ति पर कार्तिक मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता में NDTV विश्वसनीयता का पर्याय है। आज ब्रांड्स के साथ बेहतर साझेदारी का आधार सार्थक काम है, जिसमें सही लोगों को एक मंच पर लाना, महत्वपूर्ण सवाल पूछना और ऐसी कहानियां सामने लाना शामिल है, जो मायने रखती हैं।
उन्होंने कहा कि NDTV CoLab बड़े स्तर पर इस तरह के काम को आगे बढ़ाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। वह अपने सहयोगी ब्रैंड्स के लिए विशिष्ट नए प्रोजेक्ट्स तैयार करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वर्कफ्लो सहित नई तकनीक का इस्तेमाल कर उन्हें अधिक तेजी और प्रभाव के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।
कंपनी ने भरत राम को प्रमोट कर COO–Digital बनाया, अब वह ईशान चटर्जी को रिपोर्ट करेंगे। प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन बिजनेस की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी जियोस्टार (JioStar) में नेतृत्व के स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी ने अपने डिजिटल बिजनेस पोर्टफोलियो की जिम्मेदारी अब स्पोर्ट्स बिजनेस के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) ईशान चटर्जी को सौंप दी है। यह बदलाव कंपनी के पूर्व CEO–Digital किरण मणि के कंपनी छोड़ने के बाद किया गया है। कंपनी के शीर्ष सूत्रों ने हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (e4m) से इसकी पुष्टि की है।
इस बदलाव के तहत कंपनी के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर (CPO) भरत राम को प्रमोट कर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर–डिजिटल (COO–Digital) बनाया गया है। नई जिम्मेदारी में वह ईशान चटर्जी को रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा, उनकी JioStar के वाइस-चेयरपर्सन उदय शंकर के साथ डॉटेड-लाइन रिपोर्टिंग भी होगी।
भरत राम की जिम्मेदारियों का दायरा पहले के मुकाबले काफी बढ़ाया गया है। अब उनके पास प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन बिजनेस सहित कई अहम विभागों की जिम्मेदारी होगी। वह इन सभी कार्यों का संचालन करेंगे और कंपनी के एंटरटेनमेंट तथा स्पोर्ट्स बिजनेस के व्यावसायिक परिणामों के लिए भी जवाबदेह होंगे।
डिजिटल बिजनेस के नेतृत्व ढांचे में बदलाव
जियोस्टार में यह बदलाव डिजिटल कारोबार के नेतृत्व ढांचे को नए सिरे से व्यवस्थित करने की दिशा में अहम है। किरण मणि के कंपनी छोड़ने के बाद डिजिटल बिजनेस के नेतृत्व की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। मणि ने इस साल की शुरुआत में कंपनी से विदाई ली थी और बाद में OpenAI में एशिया प्रशांत क्षेत्र के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में जुड़े।
नवंबर 2024 में Star India और Viacom18 के विलय के बाद JioStar के नेतृत्व ढांचे की घोषणा की गई थी। उस समय कंपनी में तीन प्रमुख अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। केविन वाज को एंटरटेनमेंट, किरण मणि को डिजिटल और संजोग गुप्ता को स्पोर्ट्स बिजनेस की जिम्मेदारी दी गई थी। अब नए बदलाव के तहत ईशान चटर्जी स्पोर्ट्स बिजनेस के साथ-साथ डिजिटल पोर्टफोलियो की निगरानी भी करेंगे। वहीं, भरत राम डिजिटल बिजनेस के दैनिक संचालन और उससे जुड़े अहम कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नई व्यवस्था में भरत राम प्रोडक्ट, एनालिटिक्स और डिजाइन का काम जारी रखेंगे। इसके साथ ही इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर, Jio Ads, डिजिटल पार्टनरशिप और सब्सक्रिप्शन वीडियो ऑन डिमांड (SVOD) की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी। वह एंटरटेनमेंट CEO केविन वाज के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि डिजिटल बिजनेस को कंपनी के एंटरटेनमेंट ऑपरेशंस के साथ बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके।
SVOD और प्रोडक्ट की जिम्मेदारी में भी बदलाव
इस पुनर्गठन के तहत SVOD बिजनेस की जिम्मेदारी भी भरत राम को दी गई है। इससे पहले यह काम कंपनी के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) सुशांत श्रीराम के पास था। वहीं, कंपनी में EVP–Product, Monetisation and New Bets के पद पर कार्यरत आकाश गुप्ता अब प्रोडक्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे और भरत राम को रिपोर्ट करेंगे। इस तरह JioStar ने डिजिटल बिजनेस से जुड़े प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, विज्ञापन, सब्सक्रिप्शन और इंजीनियरिंग जैसे महत्वपूर्ण विभागों को एक ही संचालन ढांचे के तहत लाने की व्यवस्था की है।
टेक्नोलॉजी और डिजिटल मीडिया में लंबा अनुभव रखते हैं भरत राम
भरत राम को टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, विज्ञापन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव है। JioStar से जुड़ने से पहले वह Flipkart में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। वहां उन्होंने प्रोडक्ट, डिजाइन, डेटा साइंस और इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों का नेतृत्व किया। उनका फोकस प्लेटफॉर्म की ग्रोथ और ग्राहकों को बनाए रखने पर था।
वर्ष 2020 में करीब 22 साल अमेरिका में रहने के बाद वह भारत लौटे थे। इससे पहले वह माइक्रोसॉफ्ट, एमेजॉन प्राइम वीडियो और इंस्टाग्रामजैसी वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों में काम कर चुके हैं। माइक्रोसॉफ्ट में उन्होंने प्रोडक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करते हुए प्राइसिंग स्ट्रैटेजी और खरीदारी के अनुभव से जुड़े कार्य संभाले। एमेजॉन प्राइम वीडियो में उन्होंने कनेक्टेड टीवी और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट डिस्कवरी और पर्सनलाइजेशन से जुड़े प्रोडक्ट मैनेजमेंट का नेतृत्व किया।
इसके बाद इंस्टाग्राम में वह शुरुआती प्रोडक्ट मैनेजर्स में शामिल रहे और वहां विज्ञापन से जुड़े प्रोडक्ट पर काम किया। करीब पांच साल के अपने कार्यकाल में उन्होंने Instagram Core Ads के हेड ऑफ प्रोडक्ट की जिम्मेदारी संभाली और प्लेटफॉर्म की विज्ञापन से कमाई की रणनीति तथा प्रोडक्ट डेवलपमेंट में योगदान दिया।
जियोस्टार में भी भरत राम जियोहॉटस्टार के कंज्यूमर एक्सपीरियंस, एडवर्टाइजिंग टेक्नोलॉजी और डिजाइन क्षमताओं को विकसित करने से जुड़े रहे हैं। इस दौरान उनका फोकस कंटेंट डिस्कवरी, पर्सनलाइजेशन और मोबाइल व कनेक्टेड टीवी पर यूजर एंगेजमेंट को बेहतर बनाने पर रहा है।
बी. सुरेंदर ने रेड एफएम से अपना पद छोड़ दिया है। वह चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत थे और नेटवर्क के साथ उनका जुड़ाव दो दशक से अधिक रहा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बी. सुरेंदर (B Surendar) ने रेड एफएम (Red FM) से अपना पद छोड़ दिया है। वह रेड एफएम में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (Chief Operating Officer) और डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत थे। नेटवर्क के साथ उनका जुड़ाव दो दशक से अधिक समय का रहा, जहां उन्होंने सेल्स और ऑपरेशंस से जुड़े कई अहम पदों पर काम किया।
सुरेंदर ने अप्रैल 2018 में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले, अप्रैल 2013 से मार्च 2018 तक उन्होंने पांच साल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के तौर पर काम किया।
दिसंबर 2008 से मार्च 2013 के बीच वह सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और नेशनल सेल्स हेड की भूमिका में रहे। रेड एफएम के साथ उनका सफर दिसंबर 2005 में नेशनल सेल्स हेड के तौर पर शुरू हुआ था।
रेड एफएम से पहले सुरेंदर द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) के साथ नौ साल से अधिक समय तक जुड़े रहे। यहां उन्होंने मई 2000 से नवंबर 2005 तक जनरल मैनेजर और जून 1996 से अप्रैल 2000 तक सीनियर मैनेजर के तौर पर काम किया। इस दौरान उनकी जिम्मेदारियां दिल्ली और बेंगलुरु में रही थीं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अनु ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से भारत एक्सप्रेस से अलग होने का फैसला लिया है। फिलहाल वह कुछ समय का ब्रेक लेंगी और इस दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) न्यूज नेटवर्क और यहां कार्यरत HR हेड अनु की राहें अब अलग हो गई हैं। संस्थान में करीब डेढ़ साल तक मानव संसाधन विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद अनु ने भारत एक्सप्रेस से हाल ही में विदाई ले ली है।
इस मौके पर भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के CMD एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय की ओर से शुभकामनाएं दी गईं। उनकी तरफ से डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय ने अनु को मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर डायरेक्टर संजय स्नेही, सीईओ डिजिटल प्रशांत कुमार, डिप्टी मैनेजिंग एडिटर शैलेंद्र झा, सीएमडी सेक्रेटेरिएट प्रमुख अनिल सूदन, एकाउंट्स हेड संतोष जोशी और क्राइम एडिटर अतुल यादव सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अनु ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से भारत एक्सप्रेस से अलग होने का फैसला लिया है। फिलहाल वह कुछ समय का ब्रेक लेंगी और इस दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं। उन्होंने भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय और संस्थान के सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यहां काम करते हुए उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला।
अनु मई 2025 में भारत एक्सप्रेस से जुड़ी थीं। यहां HR हेड के रूप में उन्होंने संस्थान में प्रतिभाओं के चयन, एंप्लॉयीज के प्रशिक्षण एवं विकास, प्रदर्शन प्रबंधन और संगठनात्मक विकास से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
अनु को ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, लीडरशिप डेवलपमेंट और ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट के क्षेत्र में अनुभव है। भारत एक्सप्रेस से पहले वह ऑस्ट्रेलिया स्थित LinkUp Australia में CEO एवं HR Manager के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने अप्रैल 2021 से दिसंबर 2024 तक वहां अपनी सेवाएं दीं।
इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की Ingkerreke Commercial और Central Desert Regional Council जैसी संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। अनु ICF सर्टिफाइड लाइफ कोच हैं और उन्होंने चार्ल्स डार्विन यूनिवर्सिटी से Human Resource Management में पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्राप्त किया है।
बिसलेरी ने FSSAI की कार्रवाई के बाद अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को सुरक्षित बताया है। कंपनी ने गोवा प्लांट के सैंपल की जांच पर सवाल उठाते हुए रिपोर्ट का हवाला दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (Packaged Drinking Water) की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बीच बिसलेरी (Bisleri) ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और उसकी निर्माण प्रक्रिया में गुणवत्ता की सख्त जांच की जाती है।
यह जवाब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ अभियोजन (Prosecution) शुरू करने की मंजूरी दिए जाने के बाद आया है। 23 नवंबर 2026 को जारी बयान में बिसलेरी ने कहा कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है। कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को एफएसएसएआई ने वहां से छह सैंपल लिए थे।
शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने बताया कि उसने 22 नवंबर 2025 को शुरुआती जांच के नतीजे के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया।
बिसलेरी के अनुसार, इस जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली, लेकिन लैब ने पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी दर्ज की और सैंपल को असुरक्षित घोषित किया।
बिसलेरी ने इसी सैंपल की जांच एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब से भी कराई। कंपनी का कहना है कि वहां भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। उसने 2 फरवरी 2026 को इस रिपोर्ट को एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराया था।
बिसलेरी ने दावा किया कि रिपोर्ट जमा कराने के बाद उसे एफएसएसएआई की ओर से कोई जवाब या आगे की सूचना नहीं मिली। कंपनी के मुताबिक, उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस भी नहीं मिला और वह नियामक की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस नहीं खोज पाई। इसी वजह से कंपनी ने मामले को बंद समझ लिया था।
दूसरी ओर, एफएसएसएआई का कहना है कि शुरुआती जांच में सैंपल ब्रोमेट की निर्धारित सीमा पर खरा नहीं उतरा और अपील के बाद रेफरल लैब ने उसमें PAHs की मौजूदगी पाई। नियामक ने इन लैब नतीजों के आधार पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी है।
कंपनी ने यह भी दावा किया कि उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। बिसलेरी ने कहा है कि वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी और उचित प्रक्रिया के तहत इस मामले का जवाब देगी।
Airbnb भारत में गोवा जैसे पर्यटन केंद्रों से आगे छोटे शहरों, धार्मिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों में होमस्टे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी स्थानीय लोगों को पर्यटन कारोबार से जोड़ेगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारत में घरेलू पर्यटन की बढ़ती मांग को देखते हुए एयरबीएनबी (Airbnb) अब अपने कारोबार का विस्तार पारंपरिक पर्यटन स्थलों से आगे करने की तैयारी में है।
कंपनी की नजर वाराणसी, अमृतसर और श्रीनगर जैसे शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर भी है। इसके जरिए कंपनी ज्यादा स्थानीय लोगों को होमस्टे कारोबार (Homestay Business) से जोड़ना चाहती है।
22 नवंबर 2026 को प्रकाशित पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबीएनबी इंडिया के कंट्री मैनेजर अमनप्रीत बजाज (Amanpreet Bajaj) ने बताया कि कंपनी की आगे की रणनीति में बेहतर ठहरने के विकल्प बढ़ाना, स्थानीय उद्यमियों को प्लेटफॉर्म से जोड़ना और यात्रियों को रहने के अलावा नए अनुभव तथा सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है।
कंपनी अब गोवा जैसे स्थापित पर्यटन केंद्रों और पारंपरिक हिल स्टेशनों के अलावा धार्मिक, सांस्कृतिक और ग्रामीण पर्यटन स्थलों में भी संभावनाएं देख रही है। कांगड़ा, ईस्ट खासी हिल्स और श्रीनगर में यात्रियों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
वहीं वाराणसी और अमृतसर महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों के रूप में उभर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के हिल स्टेशनों में भी कंपनी बेहतर आवास सुविधाओं का विस्तार करना चाहती है।
एयरबीएनबी के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में भारतीय मेहमानों की 85 फीसदी से अधिक बुकिंग घरेलू यात्राओं के लिए थी। इसी अवधि में पहली बार बुकिंग करने वाले ग्राहकों में लगभग 70 फीसदी जेन जी (Gen Z) से थे। कंपनी इस युवा यात्री वर्ग की बदलती पसंद को भी अपनी रणनीति में शामिल कर रही है।
एयरबीएनबी का जोर सिर्फ नए स्थानों पर कमरे उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। कंपनी चाहती है कि पर्यटन से स्थानीय युवाओं, कारीगरों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी कमाई का अवसर मिले।
होमस्टे में ठहरने वाले पर्यटकों को स्थानीय परिवहन, हस्तशिल्प, बाजार और रेस्टोरेंट जैसी सेवाओं की जरूरत होती है। इससे पर्यटन का आर्थिक लाभ आसपास के समुदायों तक पहुंच सकता है।
कंपनी ने ग्रामीण गुजरात में स्वयं-रोजगार महिला संघ (Self-Employed Women's Association-SEWA) के साथ अपनी साझेदारी का भी जिक्र किया। इसके तहत महिलाओं को अपने घर पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराने और मेजबानी की ट्रेनिंग दी गई है।
गोवा में एयरबीएनबी एंटरप्रेन्योरशिप अकादमी (Airbnb Entrepreneurship Academy) भी शुरू की गई है, जहां संभावित होमस्टे संचालकों को आतिथ्य से जुड़ी जानकारी दी जाती है।
कंपनी अपनी तकनीकी सुविधाओं को भी मजबूत कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स पेश किए जा रहे हैं, जिनकी मदद से यात्री घरों को खोजने, फिल्टर करने और उनकी तुलना करने में आसानी महसूस कर सकेंगे। होस्ट के लिए भी घर की लिस्टिंग, कीमत तय करने और कमाई का हिसाब देखने जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
गौरतलब है कि 28 सितंबर 2026 को एयरबीएनबी ने पर्यटन मंत्रालय (Ministry of Tourism) के साथ दो साल का समझौता ज्ञापन (MoU) किया था। इसके तहत होमस्टे संचालकों को ट्रेनिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने पर काम होगा।
मीडिया और विज्ञापन जगत से जुड़ी मणिनी ठाकुर (Manini Thakur) ने पब्लिसिस ग्रुप (Publicis Groupe) से अलग होने का फैसला किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और विज्ञापन जगत से जुड़ी मणिनी ठाकुर (Manini Thakur) ने पब्लिसिस ग्रुप (Publicis Groupe) से अलग होने का फैसला किया है। वह इस नेटवर्क के साथ नौ साल से ज्यादा समय से जुड़ी हुई थीं। उनकी पिछली जिम्मेदारी स्टारकॉम इंडिया (Starcom India) में सीनियर डायरेक्टर की थी।
मणिनी ठाकुर ठाकुर ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने पब्लिसिस ग्रुप के साथ अपने सफर को याद करते हुए बताया कि साल 2017 में इस ग्रुप से जुड़ने के बाद उन्होंने कॉन्वोनिक्स (Convonix), स्टारकॉम (Starcom) और स्पार्क फाउंड्री (Spark Foundry) के साथ काम किया।
मणिनी ठाकुर को डिजिटल विज्ञापन के क्षेत्र में 16 साल से ज्यादा का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्लानिंग, डिजिटल मीडिया सॉल्यूशंस और अकाउंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम किया है।
पब्लिसिस ग्रुप से जुड़ने से पहले मणिनी ठाकुर ठाकुर करीब दो साल तक आइसोबार (Isobar) में मीडिया ग्रुप हेड के पद पर थीं। इसके अलावा वह टैपसेंस (TapSense), एक्सपोनेंशियल इंक. - ट्राइबल फ्यूजन (Exponential Inc. - Tribal Fusion), आरके स्वामी बीबीडीओ - हंसा इवेंट्स एंड एक्टिवेशंस (R K Swamy BBDO - Hansa Events & Activations) और टाइम्स इंटरनेट (Times Internet) जैसी कंपनियों के साथ भी काम कर चुकी हैं।